जामिया फायरिंग पर बोले डी राजा, चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं के भड़काऊ बयानों का परिणाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के जामिया नगर में एक युवक द्वारा की गई फायरिंग को लेकर सीपीआई के महासचिव डी राजा ने भाजपा पर निशाना साधा है। डी राजा ने गुरुवार को कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में फायरिंग की घटना दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार करते समय भाजपा नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियों का 'प्रत्यक्ष परिणाम' है।
राजा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी घटना महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हुई है। राजा ने कहा, जामिया फायरिंग की घटना दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा भड़काऊ बयानों का सीधा परिणाम है। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर को उनकी टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
जामिया के छात्रों ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जामिया से राजघाट तक नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ मार्च निकाला। इस मार्च के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने प्रदर्शन के दौरान गोली चला दी, जिससे एक प्रदर्शनकारी घायल हो गया है। वहीं पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद से एहतियात के तौर पर तीन मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। यह मेट्रो स्टेशन आईटीओ, दिल्ली गेट और जामा मस्जिद हैं।
एक चश्मदीद ने घटना का ब्योरा देते हुए कहा कि हमारा मार्च चल रहा था कि एक युवक अचानक दूसरी दिशा से सामने आया और हवा में पिस्तौल लहराते हुए बोला कि आओ मैं तुम्हें आजादी देता हूं और फिर उसने गोली चला दी।
पास ही खड़े शादाब आलम को गोली लग गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जामिया से राजघाट तक मार्च करने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद भी स्थानीय लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतर गए।
जामिया से राजघाट की ओर मार्च निकाल रहे छात्रों को पुलिस ने फायरिंग के बाद रोक लिया है। पुलिस उन्हें आगे जाने नहीं दे रही है। ऐसे में छात्र एक जगह इकट्ठा होकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।