Election Commission: चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री KCR को जारी की एडवायजरी; KTR को इस मामले में भेजा नोटिस
Election Commission: तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने 30 अक्तूबर को बीआरएस के एक सदस्य पर हमले के बाद बांसवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ कुछ धमकी भरी टिप्पणी की थी। इसके बाद एनएसयूआई के एक नेता ने राव के खिलाफ चुनाव आयोग का रुख किया था।
विस्तार
तेलंगाना की 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले सप्ताह मतदान होना है। लेकिन, उससे पहले चुनाव आयोग (ईसी) ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विवादित टिप्पणी के लिए मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) को एडवायजरी जारी की है। आयोग ने उनसे आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन करने को कहा है।
केसीआर ने तीस अक्तूबर को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के एक सदस्य पर हमले के बाद दक्षिणी राज्य के बांसवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ कुछ धमकी भरी टिप्पणी की थी। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के एक नेता ने राव के खिलाफ चुनाव आयोग का रुख किया था। एडवायजरी में कहा गया है, 'आपको आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पूरी तरह से पालन करने की सलाह दी जाती है।'
आयोग ने बीआरएस नेता को याद दिलाया कि चुनाव आयोग ने निर्देश दिया था कि सभी सियासी दलों, उनके सभी नेताओं और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपने भाषणों में अत्यंत संयम और शालीनता बरतनी चाहिए। ईसी ने कहा था कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें आचरण और व्यवहार के उच्च मानकों को बनाए रखने में एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए। 30 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार 28 नवंबर की शाम थम जाएगा।
ईसी ने केटी रामा राव को भेजा नोटिस
आयोग ने बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव को भी नोटिस जारी किया है। उन्हें हाल ही में टी-वर्क्स (सरकारी संस्थान) में नौकरी भर्ती की उनकी घोषणा के संबंध में यह नोटिस दिया गया है।