Big News: फारूख बोले- महात्मा गांधी के कारण हमेशा भारत के साथ रहा जम्मू-कश्मीर, पढ़ें देश की अहम खबरें
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कर्नाटक में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पीएम के साथ यह उनकी पहली मुलाकात है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सिद्धरमैया ने संसद भवन में मोदी से राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
विस्तार
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत के साथ इसलिए बना रहा क्योंकि महात्मा गांधी ने कहा था कि यह देश सभी के लिए है। अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश में जल्द विधानसभा चुनाव कराने की मांग की। जम्मू और कश्मीर के हालात पर राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने जोर दिया कि अनुच्छेद 370 एक अस्थाई अनुच्छेद था क्योंकि जम्मू-कश्मीर में जनमत संग्रह होना था, जो कभी नहीं हुआ।
कार्यक्रम में माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, जम्मू-कश्मीर के पूर्व विधायक यूसुफ तारिगामी, कारगिल के राजनेता सज्जाद हुसैन कारगिली, द्रमुक सांसद कनिमोझी, एनसीपी की सुप्रिया सुले, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और राजद सांसद मनोज झा ने भाग लिया, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में जल्द से जल्द चुनाव की मांग का समर्थन किया। अब्दुल्ला ने कहा, जम्मू-कश्मीर की त्रासदी यह है कि जब से भारत को आजादी मिली और दो देश बने, जिन्ना ने सोचा कि कश्मीर उनकी जेब में है। उन्हें एहसास ही नहीं हुआ कि ऐसा नहीं है।
गुजरात हाईकोर्ट के जज ने सुनवाई से खुद को अलग किया
गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस समीर दवे ने बृहस्पतिवार को सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ की उस याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया, जिसमें उन्होंने 2002 के दंगों के मामलों में कथित रूप से फर्जी सबूत गढ़ने के लिए अहमदाबाद अपराध शाखा की ओर से उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की है। मामला जब सुनवाई के लिए आया तो जस्टिस दवे ने कहा, मेरे सामने नहीं। अब हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इस मामले को नए जज को आवंटित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कर्नाटक में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पीएम के साथ यह उनकी पहली मुलाकात है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सिद्धरमैया ने संसद भवन में मोदी से राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की है। सिद्धरमैया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिले।
आज से दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचेगे। वह रात 10 बजकर 40 मिनट पर बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे और अगले ही दिन एक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की शुरुआत करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि दिन के दौरान उनका वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) और आपदा प्रबंधन पर आधारित एक बैठक में भी भाग लेने का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।
अभियान चला शिकायतें निपटाए बैंक, सरकारी संगठन : सीवीसी
केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, उद्यमों और सरकारी विभागों से भ्रष्टाचार की शिकायतों को निपटाने के लिए तीन महीने का विशेष अभियान चलाने को कहा है। साथ ही टेक्नोलॉजी अपग्रेड जैसे सुधारों पर भी ध्यान देने को कहा है। आयोग ने यह कदम भ्रष्टाचार से लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत उठाया है। आयोग 30 अक्तूबर से 5 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह भी मनाएगा।
प.बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला में पार्थ की जमानत अर्जी खारिज
कोलकाता की पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत ने बृहस्पतिवार को प. बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की जमानत याचिका खारिज कर दी। उन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। जमानत की गुहार लगाते हुए चटर्जी के अधिवक्ता ने दलील दी कि वह एक साल से अधिक समय से हिरासत में हैं और जांच में सहयोग कर रहे हैं।
जमानत याचिका का विरोध करते हुए ईडी ने कहा कि वह बहुत प्रभावशाली व्यक्ति हैं और इस स्तर पर उन्हें जमानत देने से जांच में बाधा आएगी। न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद जमानत प्रार्थना खारिज कर दी। ईडी का दावा है कि मामले में अब तक 111 करोड़ की संपत्ति जब्त और कुर्क की गई है। इसमें 103 करोड़ रुपये आरोपी पार्थ चटर्जी ने अकेले ही बनाए हैं।