भारी वर्षा व बाढ़ का कहर: मप्र के जावरा में 10 इंच बारिश, गुजरात में भी झमाझम, जानिए मौसम का हाल
देश के कई राज्यों खासकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश व गुजरात में भारी वर्षा का दौर जारी है। मप्र में लगातार चौथे दिन भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में कई मार्गों को बंद कर दिया गया है।
विस्तार
देश के पश्चिम राज्यों खासकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश व गुजरात में बीते तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। हालांकि महाराष्ट्र में कुछ हिस्सों में राहत मिली है। मध्यप्रदेश के 13 जिलों में सोमवार को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। राज्य के रतलाम जिले के जावरा में बीते 24 घंटे में 10 इंच से ज्यादा वर्षा हुई। उधर, गुजरात के कई जिलों में भारी वर्षा के बाद 56 मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।
भोपाल स्थित मौसम कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि लगातार चौथे दिन प्रदेश में भारी वर्षा का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह 13 जिलों के लिए मंगलवार सुबह तक के लिए है। इस दौरान संबंधित जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
यहां हो सकती है भारी बारिश
मप्र के अधिकांश हिस्से में बीते चार दिनों में बारिश हो रही है। जिन 13 जिलों में भारी बारिश, गरज के साथ बारिश होने व बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है वो हैं-ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, राजगढ़, आगर मालवा, नीमच, मंदसौर व टीकमगढ़।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक और सिस्टम
साहा ने बताया कि जुलाई अंत से मध्यप्रदेश में अच्छ बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है, क्योंकि उत्तरी बंगाल की खाड़ी में 28 जुलाई को एक और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। बीते 24 घंटे में मप्र के लगभग सभी क्षेत्रों में बारिश हुई। पश्चिमी मप्र के रतलाम जिले के जावरा में सर्वाधिक 260 मिमी तो पूर्वी हिस्से के छतरपुर में 42.4 मिमी बारिश हुई।
गुजरात के कई जिलों में भारी वर्षा
उधर, गुजरात के कई जिलों में भारी वर्षा हो रही है। इस कारण राज्य सरकार ने 56 मार्गों से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। बीते 24 घंटे में राजकोट जिले के लोधिका तालुका में सबसे ज्यादा 198 मिमी बारिश हुई। वहीं छोटा उदयपुर जिले में 190 मिमी, छोटा उदयपुर के क्वांट में 182 मिमी, मेहसाणा के बेचाराजी में 160 मिमी, जामनगर के कलावाड में 147 मिमी, नर्मदा के तिलकवाडा में 147 मिमी, बोटाड के बोटाड तालुका में 146 मिमी,वलसाड़ के कपराडा में 142 मिमी, जूनागढ़ के मनवदर में 134 मिमी और पोरबंदर के कुटियाना में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं वडोदरा, पंचमहल, महीदागर, खेड़ा, अरावली, मोरबी, गिर सोमनाथ, तापी, अहमदाबाद और दाहोद समेत अन्य जिलों में बीते चौबीस घंटों के दौरान 60 मिमी से 100 मिमी तक की बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली एनसीआर व यूपी के कुछ हिस्सों में वर्षा
महाराष्ट्र : कोल्हापुर में सेना बचाव कार्यों में जुटी
11 और शव मिलने के बाद महाराष्ट्र में बारिश व भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है। राज्य में अब भी 100 लोग लापता हैं। अब बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से 2,29,074 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। रायगढ़ जिले के तलिये गांव में भूस्खलन के बाद लापता 31 लोगों को प्रशासन ने मृत घोषित करने का फैसला किया है। वहां अब तक 56 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
कृष्णा नदी खतरे के निशान से सात फीट ऊपर
उधर सांगली जिले में कृष्णा नदी सोमवार सुबह 11 बजे खतरे के निशान से सात फीट ऊपर बह रही थी। खतरे का निशाना 45 फीट पर है, जबकि नदी का जलस्तर 52.11 फीट था। राज्य के कई इलाके अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं। सेना, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हैं। सोमवार को सेना की टीम ने कोल्हापुर जिले के शिरोल तहसील में बाढ़ से घिरे लोगों को निकाला। क्षेत्र के राजापुर, राजापुरवाडी व खिद्रपुर में 120 लोगों को बोटों के जरिए निकाला।
Indian Army is carrying out humanitarian assistance & disaster relief in Shirol tehsil, Kolhapur dist. On 26 July, an army column consisting of 5 teams along with NDRF & district task force provided succour to stranded 120 civilians of Rajapur, Rajapurwadi & Khidrapur villages pic.twitter.com/2zx1L2ZDqY
— ANI (@ANI) July 26, 2021
गोवा : 500 करोड़ का नुकसान, राज्यपाल ने मांगी केंद्र से सहायता
गोवा में भी भारी बारिश व बाढ़ के कारण भारी नुकसान हुआ है। राज्य के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई ने केंद्र सरकार से गोवा के बाढ़ ग्रस्त लोगों की मदद का अनुरोध किया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार भारी वर्षा के कारण 5000 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। राज्य में अनुमानित रूप से करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
I request the Centre to provide assistance to flood-affected people in Goa. As per government sources, more than 5,000 houses have been damaged or destroyed due to heavy rains. The estimated loss is around Rs 500 crore: Goa Governor PS Sreedharan Pillai pic.twitter.com/LI8ARCxVfw
— ANI (@ANI) July 26, 2021
राजस्थान के कई हिस्सों में भारी वर्षा
रविवार से राजस्थान के भी कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। झालावाड़ के गैगरोन में करीब 10 इंच तो पाली के मारवाड़ जंक्शन में आठ इंच बारिश दर्ज की गई। जबकि बूंदी, चुरू, जयपुर, चित्तौड़गढ़ व पिलानी में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
इन राज्यों में 29 जुलाई तक हो सकती है व्यापक वर्षा
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार 29 जुलाई तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा व उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा हो सकती है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश, हाईवे से यात्रा नहीं करने की सलाह
जम्मू में भारी बारिश सोमवार को जम्मू कश्मीर के भी विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई। जम्मू के निचले इलाके के घरों में पानी भर गया। आईटीबीपी के जवानों ने जम्मू शहर के कालिका नगर इलाके के नाले की मरम्मत की। पुलिस ने खराब मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे से यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
शिमला में नदी व झीलों के पास न जाने की सलाह
शिमला के मौसम केंद्र ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक नदियों व झीलों के पास नहीं जाने की सलाह दी है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। अगले कुछ दिनों तक अचानक बाढ़, भूस्खलन, पेड़ों के उखड़ने जैसी घटनाओं की भी आशंका जताई गई है।