कोरोनावायरस: स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुरू किया कॉल सेंटर, चीन जाने वालों को किया आगाह
चीन के वुहान शहर से फैले कोरोनावायरस के विश्व के 10 देशों में फैलने की पुष्टि हो चुकी है, कई देशों में इसके संदिग्ध मिल रहे हैं, इनमें भारत में भी दो संदिग्ध शामिल हैं। इस वायरस के चलते अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इसे देखते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने चीन यात्रा करने वाले लोगों के लिए यात्रा परामर्श जारी कर दिया है। साथ में मंत्रालय ने कॉल सेंटर भी शुरू किया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि उसने कोरोना विषाणु की स्थिति की निगरानी और इस बीमारी के बारे में किसी भी तरह के सवाल का जवाब देने के लिए चौबीस घंटे सातों दिन चलने वाला कॉल सेंटर शुरू कर दिया है
यात्रा परामर्श जारी करते हुए मंत्रालय ने कहा कि, इस वायरस के फैलने का कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कोरोनावायरस इंसानों से इंसानों के बीच फैल सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने इसके वैश्विक प्रसार के जोखिम को कम बताया है।
बयान में, मंत्रालय ने यात्रियों के लिए एहतियात और यात्रा सलाह जारी की है। जो कुछ इस प्रकार हैं:-
- साफ-सफाई का खास ख्याल रखें
- निरंतर रूप से हाथों को साबुन से धोएं
- खांसने या छींकने पर अपना मुंह ढक लें
- ऐसे लोगों के साथ निकट संपर्क से बचें जो अस्वस्थ हैं या जिनमें बीमारी के लक्षण दिख रहे हो, जैसे कि खांसी, नाक बहना आदि
- जीवित पशुओं और कच्चे / अधपके मीट के सेवन से बचें
- खेतों की यात्रा से बचें, पशु बाजारों में या जहां जानवरों का वध किया जाता है वहां ना जाएं
- अगर आपको श्वसन संबंधी लक्षण जैसे खांसी या जुकाम है तो मास्क पहनें
साथ ही मंत्रालय ने उन लोगों के लिए विशेष दिशानिर्देश भी जारी किए हैं जो वुहान शहर की यात्रा कर रहे हैं। मंत्रालय ने यात्रियों से अपने स्वास्थ्य की बारीकी से निगरानी करने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए यात्रा परामर्श के अनुसार, मंत्रालय ने यात्रियों से कहा है:-
- खांसते या छींकते समय मुंह ढक कर रखें
- बीमार होने पर यात्रा की योजना न बनाएं
- बीमार होने पर तुरंत चिकित्सा जांच कराएं
इसके अलावा परामर्श में यह भी कहा गया है, अगर कोई यात्री भारत वापस आते समय फ्लाइट में बीमार महसूस करता है, तो उसे एयरलाइन के क्रू मेंबर्स को बीमारी की जानकारी देनी चाहिए। यात्री को चालक दल के सदस्यों से एक मास्क लेना चाहिए और सह-यात्रियों के साथ निकट संपर्क से बचना चाहिए और एयरलाइन चालक दल के सदस्य की दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए। 21 जनवरी को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा था कि सभी हवाई अड्डों पर हांगकांग और चीन से भारत आने वाले यात्रियों की थर्मल जांच के संबंध में तत्काल व्यवस्था की जाए।
Ministry of Health & Family Welfare issues travel advisory to travellers visiting China, in the view of #NovelCoronavirus outbreak in #China. pic.twitter.com/vIKHxz4KUq
— ANI (@ANI) January 25, 2020