कोरोनावायरस: विमान में यात्री ने की उल्टी, एहतियातन पुणे के विशेष वार्ड में किया गया भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से पुणे जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान में बीच रास्ते में एक यात्री के उल्टी करने के बाद उसे शुक्रवार को पुणे के नगर निगम के नायडू अस्पताल के विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
संदेह जताया जा रहा है कि यात्री को कोरोनावायरस के लक्षण हो सकते हैं, इसलिए एहतियातन उसे अस्पताल में अलग-थलग रखा गया है।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह पुणे हवाईअड्डे पर विमान के उतरने के बाद यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने कहा कि यात्री एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली से पुणे आ रहा था। उसने जी मिचलाने की शिकायत की और विमान में ही उल्टी कर दी। पुणे हवाईअड्डे पर विमान के पहुंचने के बाद, उसे तत्काल अन्य यात्रियों अलग किया गया और नायडू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुणे हवाईअड्डे के अधिकारियों के मुताबिक बाद में विमान की अच्छी तरह से साफ-सफाई की गई। नायडू अस्पताल महाराष्ट्र के उन तीन अस्पतालों में एक है, जहां कोरोनावायरस के संदिग्ध मामलों से निपटने के लिए पृथक केंद्र बनाए गए हैं। महाराष्ट्र में अब तक एक भी ऐसा मामला सामने नहीं आया है जिसमें इस वायरस से संक्रमण की पुष्टि हुई हो।
चीन में चिकित्सा सहायकों की जगह रोबोट्स का हो रहा प्रयोग
इससे पहले चीन के वुहान प्रांत से फैले कोरोनावायरस से अब तक 636 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 31,000 तक पहुंच चुकी है। कोरोनावायरस से परेशान चीन ने देश के अस्पतालों में चिकित्सा सहायकों के रूप में रोबोट्स का प्रयोग कर रहा है, ताकि इलाज के दौरान डॉक्टरों को होने वाले खतरों को कम किया जा सके।
दूरी से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग की सुविधा प्रदान करने वाला रोबोट 'टेलीप्रेजेंस बॉट्स' और अन्य रोबोट्स का प्रयोग चीन के अस्पतालों में हो रहा है। इन रोबोट्स का प्रयोग मरीजों के सेहत की जांच करने और दवाइयों को पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। इनके प्रयोग से कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने में मदद मिल रही है।
शंघाई की एक कंपनी 'कीनन रोबोटिक्स कंपनी' ने एक मॉडल के 16 रोबोटों को तैनात किया है। इन रोबोट्स को 'लिटिल पीनट' का नाम दिया गया है। इन रोबोट्स को हांग्जू के अस्पताल में तैनात किया गया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, चीन के ग्वांगझू, जियांगी, चेंग्डू, बीजिंग, शंघाई और तियानजिन के अस्पताल में कोरोनावायरस से लड़ने के लिए इन रोबोट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कोरोनावायरस के तेजी से हो रहे प्रसार ने चीन के अस्पतालों को इन रोबोट्स को सहायकों में बदलने के लिए मजबूर किया है। फिलहाल इन रोबोट्स का प्रयोग कर डॉक्टरों को कोरोनावायरस के मरीजों के संपर्क से बचाने की कवायद जारी है। रोबोट्स के प्रयोग से डॉक्टरों को कम से कम मरीजों के पास जाने की जरूरत पड़ रही है।
रोबोट्स के अलावा कोरोनावायरस से निपटने के लिए चीन में ड्रोन का प्रयोग किया जा रहा है। ड्रोन्स का प्रयोग कर जरूरत के सामानों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इनका प्रयोग कर लोगों को खाने से लेकर दवाओं तक को पहुंचाया जा रहा है।