Weather Update: आधे भारत ने ओढ़ी घने कोहरे की चादर, 400 फ्लाइट और 200 ट्रेनें देरी से चलीं; दो दिन रहेगा कोहरा
Weather Today Dense Fog Alert : अगले दो दिन भी घना कोहरा छाए रहने, पहाड़ों पर हिमपात और कुछ मैदानी इलाकों में बारिश की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में 5 जनवरी को भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
विस्तार
उत्तर से लेकर मध्य और पूर्वोत्तर समेत लगभग आधे भारत ने घने कोहरे की चादर ओढ़ ली है। लगातार दूसरे दिन ज्यादातर क्षेत्रों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। शीतलहर और घने कोहरे के कारण सड़क यातायात से लेकर ट्रेन व विमान सेवाएं तक बुरी तरह चरमरा गईं। दिल्ली में उतरने वालीं 19 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 400 से ज्यादा उड़ानों के आवागमन में देरी हुई। समूचे उत्तर भारत में करीब 200 ट्रेनें भी देर से चलीं। अगले दो दिन भी घना कोहरा छाए रहने, पहाड़ों पर हिमपात और कुछ मैदानी इलाकों में बारिश की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में 5 जनवरी को भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
यहां दिखा कोहरे का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे का असर दिखा। दिल्ली के पालम, सफदरजंग, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, हरियाणा के हिसार, पंजाब के पटियाला, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के बरेली, झांसी, बहराइच, वाराणसी, आगरा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, राजस्थान के श्रीगंगानगर, बिहार के पूर्णिया, भागलपुर व असम के गुवाहाटी में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और त्रिपुरा में कई जगहों पर दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई। दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहन रेंगते रहे और पटरियों पर ट्रेनों की रफ्तार थम गई। तय समय पर उड़ान भरने की विमानों की तैयारी भी धरी की धरी रह गई।
एयरलाइंस ने कहा-मौसम देखकर घर से निकलें
घने कोहरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने अस्थायी तौर पर सुबह के समय अपने विमानों के आगमन-प्रस्थान पर रोक लगा दी है। एअर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों को उड़ानों के समय की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है।
ये उड़ाने हुईं प्रभावित
दिल्ली के साथ, शनिवार को चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, गुवाहाटी व पटना में सबसे ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली में 13 घरेलू, दो अंतरराष्ट्रीय और दो गैर-निर्धारित उड़ानों को कोहरे के कारण लैंडिंग के लिए दूसरे शहरों में भेजना पड़ा। दोपहर तक मौसम साफ होने के बाद उड़ानें सामान्य हुईं।
आठ घंटे से भी अधिक देरी से चलीं ट्रेनें
उत्तर रेलवे की ट्रेनों के संचालन पर सबसे बुरा असर पड़ा है। 59 से अधिक ट्रेनें छह घंटे और 22 से अधिक ट्रेनें आठ घंटे से भी अधिक देरी से चलीं। कई अन्य ट्रेनें भी एक से चार घंटे तक देरी से चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों में वंदे भारत, जम्मू राजधानी, आंध्र एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस भी शामिल रहीं। नई दिल्ली, आनंद विहार, निजामुद्दीन, गाजियाबाद, कानपुर, वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर कड़ाके की ठंड में लोगों को ट्रेनों का घंटों इंतजार करते देखा गया।