नड्डा ने दिया राज्य में शत प्रतिशत भाजपा का मंत्र, बोले- महाराष्ट्र में है बेशर्म सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र में कर्नाटक और मध्य प्रदेश की तर्ज पर ऑपरेशन लोटस शुरू होने की कवायद के बीच भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने महाराष्ट्र में पार्टी के नेताओं को शत प्रतिशत भाजपा का मंत्र दिया है। सोमवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि बिना किसी के सहयोग के अपने दम पर सरकार बनाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा, राज्य की जनता को महाविकास आघाड़ी सरकार की असली मंशा और स्वार्थ के बारे में पता चल चुका है। इसलिए कार्यकर्ता महाविकास आघाड़ी सरकार की नाकामियां गिनाने में जुट जाएं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि अगली बार हमारी ऐसी तैयारी होनी चाहिए जिससे महाराष्ट्र में अकेले दम पर भाजपा की सरकार बन सके। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र सरकार कोरोना महामारी से लड़ने में पूरी तरह अक्षम साबित हुई है। महाराष्ट्र में बेशर्म सरकार है। नड्डा ने आरोप लगाया कि यह सरकार 'अंदरूनी तकरार' और पार्टियों की आपसी लड़ाई में उलझी हुई है। हमें भाजपा की राज्य इकाई के आईटी सेल को मजबूत बनाकर मुख्यमंत्री को बख्शे बिना राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करना है। नड्डा ने कहा कि भाजपा की राज्य इकाई ने 67 हजार वाट्सऐप समूह बनाए हैं। भाजपा आईटी सेल को ऐसे समूहों में राजनीतिक जानकारियां साझा कर राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करना चाहिये और केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बतानी चाहिये।
कोरोना की जंग में मोदी ने लिए मजबूत फैसले
नड्डा ने कहा कि इस कोरोना महामारी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मजबूत फैसले लिए। यदि देश में नरेन्द्र मोदी जैसा सक्षम नेतृत्व नहीं होता तो देश की 130 करोड़ जनता असुरक्षित रहती। मोदी सरकार ने समय पर लॉकडाउन का फैसला किया जिससे बड़े पैमाने पर जीवनहानि का खतरा टल गया। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने इसी महीने प्रदेश की नई कार्यकारिणी घोषित की थी जिसकी पहली वर्चुअल बैठक सोमवार को मुंबई बीजेपी कार्यालय वसंत स्मृति में हुई।
आटो रिक्शा की स्टेयरिंग सीएम के हाथ, पर रास्ता पीछे बैठेने वाले बताते है
उद्धव ठाकरे पर विपक्ष के नेता का पलटवार
विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ‘तीन पहिये (ऑटो-रिक्शा) की राज्य सरकार का स्टेयरिंग मेरे हाथ में होने’ वाले बयान पर पलटवार किया है। सोमवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वसंत स्मृति में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस दौरान फडणवीस ने कहा, यह सच है कि ऑटो-रिक्शा का स्टेयरिंग मुख्यमंत्री के हाथ में हैं लेकिन वह यह भूल गए कि ऑटो-रिक्शा में बैठी सवारी (राकांपा-कांग्रेस) तय करती है कि कहां पर जाना है।
सरकार चला कर दिखाए
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना में दिए साक्षात्कार में भाजपा को चुनौती दी थी सरकार गिराकर दिखाएं। इस पर फडणवीस ने महाविकास आघाड़ी को चुनौती दी है कि सरकार चलाकर दिखाइए। भाजपा को सरकार गिराने में रुचि नहीं है। सरकार के घटक दल ही एक-दूसरे की टंगडी तोड़ने में सक्षम है। हर दिन यही करते हैं। महाविकास आघाड़ी सरकार अपने अंतर्विरोधों से ही गिर जाएगी। तब तक हम इंतजार करने के लिए तैयार हैं।