Droupadi Murmu Oath: लोकतंत्र रचेगा नया इतिहास, देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी शपथ
चीफ जस्टिस रमण 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर द्रौपदी को दिलाएंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ, सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाली आजाद भारत में जन्मीं पहली शख्सियत होंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के सर्वोच्च पद की शपथ ग्रहण करेंगी। वह देश की 15वीं और आदिवासी समुदाय से आने वाली पहली महामहिम होंगी। इतना ही नहीं सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाली वह स्वतंत्र भारत में जन्मीं पहली शख्सियत होंगी। शपथ लेने के बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
सुबह 10.15 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह संसद के केंद्रीय हॉल में सुबह 10.15 बजे होगा। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एनवी रमण नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। राष्ट्रपति केंद्रीय हॉल में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगी। समारोह से पहले निवर्तमान और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न देशों के राजदूत, संसद सदस्य और प्रमुख सैन्य व असैन्य अधिकारी भी समारोह में शिरकत करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी
संसद के केंद्रीय हॉल में शपथ ग्रहण समारोह के समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति ‘राष्ट्रपति भवन’ के लिए रवाना होंगी। वहां उन्हें इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा। 64 वर्षीय मुर्मू ने बृहस्पतिवार को विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास रचा। मुर्मू ने सांसदों और विधायकों के 64 प्रतिशत से अधिक वैध वोट हासिल किए और भारी मतों के अंतर से चुनाव जीता। मुर्मू को सिन्हा के 3,80,177 वोटों के मुकाबले 6,76,803 वोट मिले।
- मुख्य न्यायाधीश एनवी रमण सुबह 10.15 बजे मुर्मू को संसद के केंद्रीय कक्ष में गौरवपूर्ण माहौल में राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। फिर 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
- शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, कई राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कई देशों के राजदूत व तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद रहेंगे। ब्यूरो
- पुराने संसद भवन में शपथ लेने वाली अंतिम राष्ट्रपति। नई संसद से विदाई लेने वाली भी पहली राष्ट्रपति होंगी, क्योंकि वर्तमान भवन में अंतिम सत्र चल रहा है। आगामी शीत सत्र नए भवन में होगा।
- 25 जुलाई को शपथ लेने वाली 10वीं राष्ट्रपतिः पहली बार 25 जुलाई 1977 को छठे राष्ट्रपति नीलमसंजीव रेड्डी ने शपथ ली थी। मुर्मू 10वीं राष्ट्रपति होंगी।
- दिल्ली पहुंचे परिजनः मुर्मू की बेटी बैंक अधिकारी इतिश्री व दामाद गणेश हेमब्रम शपथ समारोह के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। मुर्मू के भाई तारिनसेन टुडू और भाभी सुकरी टुडू उनके लिए संथाली साड़ी और आदिवासियों की पारंपरिक मिठाई अरिसा पिठा लाई हैं।