जी-20 सम्मेलन आज से : अर्जेंटीना में तेल कीमतों की स्थिरता पर मंथन करेंगे दुनिया के ताकतवर नेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका और चीन के बीच जारी कारोबारी जंग के बीच अर्जेंटीना में बुधवार से शुरू हो रहे जी-20 सम्मेलन में दुनिया के ताकतवर नेता तेल की कीमतों में स्थिरता लाने पर मंथन करेंगे। इस बैठक में विकास का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने, पर्यावरण, विश्व व्यापार को सुगम बनाने और अक्षय ऊर्जा पर भी विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन के पहले सत्र ‘पुटिंग पीपुल्स फर्स्ट’ की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस दौरान वह दुनिया को योग, विकास का लाभ गरीबों तक पहुंचाने वाली तमाम योजना और डिजिटल क्रांति से अवगत कराएंगे। विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि प्रधानमंत्री सम्मेलन के लिए मंगलवार को रवाना होंगे और 2 दिसंबर की रात स्वदेश लौटेंगे। उन्होंने सम्मेलन से इतर मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय वार्ता की पुष्टि की।
सम्मेलन का एक सत्र तेल और व्यापार पर होगा। दुनिया के देश तेल की कीमतों में अस्थिरता और उपलब्धता न होने से चिंतित हैं। गोखले ने कहा कि पीएम जिस सत्र की अध्यक्षता करने वाले हैं, उसमें विकास तक आम आदमी की पहुंच की बात है। पीएम मोदी जन धन, मुद्रा, स्टार्ट अप जैसी योजनाओं और जीएसटी लागू करने और आधार का बेहतर इस्तेमाल की बात रखेंगे।
जिनपिंग-मोदी की मुलाकात पर रहेगी नजर
सम्मेलन के इतर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता पर दुनिया की नजरें होंगी। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी मुलाकात होगी। पहले हुई दो मुलाकातों के बाद सीमा पर तनाव कम हुआ है। मालदीव में सत्ता परिवर्तन और कई देशों में कारोबारी जंग के बीच इस द्विपक्षीय वार्ता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।