फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Election Result 2019 : BJP got stronger in North East states

लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 : पूर्वोत्तर में और मजबूत हुआ कमल का किला

Fri, 24 May 2019 05:14 AM IST
Gaurav Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Gaurav Pandey Updated Fri, 24 May 2019 05:14 AM IST
विज्ञापन
Election Result 2019 : BJP got stronger in North East states
भाजपा - फोटो : पीटीआई

चुनाव से पहले पूर्वोत्तर में नागरिकता संशोधन कानून के कारण भाजपा को बड़ा सियासी घाटा होने की उम्मीद जताई गई थी। इसके बाद जब पार्टी ने असम के 7 में से 5 सांसदों के टिकट काटे तो ऐसा लगा कि पार्टी ने पांव पर कुल्हाड़ी मार ली है।  इससे पहले घुसपैठियों को हटाने को एनआरसी तैयार करने में पूर्वोत्तर खासकर असम की राजनीति में हलचल मची। माना गया कि यह निर्णय भाजपा के खिलाफ जाएगा। हालांकि नतीजे बताते हैं कि मोदी मैजिक के सहारे पार्टी ने असम में पकड़ और मजबूत कर ली है। 

विज्ञापन


पार्टी को बीते चुनाव में 7 की तुलना में इस बार अपने दम पर 9 सीटें मिलीं। वह भी तब जब पार्टी ने विजोया चक्रवर्ती सहित तमाम दिग्गज नेताओं के टिकट काट दिए। कांग्रेस किसी तरह पुरानी तीन सीटों का आंकड़ा बचाने में कामयाब रही। जबकि एआईयूडीएफ को तीन सीटों का घाटा उठाना पड़ा। वह महज एक सीट ही हासिल कर पाई। जाहिर तौर पर इस नतीजे के बाद राज्य के सीएम सर्वानंद सोनोवाल, पूर्वोत्तर के प्रभारी महासचिव राम माधव और पूर्वोत्तर की रणनीति के शिल्पकार हेमंत बिस्वसरमा का सियासी कद बढ़ गया है।

विज्ञापन

त्रिपुरा : माकपा का सूपड़ा किया साफ

भाजपा ने करीब दो साल पहले जब त्रिपुरा में वाम दलों का मजबूत किला ढहाया था, एक बड़ा वर्ग इस जीत को तुक्के के रूप में देख रहा था। सीएम बने बिप्लव देव के बचकाने बयानों के कारण पार्टी को शुरुआती दौर में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि अब विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने माकपा का सूपड़ा साफ कर यह साबित कर दिया कि वहां विधानसभा चुनाव में मिली जीत तुक्का नहीं थी। 

नगालैंड : एनडीपीपी ने लहराया परचम

एक सीट वाली नगालैंड में नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) ने नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) को मात दे दी है। कांग्रेस के एल चीसी को डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के टी येपथोमी ने 16 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है।

विज्ञापन

मेघालय : कांग्रेस को एक सीट का झटका

मेघालय में इस बार भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी एनपीपी के हाथ एक तो कांग्रेस के भी हाथ एक सीट आई। बीते चुनाव में दोनों सीटों पर कांग्रेस काबिज थी। इस बार भाजपा अपने सहयोगी के माध्यम से राज्य में अपनी पैठ बनाने में कामयाब हुई।

मणिपुर : पहली बार प्रदेश में खिला कमल

भाजपा पूर्वोत्तर के इस खूबसूरत राज्य में पहली बार कमल खिलाने में कामयाब रही। जबकि कांग्रेस को अपनी दोनों सीटों से हाथ धोना पड़ा। इस चुनाव में भाजपा को एक तो एनपीएफ के हाथ एक सीट हाथ लगी। इस सूबे में असम सरकार के मंत्री हेमंत विस्व सरमा ने खासी मेहनत की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को दोनों सीटें मिली थीं वहीं इस बार कांग्रेस यहां से साफ हो गई है। 

अरुणाचल : भगवा की चमक से होगा रोशन 

पूर्वोत्तर के एक अन्य अहम राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी भाजपा का जलवा दिखा। पार्टी त्रिपुरा की तरह इस राज्य में भी क्लीन स्विप  करने में कामयाब रहते हुए राज्य की दोनों सीटों पर कब्जा करने में कामयाब रही। इस सूबे से गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू और प्रदेश अध्यक्ष तापिर गाव को जीत हासिल हुई। बीते चुनाव में कांग्रेस को यहां एक सीट हासिल हुई थी।

अरुणाचल विधानसभा : भाजपा अपने दमपर बनाएगी सरकार 

अरुणाचल की 60 विधानसभा सीटों में से 33 का रुझान देर शाम तक आ गया था। यहां भाजपा अपने दम पर सरकार बना सकती है। क्योंकि भाजपा को अब तक 25 सीटों पर बढ़त मिली है। इसमें 15 सीटों पर जीत दर्ज कराई है और 10 सीटों पर उसकी बढ़त लगातार जारी है। 28 सीटों पर अभी गिनती का काम जारी है। 

मिजोरम : एमएनएफ ने दिया झटका

एक मात्र सीट वाले मिजोरम में कांग्रेस को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा। पार्टी को यहां अपनी एकमात्र सीट भाजपा की सहयोगी मिजो नेशनल फ्रंट के हाथों गंवानी पड़ी। भाजपा ने समझौते के तहत यह सीट सहयोगी एमएनएफ को दी थी।

सिक्किम : सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा का कब्जा

सूबे में इस चुनाव में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की इंदिरा सुब्बा ने कब्जा जमाया। उन्होंने वर्तमान सांसद सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के डेक बहादुर कटवाल को 12044 मतों से हराया।

सिक्किम विधानसभा में नहीं खुला भाजपा का खाता

विधानसभा चुनाव की 32 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों में अब तक 21 सीटों पर रुझान मिले हैं। इसमें सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को 11 सीटें मिली हैं। इसमें 5 पर जीत दर्ज है 9 पर बढ़त जारी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed