न्यूज डायरी: मणिपुर पहुंचे उपराष्ट्रपति; आईएनए संग्रहालय का करेंगे दौरा, टीएमसी नेता ओब्रायन से पूछताछ
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंचे। इम्फाल एयरपोर्ट पर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरांग जाएंगे, जहां वे भारतीय राष्ट्रीय सेना (INA) संग्रहालय और युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे। मोइरांग ऐतिहासिक रूप से INA से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है, जहां 14 अप्रैल 1944 को पहली बार INA का झंडा फहराया गया था।
INA की विरासत और सैनिक स्कूल का भी करेंगे दौरा
मोइरांग स्थित INA संग्रहालय में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में INA के सैनिकों के बलिदान की याद दिलाने वाली कई ऐतिहासिक वस्तुएं सुरक्षित हैं। यहां पत्र, तस्वीरें, रैंक बैज और युद्ध से जुड़ी अन्य सामग्री प्रदर्शित की गई है। संग्रहालय और युद्ध स्मारक के दौरे के बाद राधाकृष्णन इम्फाल लौटकर सैनिक स्कूल जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह भी उनके साथ रहेंगे। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि असम से मणिपुर पहुंचे उपराष्ट्रपति शाम 4:30 बजे मणिपुर से रवाना होकर अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित डोनी पोलो एयरपोर्ट जाएंगे।
जेल में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप में प्रज्वल रेवन्ना दो दिन की पुलिस हिरासत में
बंगलूरू की एक अदालत ने मंगलवार को पूर्व जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना को जेल के अंदर कथित तौर पर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। रेवन्ना को सह-आरोपी प्रताप राय के साथ अदालत में पेश किया गया था। पुलिस के मुताबिक, बंगलूरू की परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल में मोबाइल फोन इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच को आगे बढ़ाने के लिए अदालत ने रेवन्ना और प्रताप राय को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने की अनुमति दी। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना फिलहाल दुष्कर्म के एक मामले में सजा काट रहे हैं और इसी जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, जेल में हाल ही में केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) ने तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल का मामला सामने आया। इसके बाद अधिकारियों ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की कि हाई सिक्योरिटी जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया। मामले में पुलिस अब जेल के भीतर मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पद्म श्री सम्मानित और साक्षरता कार्यकर्ता हरेकला हजब्बा को कर्नाटक में जारी एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम से जुड़ी विसंगति को लेकर चुनावी नोटिस मिला है। सूत्रों के मुताबिक, 2002 की सूची में उनका नाम हजब्बा दर्ज था, जबकि आधिकारिक दस्तावेजों में उनका पूरा नाम हरेकला हजब्बा दर्ज है। भारत निर्वाचन आयोग की नियमित सत्यापन प्रक्रिया के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उनके घर पहुंचकर नोटिस सौंपा।
केंद्रीय मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की तर्ज पर प्रधानमंत्री मोदी केंद्रीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर आकलन के लिए राज्यों के मंत्रियों के साथ भी सीधा संवाद करेंगे। दरअसल केंद्रीय योजनाओं को तेजी से लागू करने और इसके क्रियान्वयन की राह में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने की यह कवायद है। सरकार की कोशिश है कि ऐसी बैठकों में विपक्षशासित राज्यों के मंत्रियों को भी शामिल किया जाए। यह विचार हाल ही में भाजपा मुख्यालय में जल संशाधन कार्यशाला में सामने आया, जिसमें प्रधानमंत्री ने राजगशासित राज्यों के 25 मंत्रियों को संबोधित किया था। इससे पहले जलशक्ति मंत्रालयों के सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के संबंधित मंत्रियों के साथ संवाद किया था।
केपीएससी के निलंबित चेयरमैन साहूकार के घर सीआईडी की छापेमारी
कर्नाटक लोक सेवा आयोग में कथित भर्ती अनियमितताओं की जांच के तहत सीआईडी ने निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस. साहूकार के बेंगलुरु स्थित आवास पर छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डॉलर्स कॉलोनी स्थित साहूकार के घर के साथ उनके रिश्तेदारों के परिसरों की भी तलाशी ली गई। यह कार्रवाई सोमवार से शुरू हुई थी और मंगलवार को भी जारी रही। यह छापेमारी कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा मामले में साहूकार की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के एक दिन बाद हुई है। अदालत ने कहा था कि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए और आरोप एक “व्यवस्थित धोखाधड़ी” की ओर इशारा करते हैं। कोर्ट ने यह भी चिंता जताई थी कि ऐसी अनियमितताएं जारी रहीं तो लोगों का व्यवस्था से विश्वास पूरी तरह उठ जाएगा और मेधावी छात्रों का क्या होगा। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी परीक्षा रिकॉर्ड और ओएमआर शीट में कथित हेरफेर, बिचौलियों को किए गए भुगतान तथा भर्ती प्रक्रिया में अन्य गड़बड़ियों की जांच कर रही है। एजेंसी साहूकार समेत अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है। मामले में सीआईडी ने पूर्व केपीएससी परीक्षा नियंत्रक और IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार तथा कथित बिचौलिए बसवराज कन्नाले को गिरफ्तार किया है। जांच 400 वेटरिनरी अधिकारियों की भर्ती से जुड़ी है, जिनमें 342 नियमित और 58 बैकलॉग पद शामिल हैं। इस संबंध में 24 जुलाई को विधान सौधा पुलिस में शिकायत दर्ज हुई थी। साहूकार को 13 जुलाई को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने निलंबित किया था। उन पर अपनी दो बेटियों को इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन ऑफिसर के पद पर कथित तौर पर अवैध तरीके से चयनित कराने में मदद करने के आरोप हैं।
केरलम में 36 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
केरलम में सितंबर की शुरुआत में ही गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर रहने के बीच कोल्लम जिले के पुनालूर में सोमवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सितंबर के पहले सप्ताह में तापमान का इतना ऊपर जाना असामान्य है, क्योंकि इस दौरान आमतौर पर राज्य पर दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर बना रहता है। कोट्टायम में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक और सूचीबद्ध केंद्रों में सबसे बड़ा विचलन रहा। पालक्काड में 34.2 डिग्री, सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक, जबकि कोच्चि के CIAL में 34.1 डिग्री, सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया। तिरुवनंतपुरम शहर और वेल्लानिक्कारा में तापमान 33.8 डिग्री रहा, जो क्रमश: 2.8 और 3.7 डिग्री अधिक है। कोझिकोड में 33 डिग्री और कन्नूर में 32.7 डिग्री तापमान रहा, दोनों अपने सामान्य स्तर से दो डिग्री से अधिक ऊपर रहे। लक्षद्वीप के अमिनी में 33.4 डिग्री, मिनिकॉय में 33 डिग्री और अगत्ती में 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कमजोर मानसूनी गतिविधि और सामान्य से अधिक तापमान के कारण राज्य के कई हिस्सों में सितंबर की शुरुआत भीषण गर्मी के आगे बढ़ने जैसी महसूस हो रही है।
RTI के तहत मांगी गई जानकारी ना देने पर होगी सख्त कार्रवाई
केरल के सूचना आयुक्त टी.के. रामकृष्णन ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि सूचना का अधिकार कानून के तहत मांगी गई जानकारी देने से बचने के लिए फाइल के गायब होने या उपलब्ध नहीं होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। कोझिकोड जिला कलेक्ट्रेट के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारी RTI आवेदनों के जवाब में बताते हैं कि संबंधित फाइल मिल नहीं रही है, जबकि सरकारी रिकॉर्ड सुरक्षित रखना संबंधित लोक प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फाइल गायब होने पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए और हर फाइल का एक जिम्मेदार संरक्षक तय होना चाहिए। अधिकारियों को यह भी पता लगाना होगा कि फाइल आखिरी बार किसके पास थी। रामकृष्णन ने अधिकारियों से RTI कानून को सकारात्मक दृष्टिकोण से लेने और निर्धारित समय सीमा में सूचना उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बताया कि अगले महीने जिला स्तर के अधिकारियों के लिए RTI कानून को लेकर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। करंथूर निवासी अब्दुल कलाम की शिकायत पर उन्होंने कुन्नमंगलम पंचायत के RTI अधिकारी को फाइल तलाशकर मांगी गई सूचना देने का निर्देश दिया। कोझिकोड गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के सूचना अधिकारी को शुल्क जमा होने के बावजूद दस्तावेज नहीं देने पर फटकार लगाई गई और स्पीड पोस्ट से तुरंत सूचना भेजने को कहा गया। नदापुरम पुलिस को CCTV फुटेज उपलब्ध कराने तथा मलाबार देवस्वोम बोर्ड के अधिकारी को रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सुनवाई के दौरान कुल 15 शिकायतों का निपटारा किया गया।
असम में 20 हजार याबा टैबलेट बरामद
असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में 2 करोड़ रुपये मूल्य की 20,000 याबा टैबलेट जब्त की हैं और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि याबा को थाई भाषा में ‘क्रेजी मेडिसिन’ के नाम से भी जाना जाता है। इन टैबलेट में मेथामफेटामाइन और कैफीन जैसे पदार्थ पाए जाते हैं। मेथामफेटामाइन एक नियंत्रित मादक पदार्थ है और देश में याबा का अवैध रूप से कारोबार किया जाता है। मुख्यमंत्री ने ड्रग्स तस्करों को सख्त संदेश देते हुए कहा, “असम में ड्रग्स लाने से पहले दो बार सोचें।” पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
असम में सीमा पार करने की कोशिश कर रहे नौ संदिग्ध पकड़े गए
असम के बिस्वनाथ जिले में सीमा पार कर अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे नौ संदिग्ध घुसपैठियों को पुलिस ने पकड़ लिया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सीमा पर सुरक्षा और निगरानी पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि बिस्वनाथ में नौ लोगों को सीमा पार करने से रोका गया और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लगातार सतर्क रहेंगे और अवैध प्रवेश की हर कोशिश को रोकेंगे। हालांकि, सरमा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित घुसपैठिए किस सीमा के रास्ते जिले में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। बिस्वनाथ जिले की सीमा पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश से लगती है।
गुजरात के छोटे से गांव में किसान परिवार में जन्मे भारतीय-अमेरिकी कृषि वैज्ञानिक डॉ. करीम मरेडिया को प्रतिष्ठित बोरलॉग का कास्ट कम्युनिकेशन अवार्ड मिलेगा। यह पुरस्कार नोबेल पुरस्कार विजेता नॉर्मन बोरलॉग की याद में दिया जाता है। काउंसिल फॉर एग्रीकल्चरल साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीएएसटी) की ओर से उन्हें यह सम्मान 10 दिसंबर को वाशिंगटन स्थित लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में दिया जाएगा।
भूपेन हजारिका को पेमा खांडू ने दी श्रद्धांजलि
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को महान गायक और संगीतकार भूपेन हजारिका की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी आवाज और गीतों ने पूर्वोत्तर भारत ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया के लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम किया। खांडू ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में कहा कि हजारिका के गीत भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों को जोड़ते थे। उन्होंने कहा,'आपके गीतों ने पूर्वोत्तर भारत और दुनिया के बाकी हिस्सों के दिलों को खूबसूरती से जोड़ा। अरुणाचल में आपकी धुनें आज भी गूंजती हैं और शांति, एकता तथा सांस्कृतिक गौरव की प्रेरणा देती हैं। आपकी कालजयी विरासत पीढ़ियों को जोड़ती रहे।' उपमुख्यमंत्री चाउना मीन ने भी ‘ब्रह्मपुत्र के बार्ड’ भूपेन हजारिका को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि हजारिका ने अपने गीतों, शब्दों और विचारों के जरिए पूर्वोत्तर के लोगों, नदियों, संघर्षों और उनकी जीवंत भावना को आवाज दी। मीन के मुताबिक, उनकी रचनाएं कला से कहीं आगे बढ़कर विभिन्न संस्कृतियों और मानवता को जोड़ने वाला स्थायी सेतु बन गईं। भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के तिनसुकिया जिले के सादिया में हुआ था। उनका निधन 5 नवंबर 2011 को मुंबई में हुआ। उन्हें मरणोपरांत वर्ष 2019 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
TMC कार्यालय में झड़प मामले में डेरेक ओ'ब्रायन से पूछताछ
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन मंगलवार को कोलकाता पुलिस के सामने दूसरी बार पेश हुए। यह मामला 27 अगस्त को पार्टी के कैमैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में बिलबोर्ड हटाने को लेकर अधिकारियों और निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओ'ब्रायन सुबह करीब 11:10 बजे शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे, जहां पुलिस उनसे घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कोलकाता नगर निगम (KMC) के विज्ञापन विभाग के एक अधिकारी ने भी इस घटना को लेकर अलग शिकायत दर्ज कराई है। झड़प के बाद अब तक कम से कम 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस इससे पहले भी मामले की जांच के तहत ओ'ब्रायन और सुमित रॉय से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, अभिषेक बनर्जी 1 सितंबर को इस मामले में पुलिस के सामने पेश हुए थे।
निलंबित कार्यकर्ता को निजी स्टाफ बनाने पर KPCC चीफ ने जताई आपत्ति
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मंगलवार को कहा कि अगर कांग्रेस विधायक रम्या हरिदास ने पार्टी से निलंबित कार्यकर्ता पलायम प्रदीप को अपना निजी स्टाफ नियुक्त करने के लिए पत्र दिया है, तो यह 'सही नहीं' है। प्रदीप को हाल ही में चिरायिनकीझु में हरिदास और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया था। खबरों के मुताबिक, हरिदास ने विधानसभा को पत्र देकर प्रदीप को मई से पूर्व प्रभाव से अपना निजी स्टाफ बनाने का अनुरोध किया था। इस पर जोसेफ ने कहा कि यह देखना होगा कि पत्र कब दिया गया था और अगर इसे अब दिया गया है तो यह उचित नहीं है। KPCC ने रविवार को प्रदीप और एस. साजाद को गंभीर संगठनात्मक अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया था। शुक्रवार रात हुई झड़प में हरिदास के घायल होने की बात सामने आई थी और उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेताओं पर हमला करने का आरोप लगाया था। वहीं, दूसरे पक्ष ने विवाद की अलग कहानी बताई है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के रैना में 11 सितंबर को रैली निकालने की अनुमति के लिए दायर याचिका पर कलकत्ता हाईकोर्ट 10 सितंबर को सुनवाई करेगा। अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) के वकील ने मंगलवार को अदालत से तत्काल सुनवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन ने 31 अगस्त को पुलिस से रैली की अनुमति मांगी थी। इसके बाद 3 सितंबर को पुलिस को याद दिलाया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने मामले को 10 सितंबर को तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। एआईकेएस वामपंथी किसानों का संगठन है।
बंगाल की खाड़ी में 11 सितंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व बर्धमान, हुगली, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा दक्षिण 24 परगना में गुरुवार तक भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मंगलवार सुबह तक दुर्गाचक में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मणिपुर के इंफाल में असम के एक व्यक्ति की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात थंगल बाजार में सिलचर के बोरोजालेंगा गांव निवासी व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों में से एक ने हत्या की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, गांजा की अवैध खरीद-बिक्री को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद था। इसी विवाद और बदले की भावना में हत्या की गई। पुलिस हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
केरल पुलिस ने शिक्षकों और छात्राओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो कथित तौर पर बनाने और फैलाने के मामले में गिरफ्तार दो छात्रों पर POCSO कानून के तहत भी केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री मिली। दोनों आरोपी अलग-अलग कॉलेजों के छात्र हैं। पुलिस का कहना है कि वे एक पेड टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े थे, जहां ऐसी सामग्री पैसे के लिए साझा की जाती थी। एक आरोपी को पिछले सप्ताह और दूसरे को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।