Big News: पूर्व राष्ट्रपति कोविंद ने की पीएम मोदी की प्रशंसा, कर्नाटक में भाजपा नेता गिरफ्तार, पढ़ें अहम खबरें
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान नए मौलिक संग्रह 'नए भारत का सामवेद' की लॉन्चिंग हुई। इसमें मोदी के प्रभावशाली भाषण संग्रहित हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत के पूर्व राष्ट्रपति ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी संविधान के बारे में जनता में चेतना जगाते हैं। पीएम मोदी एकता और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने वाले राष्ट्र के सार को समाहित करते हैं। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान नए मौलिक संग्रह 'नए भारत का सामवेद' की लॉन्चिंग हुई। इसमें मोदी के प्रभावशाली भाषण संग्रहित हैं।
कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे राज्यपाल : सीएम विजयन
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। विजयन ने एक दिन पहले खान की ओर से दिए गए कुछ बयानों के बारे में कहा कि अगर राज्यपाल संघ परिवार के अनुयायी हैं तो उन्हें कोई समस्या नहीं है, लेकिन राज्यपाल को राज्यपाल के रूप में कार्य करना होगा।
पीली मटर का आयात को 31 मार्च तक के लिए कर मुक्त
दाल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पीली मटर के आयात पर अगले तीन माह तक कोई शुल्क नहीं लगेगा। केंद्र सरकार ने इसके आयात को अगले साल 31 मार्च तक के लिए कर मुक्त कर दिया है। सरकार की ओर से बृहस्पतिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा गया कि देश में दाल की कीमतों को काबू में रखने और उसकी उपलब्धता को कायम रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
ऑफिस में काम करने वालों की नियुक्तियों में 12 फीसदी गिरावट
ऑफिस में काम करने वालों की भर्तियों में अक्तूबर-नवंबर में सालाना आधार पर 12 फीसदी गिरावट आई है। आईटी-सॉफ्टवेयर, दूरसंचार व शिक्षा क्षेत्रों में भर्ती के नकारात्मक रुझान से यह गिरावट आई है। बृहस्पतिवार को जारी नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स के मुताबिक, अक्तूबर-नवंबर में कुल 2,433 लोगों हुईं। 2022 में समान अवधि में यह आंकड़ा 2,781 था। क्षेत्रों के हिसाब से आईटी में भर्तियों में सबसे ज्यादा 22 फीसदी गिरावट रही। दूरसंचार क्षेत्र में 18 फीसदी, शिक्षा में 17 फीसदी और खुदरा बिक्री क्षेत्र में 11 फीसदी की कमी दर्ज की गई। आतिथ्य, यात्रा, वाहन व इससे जुड़े क्षेत्रों में नियुक्तियों की रफ्तार स्थिर रही।
एआई से जुड़ीं भर्तियों में 64 फीसदी उछाल
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से जुड़े क्षेत्रों में अक्तूबर-नवंबर के दौरान भर्तियां 64 फीसदी बढ़ी हैं। फुल स्टैक डाटा साइंटिस्ट की नियुक्तियां 16 फीसदी बढ़ी हैं। ऊर्जा कंपनियों के तेजी से विस्तार व देशभर में नई रिफाइनरियां खुलने से तेल-गैस क्षेत्रों में सालाना आधार पर भर्तियां 9 फीसदी बढ़ी हैं।
ह्यूंडई के वाहन एक जनवरी से होंगे महंगे
ह्यूंडई ने कहा कि एक जनवरी से वह कारों की कीमतों में इजाफा करेगी। कंपनी 5.84 से 45.95 लाख रुपये तक के कार बेचती है। हालांकि, इसने यह नहीं बताया कि कीमतें किस मॉडल पर कितनी बढ़ेंगी। कई अन्य कंपनियों ने भी दाम बढ़ाने की योजना बनाई है।
कानून व्यवस्था बिगड़ने के अंदेशे में कर्नाटक में भाजपा नेता गिरफ्तार
कर्नाटक पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की खुफिया सूचना के बाद एहतियात के तौर पर भाजपा नेता मणिकांत राठौड़ को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि आरोप हैं कि राठौड़ ने पिछले महीने एक दुर्घटना को खुद पर हमले में बदल दिया था। कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त आर चेतन ने कहा, खुफिया सूचना के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए हमने राठौड़ को हिरासत में लिया है, जो भी जरूरी कानूनी कार्रवाई होगी... हम करेंगे। वहीं, सूत्रों ने दावा किया कि राठौड़ ने खुद को निशाना बनाए जाने की फर्जी कहानी गढ़ी थी।
पति के फोन से पुलिस को दी बम धमाकों की धमकी, केस दर्ज
कर्नाटक की राजधानी में एक महिला ने मोबाइल फोन तोड़ने पर पति से बदला लेने की नियत से पति के फोन से पुलिस को बम धमाकों का फर्जी मैसेज भेज दिया। जब पुलिस फोन को खोजती हुई उसके घर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिला बिहार के किसी और व्यक्ति के साथ फोन पर बात करती थी, जिसका उसके पति को पता चल गया और उनसे गुस्से में मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद, जब महिला को दूसरा फोन मिला तो उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर पति को फंसाने की साजिश रची।
प. बंगाल में राजनीतिक दबाव में दर्ज नहीं किए जा रहे केस
2022 में कोलकाता को भारत का सबसे सुरक्षित शहर बताने वाले हाल ही में जारी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प. बंगाल में मामले दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार का राजनीतिक दबाव में काम करती है। पुलिस एफआईआर दर्ज करने में सहयोग नहीं कर रही है। अब सरकार डाटा से नहीं डरती जब तक हमें पता न हो कि समाज में क्या हो रहा है और इस पर कैसे काम किया जा सकता है।
यूपी के सीतापुर स्थित अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक का लाइसेंस रद्द
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने बृहस्पतिवार को अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, सीतापुर, उत्तर प्रदेश का लाइसेंस रद्द कर दिया। बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की संभावना न होने पर आरबीआई ने यह कदम उठाया। केंद्रीय बैंक के एक बयान के मुताबिक, बैंक को बृहस्पतिवार (07 दिसंबर, 2023) से ही तत्काल प्रभाव से बैंकिंग व्यवसाय बंद करने को कहा गया। उत्तर प्रदेश के सहकारिता आयुक्त एवं निबंधक से भी अनुरोध किया गया है कि वह बैंक को बंद करने और एक लिक्विडेटर नियुक्त करने के आदेश जारी करें।
भाजपा विधायकों के खिलाफ एफआईआर प्रक्रिया पर रोक
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को भाजपा विधायकों के खिलाफ प्राथमिक रिपोर्ट की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया। एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हाल ही में तृणमूल विधायकों के पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में राष्ट्रगान गाए जाने के दौरान उन्होंने राष्ट्रगान का अपमान किया था। राज्य की सत्ताधारी पार्टी ने भाजपा विधायकों पर राज्य सरकार विरोधी नारे लगाने और राष्ट्रगान गाए जाने के दौरान खड़े नहीं होने का आरोप लगाया था।
कल इन्फिनिटी फोरम 2.0 को संबोधित करेंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फिनटेक पर एक वैश्विक नेतृत्व मंच इन्फिनिटी फोरम के दूसरे संस्करण को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) और गिफ्ट सिटी कर रहा है। पीएमओ ने कहा, यह फोरम एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां दुनियाभर से प्रगतिशील विचार, गंभीर समस्याएं, नवीन प्रौद्योगिकियों की तलाश की जाती हैं। ‘वाइब्रेंट गुजरात’ वैश्विक शिखर सम्मेलन 2024 के पहले इन्फिनिटी फोरम दो का आयोजन किया जा रहा है।
गिफ्ट सिटी में आयोजित होने वाला सम्मेलन ‘हाइब्रिड’ स्वरूप का होगा। यानी, इसमें प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से और ऑनलाइन दोनों तरह से शामिल होंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। पीएमओ के अनुसार, फोरम में 300 से अधिक कंपनियों के शीर्ष अधिकारी हिस्सा लेंगे। इसमें भारत तथा अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी सहित 20 से अधिक देशों के वैश्विक दर्शकों की मजबूत ऑनलाइन भागीदारी होगी।
ग्रीन हाइड्रोजन : 12 तक लगा सकते हैं बोली
राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के तहत स्ट्रैटेजिक इंटरवेंशन फॉर ग्रीन हाइड्रोजन ट्रांजिशन (साइट) योजना के पहले चरण में ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रोलाइजर विनिर्माण परियोजनाओं के लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 12 दिसंबर है।
केंद्रीय नव्य व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने संसद में बताया कि भारत का लक्ष्य 2030 तक प्रतिवर्ष 50 लाख मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोन के उत्पादन की क्षमता हासिल करना है। योजना के पहले चरण में 4.50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन व 1.5 गीगावाट इलेक्ट्रोलाइजर निर्माण के लिए 12 दिसंबर तक बोलियां पेश करने का समय दिया गया है।
दहेज उत्पीड़न के आरोपी को जमानत देने में लगाई शर्त, सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 498ए (दहेज उत्पीड़न) के तहत आरोपी पति को अग्रिम जमानत देते समय यह शर्त नहीं लगाई जा सकती कि पति अपनी पत्नी को अपने घर ले जाएगा और उसका मान-सम्मान करेगा, जैसा पत्नी को मिलता है।
जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि हमारी राय में अग्रिम जमानत देते समय हाईकोर्ट को न तो ऐसी शर्त लगानी चाहिए थी और न ही यह अपीलकर्ता की दायर याचिका को अस्वीकार करने का आधार हो सकता है। झारखंड हाईकोर्ट की लगाई गई इस शर्त के खिलाफ पति ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए आरोपी को जमानत दे दी।
अब वायुसेना 16 टन वजनी रसद एयरड्रॉप कर सकेगी
आपात परिस्थितियों में भारतीय वायुसेना दुर्गम स्थानों पर सी-17 मालवाहक विमान से 16 टन वजनी रसद सामग्री एयरड्रॉप कर सकती है। इसका एक सफल परीक्षण बृहस्पतिवार को आगरा के सैन्य क्षेत्र में हुआ। यह एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (एडीआरडीई) ने भारत में ही एयरड्रॉप प्लेटफॉर्म विकसित किया है। वायु सेना की पश्चिमी कमान ने बताया कि पहली बार 24 फीट गुणा 8 फीट आकार के 16 टन क्षमता के प्लेटफॉर्म को वायुसेना के विमान से जमीन पर गिराया गया। यह पैराशूट की मदद से सुरक्षित उतरा। यह परीक्षण 3 चरण में हुआ। पहले चरण में वजन का विमान से बाहर निरीक्षण हुआ। दूसरे चरण में इसे मालवाहक विमान सी 17 में लोड कर जांचा गया। तीसरे चरण में पूरे प्लेटफॉर्म को निर्धारित ड्रॉप जोन में गिराया गया। सभी चरण सफलता से पूरे किए गए।
पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल के साझा सैन्याभ्यास का समापन
पिथौरागढ़ सैन्य क्षेत्र में चल रहा भारत-नेपाल के बीच संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास ‘सूर्यकिरण’ का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। पिथौरागढ़ में दोनों देशों की सेनाओं का यह संयुक्त युद्धाभ्यास 24 नवंबर से शुरू हुआ था। इस अभ्यास में दोनों देशों के 600 से अधिक जवानों ने हिस्सा लिया था। इस संयुक्त युद्धाभ्यास में भारत और नेपाल के सैनिकों ने युद्ध कौशल, पहाड़ी क्षेत्र में आतंकवाद से निपटने और आपदा नियंत्रण का अभ्यास किया।