Defence: भारतीय सेना को मिलेंगी नई ताकत, रक्षा मंत्रालय ने 6,900 करोड़ रुपये के अनुबंध पर किए हस्ताक्षर
रक्षा मंत्रालय ने आज एडवांस टोड आर्टिलरी गन सिस्टम और हाई मोबिलिटी गन टोइंग व्हीकल्स की खरीद के लिए 6,900 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय के इस अनुबंधन से अब भारतीय सेना को एक नई ताकत मिलेंगी। साथ ही सेना की हथियारों और उपकरणों की क्षमता को और बढ़ावा मिलेगा।
विस्तार
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को भारत फोर्ज लिमिटेड और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के साथ दो महत्वपूर्ण अनुबंध किए हैं। इन अनुबंधों के तहत, एडवांस टोड आर्टिलरी गन सिस्टम (एटीएजीएस) और हाई मोबिलिटी गन टोइंग व्हीकल्स की खरीद की जाएगी, जिनकी कुल लागत लगभग 6,900 करोड़ रुपये है।
रक्षा मंत्रालय के द्वारा जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि इन सौदों के साथ, चालू वित्त वर्ष में अब तक पूंजीगत खरीद के लिए मंत्रालय द्वारा 1.40 लाख करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे भारतीय सेना की हथियारों और उपकरणों की क्षमता को और बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें:- Amit Shah: 'दिल्ली के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी खिलेगा कमल', लोकसभा में बोले अमित शाह
रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
मामले में रक्षा मंत्रालय ने आगे बताया कि 155 मिमी/52 कैलिबर एटीएजीएस तोप पुराने और छोटे कैलिबर की तोपों की जगह लेगी। इससे भारतीय सेना की तोपखाने की क्षमताओं में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। इस गन सिस्टम की खरीद तोपखाने रेजिमेंट के आधुनिकीकरण में एक अहम कदम है, जो सेना की परिचालन तत्परता को बेहतर बनाएगी।
ये भी पढ़ें:- MEA: 'USCIRF खुद चिंता का विषय', विदेश मंत्रालय ने खारिज की अमेरिकी पैनल की धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट
भारतीय सेना की स्ट्राइक क्षमता में होगी वृद्धि
इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एटीएजीएस अपनी असाधारण मारक क्षमता के लिए प्रसिद्ध है, और यह सटीक और लंबी दूरी के हमलों को सक्षम करके सेना की मारक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस तोप प्रणाली से भारतीय सेना की स्ट्राइक क्षमता में वृद्धि होगी, जो युद्ध में उसे एक बड़ी ताकत प्रदान करेगा। साथ ही इन नई प्रणालियों से भारतीय सेना के तोपखाने को और अधिक सक्षम, तेज और प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे देश की सुरक्षा और ताकत में और अधिक इजाफा होगा।