फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Coronavirus Vaccine research and test kits work in India all details Covid19

कोरोना से जंग में क्या है भारत की स्थिति, जांच किट से लेकर वैक्सीन तक का हाल

Sun, 07 Jun 2020 09:58 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: गौरव पाण्डेय Updated Sun, 07 Jun 2020 09:58 PM IST
विज्ञापन
Coronavirus Vaccine research and test kits work in India all details Covid19
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पिक्साबे

कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ी जा रही जंग में हर आम और खास का कोई सवाल है तो यह है कि इस जानलेवा महामारी की कोई दवा या वैक्सीन कब तक आएगी। दुनियाभर की प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिक इस वायरस की काट ढूंढने में जुटे हुए हैं। भारत में भी कोविड-19 महामारी की वैक्सीन पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी कहना है कि कोरोना की वैक्सीन पर हमारी लैब में जो काम चल रहा है उस पर दुनियाभर की नजर है। 

विज्ञापन


भारत में कोरोना वायरस की स्थिति की बात करें तो यहां संक्रमण की शुरुआत के समय स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर बेहद कमजोर था। वैक्सीन तो दूर की बात हमारे पास पीपीई किट, जांच किट और मास्क तक का पर्याप्त क्षमता में उत्पादन नहीं था। लेकिन अब देश में वैक्सीन पर भी काम हो रहा है और मास्क, पीपीई और जांच के क्षेत्र में भी नए और सफल प्रयोग देखने को मिल रहे हैं। आइये जानते हैं कि इस महामारी से निपटने में भारत में क्या प्रयास हो रहे हैं...

विज्ञापन

भारतीय कंपनियों की छह वैक्सीन प्री क्लीनिकल ट्रायल में

विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से 30 मई को जारी कोरोना वायरस की वैक्सीन से संबंधित ड्राफ्ट के अनुसार दुनियाभर में 121 वैक्सीन प्री क्लीनिकल स्टेज में हैं। इन 121 वैक्सीन में से छह भारत की हैं। इन्हें भारत की अलग-अलग दवा कंपनियों ने तैयार किया है। इसमें जाइडस कैडिला हेल्थकेयर की दो वैक्सीन हैं। 

इसके साथ भारत बायोटेक ग्रुप की विदेशी कंपनियों के साथ मिल कर बनाई गई दो वैक्सीन भी प्री क्लीनिकल स्टेज में हैं। इंडियन इम्युनोलॉजिकल्स लिमिटेड की  ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी की साझेदारी में एक वैक्सीन और  सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोडेजेनिक्स के साथ मिलकर बनाई वैक्सीन प्री क्लीनिकल स्टेज में है।

आईआईटी हैदराबाद की सस्ती जांच किट, 20 मिनट में नतीजे

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हैदराबाद के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि उन्होंने कोविड-19 की जांच के लिए किट विकसित की है, जिससे महज 20 मिनट में नतीजे आ जाएंगे। शोधकर्ताओं ने दावा किया कि उनके द्वारा विकसित कोविड-19 जांच किट मौजूदा समय में इस्तेमाल किए जा रहे रिवर्स ट्रांसक्रिप्शन पॉलिमरेस चेन रिएक्शन (आरटी-पीसीआर) पर आधारित नहीं है।

उन्होंने कहा कि किट 550 रुपये की कीमत पर विकसित की गई है और बड़े पैमाने पर उत्पादन होने पर इसकी कीमत 350 रुपये तक हो सकती है। शोधकर्ताओं ने जांच किट के पेटेंट के लिए आवेदन किया है और हैदराबाद स्थित ईएसआईसी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में नैदानिक परीक्षण चल रहा है है एवं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से मंजूरी मांगी गई है।

विज्ञापन

'आईजीजी एलिजा किट' पहली स्वदेशी एंटीबॉडी जांच किट

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोविड-19 से प्रभावित आबादी के अनुपात को समझने के लिहाज से सीरो-सर्वे के लिए इस्तेमाल होने वाली आईजीजी एलिजा किटों की विधिमान्य सूची जारी की है। आईजीजी एलिजा किट कोरोना वायरस के लिए पहली स्वदेशी एंटीबॉडी जांच किट हैं। रक्त सीरम में विशेष तत्वों का पता लगाने के लिए सीरो-सर्वे जांच की जाती है।

डालमिया हेल्थकेयर कर रही है आयुर्वेदिक दवा का ट्रायल

डालमिया समूह की कंपनी डालमिया हेल्थकेयर ने विभिन्न आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों को लेकर बनायी गयी दवा ‘आस्था-15’ के कोविड-19 के इलाज में उसकी उपयोगिता और प्रभाविता का पता लगाने के लिए क्लीनिकल परीक्षण शुरू किया है।डालमिया हेल्थकेयर ने कहा है कि उसे क्लिनिकल ट्रायल रजिस्ट्री (सीटीआर) से इसकी मंजूरी मिल गयी है और तीसरे चरण के परीक्षण के लिए सभी नियामकीय दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।

समूह की अनुसंधान एवं विकास इकाई डालमिया सेंटर फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट (डीसीआरडी) गहन शोध के बाद 15 औषधियों का एक ‘पॉलीहर्बल कॉम्बिनेशन’ बनाया, जिसे आस्था-15 का नाम दिया गया है। डालमिया ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन संजय डालमिया ने कहा, 'हम अपने अत्यधिक प्रभावशाली आयुर्वेदिक मिश्रण का मानवों पर परीक्षण कर रहे हैं। यह कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने में मदद कर सकता है।'

लखनऊ पीजीआई की तकनीक से 30 मिनट में जांच

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी आर्युविज्ञान संस्थान के मॉलीक्यूलर मेडिसिन एंड बॉयो टेक्नोलाजी विभाग के वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए विशेष तकनीक विकसित की है, जिसमें 30 मिनट में जांच संभव होगी और इस पर खर्च भी कम आएगा। विभाग की प्रमुख प्रो. स्वास्ति तिवारी का कहना है कि इस आरएनए आधारित त्वरित जांच किट पर पांच सौ रुपये से ज्यादा का खर्च नहीं होगा। 

तकनीक के पेटेंट के लिए आवेदन कर दिया है और अगर एसजीपीजीआई व आईसीएमआर से हरी झंडी मिल गई तो तीन से चार माह में यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यह तकनीक आरएनए आधारित है, यानि मरीज के नमूने से आरएनए निकाल कर उसमें ही संक्रमण देखा जाएगा। अभी तक विदेश से आयातित किट पर जांच चल रही है, जिसमें चार से पांच हजार का खर्च आता है और तीन से चार घंटे का समय लगता है।

प्लास्टिक की बेकार बोतलों से बनाया मास्क

आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने प्लास्टिक की बेकार बोतलों का इस्तेमाल करके एक उच्च दक्षता वाले मास्क बनाने के लिए एक तकनीक विकसित करने का दावा किया है। शोधकर्ताओं का दावा है कि इस तकनीक के जरिये बनाए जाने वाले इस तरह के मास्क से व्यावसायिक रूप से उपलब्ध मास्क की तुलना में न केवल आसानी से सांस ली जा सकती है बल्कि इसे 30 बार तक धोकर फिर से उपयोग किया जा सकता है।

आईआईटी मंडी की टीम ने ‘इलेक्ट्रोस्पिनिंग’ पर आधारित इस तकनीक के लिए पेटेंट भी दाखिल किया है। सहायक प्रोफेसर, सुमित सिन्हा रे के अनुसार, एन 95 स्तर के मास्क बनाने के लिए प्लास्टिक की बेकार पड़ी बोतलों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, ‘प्रयोगशाला पैमाने पर, मास्क के लिए सामग्री की लागत लगभग 25 रुपये प्रति मास्क थी। वाणिज्यिक विनिर्माण स्तर के दौरान, इसकी लागत लगभग आधी हो जाएगी।’

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed