मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुनकर आएंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया, जल्द होगा एलान!
- 26 मार्च को 55 सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनावों में मिलेगी सफलता
- मध्य प्रदेश में खाली हो रही हैं तीन राज्यसभा सीटें, फिलहाल एक ही सीट हैं कांग्रेस के पास
विस्तार
सूत्र का कहना है कि ज्योतिरादित्य पार्टी के युवा, तेज तर्रार नेता हैं। उनकी अहमियत को कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी के नेता समझते हैं। इसमें किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।
मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार से विधायकों की नाराजगी को लेकर चल रहे घटनाक्रम में मीडिया का एक हिस्सा इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य के बीच चल रहे राजनीतिक घमासान को भी आधार बना रहा था।
कहा जा रहा था कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से एक सीट अभी कांग्रेस के पास है और दो भाजपा के पास। इस बार यह संख्या पलट सकती है। कांग्रेस पास दो और भाजपा के पास एक सीट आ सकती है।
बताते हैं इसी को लेकर दिग्विजय सिंह पहली और सुरक्षित सीट चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दूसरी सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों जोर अजमाएंगी। इस पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता का कहना है कि ज्योतिरादित्य को राज्यसभा की उम्मीदवारी मिलनी और उनका राज्यसभा में आना करीब-करीब तय है। इसके आगे वह कुछ नहीं कहना चाहते।