सुरक्षा कवच : देशभर में 12-14 आयुवर्ग के 2.60 लाख से ज्यादा बच्चों को लगा टीका, पीएम बोले- दृढ़ संकल्प से हारी महामारी
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा है कि देशवासियों के प्रयासों में यह दिन महत्वपूर्ण है। अब से 12-14 आयु वर्ग के किशोर टीका लगवा सकते हैं। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी बुजुर्गों के लिए एहतियाती खुराक भी उपलब्ध है। उन्होंने टीका लगवाने के लिए सभी लोगों से आगे आकर संक्रमण से बचाव करने की अपील भी की।
विस्तार
जरूर लगवाएं टीका
अपने नागरिकों, अपने लोगों का टीकाकरण कराने के प्रयासों में आज भारत के लिए महत्वपूर्ण दिन है। मैं सभी पात्र लोगों से टीकाकरण कराने का आग्रह करता हूं। -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
विज्ञान की ताकत और लोगों के दृढ़ संकल्प से हारी महामारी : मोदी
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए विज्ञान की ताकत और लोगों के दृढ़ संकल्प को श्रेय दिया। उन्होंने बुधवार को कहा, हम इस जानलेवा महामारी से लड़ने में काफी बेहतर स्थिति में हैं। साथ ही हमें कोविड संबंधी सावधानियों का भी पालन करना होगा।
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा है कि देशवासियों के प्रयासों में यह दिन महत्वपूर्ण है। अब से 12-14 आयु वर्ग के किशोर टीका लगवा सकते हैं। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी बुजुर्गों के लिए एहतियाती खुराक भी उपलब्ध है। उन्होंने टीका लगवाने के लिए सभी लोगों से आगे आकर संक्रमण से बचाव करने की अपील भी की।
अभी तक सह रोग ग्रस्त 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को एहतियाती खुराक दी जा रही थी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, पूरे विश्व की देखभाल करने की भारत की भावना के अनुरूप, हमने वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम के तहत कई देशों को टीके भेजे।
मुझे खुशी है कि टीकाकरण के भारत के प्रयासों ने कोविड-19 के विरुद्ध विश्व की लड़ाई को मजबूत किया है। आज, भारत के पास कई ‘मेड इन इंडिया’ वैक्सीन हैं। हमने मूल्यांकन की आवश्यक प्रक्रिया के बाद अन्य वैक्सीन को भी अनुमति प्रदान की है।
राज्यों ने भी किया बेहतर काम
पीएम मोदी ने यह भी लिखा कि राज्यों ने भी टीकाकरण में बेहतर काम किया और पर्यटन आधारित पहाड़ी राज्यों ने तो शत प्रतिशत टीकाकरण का अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल कर लिया है। लोगों और राज्यों ने मिलकर कोरोना महामारी को हरा दिया है।
28 दिन के अंतराल पर लेनी होंगी दो खुराक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के साथ एक सूची भी साझा की है जिसके अनुसार देश में 12 से 13 साल के बीच 1,21,43,000 लड़के और 1,13,27,000 लड़कियां हैं। इसी तरह 13 से 14 साल के 1,22,50,000 लड़के और 1,14,23,000 लड़कियां हैं जिन्हें कोर्बेवैक्स की दो खुराक 28 दिन के अंतराल में देनी अनिवार्य है।