जानलेवा बनी हाइवे पर कसरत करने की ललक
फोरलेन हाइवे को व्यायाम स्थल की तरह इस्तेमाल करना कई नौजवानों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मंगलवार सुबह भड़कुलवा चौराहे पर कसरत रहे छह युवक पास से गुजरते ट्रक की चपेट में आ गए। तीन की जान चली गई, जबकि शेष तीन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
इस जानलेवा हादसे की चपेट में आने वाले सभी युवकों का ताल्लुक सहबाजपुर गांव से है। सेना अथवा अर्द्ध सैनिक बल में भर्ती का ख्वाब पाले तमाम युवक रोज की तरह मंगलवार की भोर में भी फोरलेन हाइवे पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 15 युवकों में से कोई रेस लगा रहा था तो कुछ रेस के बाद भड़कुलवा चौराहे पर डिवाइडर के पास कसरत कर रहे थे। इसी बीच हाटा से कुशीनगर जा रहे ट्रक ने डिवाइडर के पास मौजूद छह युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
रास्ते में ही दम तोड़ा
इनमें शामिल सौरभ मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुपम, मुकेश, नीतेश, सचिन और अविलाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हाटा स्वास्थ्य केंद्र से सभी को गोरखपुर रेफर किया गया लेकिन मेडिकल कॉलेज तक का सफर पूरा होने से पहले ही अनुपम ने भी दम तोड़ दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मुकेश की भी जान चली गई। डॉक्टरों के मुताबिक नीतेश और सचिन का गंभीर स्थितियों के बीच इलाज किया जा रहा है, जबकि ज्यादा गंभीर अविलाश को लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।