{"_id":"67dc42f8782d4b38e106d8aa","slug":"cop30-president-says-india-brazil-key-to-global-climate-action-as-global-north-fails-to-show-way-2025-03-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"COP30: 'जलवायु कार्रवाई में विकसित देश फेल, भारत और ब्राजील निभा सकते हैं अग्रणी भूमिका', बोले कॉप30 अध्यक्ष","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
COP30: 'जलवायु कार्रवाई में विकसित देश फेल, भारत और ब्राजील निभा सकते हैं अग्रणी भूमिका', बोले कॉप30 अध्यक्ष
Thu, 20 Mar 2025 10:01 PM IST
शिव शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शुक्ला
Updated Thu, 20 Mar 2025 10:01 PM IST
विज्ञापन
जलवायु ।
- फोटो : freepik
संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप30) के अध्यक्ष आंद्रे कोरिया डो लागो ने बृहस्पतिवार को कहा कि वैश्विक उत्तर (विकसित देश) के नेतृत्व जलवायु कार्रवाई में विफल हो चुका है। अब भारत और ब्राजील जैसे वैश्विक दक्षिण के देश इस लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में मजबूत संस्थानों, वैज्ञानिक क्षमता के साथ बड़ी संवेदनशील आबादी है, जो उन्हें इस संकट से निपटने के लिए बेहतरीन स्थिति में खड़ा करती है।
विज्ञापन
भारत में द्विपक्षीय वार्ता के लिए पहुंचे लागो पूर्व में ब्राजील के भारत में राजदूत भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा, अमेरिका जलवायु मुद्दे पर पीछे हटता दिखा रहा है, यूरोप रक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। ऐसे में वैश्विक दक्षिण को ही नेतृत्व करना होगा। पेरिस समझौते और यूएनएफसीसीसी के बाहर भी वित्तीय व प्रशासनिक संस्थानों को जलवायु प्रतिबद्धताओं को लागू करने के लिए प्रेरित करना होगा।
विज्ञापन
दक्षिण-दक्षिण सहयोग पर जोर
कॉप30 अध्यक्ष ने कहा, दक्षिण ने बहुपक्षीय प्रक्रियाओं में सहयोगात्मक भूमिका निभाई, लेकिन उत्तर ने उत्सर्जन कम करने और वित्तीय सहायता देने के वादे पूरे नहीं किए। भारत और ब्राजील जैसे देशों के पास वैज्ञानिक क्षमता है, लेकिन गरीब आबादी भी है। इसलिए, उन्हें जलवायु समाधान खोजने होंगे। उन्होंने बताया कि ब्राजील और भारत ब्रिक्स व बेसिंक जैसे अंतरराष्ट्रीय समूहों में मिलकर दक्षिण-दक्षिण एजेंडा को बढ़ावा दे रहे हैं। कोरिया डो लागो ने कहा, जलवायु न्याय के लिए वैश्विक दक्षिण को एकजुट होकर नई रणनीतियां बनानी होंगी। कॉप30 में हम इस दिशा में ठोस कदम उठाने पर फोकस करेंगे।
विज्ञापन
जयशंकर ने ब्राजील की कॉप30 अध्यक्षता को दिया भारत का समर्थन
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को ब्राजील के कॉप30 अध्यक्षता को भारत का पूरा समर्थन देते हुए कहा कि यह जलवायु सम्मेलन सफल और ठोस नतीजों वाला होगा। यह बयान जयशंकर और कॉप30 अमेजोनिया के अध्यक्ष व ब्राजील के पूर्व भारतीय राजदूत आंद्रे अरान्हा कोरिया डो लागो के बीच हुई बैठक के बाद आया। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन कॉप30 इस साल सम्मेलन 10 से 21 नवंबर तक ब्राजील के बेलेम में आयोजित किया जाएगा।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, कॉप30 के अध्यक्ष डो लागो से मुलाकात की। भारत और ब्राजील जलवायु कार्रवाई, टिकाऊ विकास और सामाजिक समावेशन जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं। दोनों देश ब्रिक्स, जी20, बेसिक और अंतरराष्ट्री सौर ऊर्जा गठबंधन जैसे वैश्विक मंचों पर सक्रिय साझेदारी करते रहे हैं। कॉप30 की अध्यक्षता के दौरान ब्राजील के लिए भारत का समर्थन जलवायु वित्त, उत्सर्जन कटौती और हरित प्रौद्योगिकी जैसे मुद्दों पर वैश्विक सहमति बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। जयशंकर ने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार, ऊर्जा, संस्कृति और रक्षा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों लोकतांत्रिक मूल्यों और बहुपक्षीयता में विश्वास रखते हैं। कॉप30 से पहले इस साझेदारी से वैश्विक जलवायु एजेंडे को गति मिलने की संभावना है।