Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Delimitation Bill Proposes Election Commission Role in Redrawing Pakistan Occupied Jammu and Kashmir Assembly

पीओजेके में भी परिसीमन: कब्जा खत्म होने पर चुनाव आयोग ही तय करेगा विधानसभा सीटें; विधेयक में क्या है प्रावधान?

Sat, 28 Nov 2026 04:08 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Sat, 28 Nov 2026 04:08 PM IST
सार

परिसीमन विधेयक में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के भविष्य के लिए भी व्यवस्था प्रस्तावित है। कब्जा खत्म होने पर चुनाव आयोग वहां विधानसभा सीटों का परिसीमन करेगा। हालांकि, 24 आरक्षित सीटों और 50 फीसदी सीटें बढ़ाने के नियम को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। यानी विधेयक में भविष्य का रास्ता तो दिखाया गया है, लेकिन सीटों की वास्तविक व्यवस्था पर कई सवाल बाकी हैं।
 

विज्ञापन
Delimitation Bill Proposes Election Commission Role in Redrawing Pakistan Occupied Jammu and Kashmir Assembly
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक से गोरखपुर और बस्ती मंडल का बदल सकता है सियासी नक्शा। - फोटो : एआई

विस्तार

जम्मू-कश्मीर के उस हिस्से में भी विधानसभा क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन हो सकेगा, जो फिलहाल पाकिस्तान के कब्जे में है। केंद्र सरकार ने इसके लिए परिसीमन विधेयक, 2026 में विशेष प्रावधान किया है। हालांकि, यह व्यवस्था तभी लागू होगी, जब उस क्षेत्र से पाकिस्तान का कब्जा समाप्त हो जाएगा। इसके बाद भारतीय चुनाव आयोग वहां विधानसभा सीटों का परिसीमन करेगा। विधेयक में इसके लिए चुनाव आयोग को ही परिसीमन आयोग की जिम्मेदारी देने की बात कही गई है।
विज्ञापन


यह विधेयक उन दो विधेयकों में शामिल है, जिन्हें सरकार सोमवार को नए सिरे से लोकसभा में पेश करने वाली है। इनके साथ 132वां संविधान संशोधन विधेयक भी पेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला आरक्षण लागू करने के लिए नए परिसीमन का रास्ता तैयार करना है।
विज्ञापन


पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को लेकर विधेयक में क्या प्रावधान?
विधेयक की धारा 3(4) में इस क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन का प्रावधान किया गया है। इसमें कहा गया है कि जब यह क्षेत्र पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त हो जाएगा, तब चुनाव आयोग वहां परिसीमन आयोग के रूप में काम करेगा। यानी सरकार ने इस क्षेत्र में भविष्य में परिसीमन करने की व्यवस्था पहले से प्रस्तावित कर दी है। हालांकि, यह प्रावधान किसी तत्काल कार्रवाई की बात नहीं करता। इसके लागू होने की शर्त पाकिस्तान का कब्जा समाप्त होना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


विधेयक में पीओके शब्द को लेकर क्या जिक्र?
विधेयक में 'पीओके' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसमें इस क्षेत्र के लिए 'पाकिस्तान के कब्जे के अधीन आने वाला क्षेत्र' यानी 'फॉलिंग अंडर द ऑक्यूपेशन ऑफ पाकिस्तान' शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। विधेयक में इसी क्षेत्र में भविष्य में परिसीमन की व्यवस्था की गई है।

वहां परिसीमन की जिम्मेदारी किसकी होगी?
इस क्षेत्र में परिसीमन की जिम्मेदारी सीधे चुनाव आयोग को दी गई है। आयोग खुद परिसीमन आयोग के रूप में काम करेगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के लिए अलग आयोग बनाने का प्रावधान है। इस आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। इसके सदस्यों में मुख्य चुनाव आयुक्त या कोई चुनाव आयुक्त और राज्य निर्वाचन आयुक्त शामिल होंगे। इस तरह विधेयक में पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों के परिसीमन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं प्रस्तावित की गई हैं।

पीओजेके की 24 विधानसभा सीटों पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं
विधेयक में पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र के लिए लंबे समय से आरक्षित 24 विधानसभा सीटों का कोई उल्लेख नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि वहां परिसीमन होने पर इन सीटों की व्यवस्था क्या होगी। इसके अलावा, विधेयक में विधानसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने की बात भी है, लेकिन यह बढ़ोतरी पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में लागू होगी या नहीं, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

क्या इस परिसीमन का लोकसभा सीटों पर भी असर पड़ेगा?
विधेयक में इस क्षेत्र के लिए केवल जम्मू-कश्मीर विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की बात कही गई है। इसमें लोकसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण की बात नहीं कही गई है। इसलिए इस प्रावधान को फिलहाल विधानसभा सीटों तक ही सीमित रखा गया है।

महिला आरक्षण के लिए भी दोबारा पेश होंगे विधेयक
परिसीमन विधेयक के अलावा सरकार केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026 भी पेश करेगी। इसका उद्देश्य दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी से जुड़े तीन कानूनों में संशोधन करना है। इन संशोधनों के जरिए प्रस्तावित 132वें संविधान संशोधन के अनुरूप कानूनी व्यवस्था तैयार की जाएगी।

132वें संविधान संशोधन विधेयक का उद्देश्य नए परिसीमन और सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद महिला आरक्षण लागू करना है। दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुदुचेरी तीन ऐसे केंद्रशासित प्रदेश हैं, जहां विधानसभा है।


पहले भी पेश किए गए थे विधेयक
सरकार ने इससे पहले अप्रैल में परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पेश किए थे। इनके साथ संविधान का 131वां संशोधन विधेयक भी लाया गया था। इसका उद्देश्य 2029 से महिला आरक्षण लागू करने की व्यवस्था करना था। हालांकि, लोकसभा में पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका। इसके चलते बाकी दोनों विधेयकों पर भी मतदान नहीं हो पाया। अब सरकार पुराने दोनों लंबित विधेयकों को वापस लेगी। इसके बाद सोमवार को नए सिरे से परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे। इनके साथ नया संविधान संशोधन विधेयक भी सदन में लाया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed