MP: EVM का बटन दबाने पर बीजेपी को गया वोट, दिग्विजय-केजरी बोले शुरू से भरोसा नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद से इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी का मुद्दा छाया हुआ है। मध्य प्रदेश से ऐसी खबरें आ रही हैं कि ईवीएम का बटन दबाने पर बीजेपी को वोट जा रहे हैं। मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आना भी शुरू हो गई है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को ईवीएम पर भरोसा नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ ही आप नेता अरविंद केजरीवाल भी शनिवार को मध्य प्रदेश (एमपी) के भिंड में ईवीएम में कथित खराबी के खुलासे की शिकायत लेकर चुनाव आयोग पहुंचे। उन्होंने आयोग से कहा है कि मशीन के ट्रायल के दौरान जिस तरह मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अलग-अलग बटन दबाए और वीवीपीएटी मशीन से भाजपा के चुनाव निशान की पर्ची निकली वह शिकायत के लिए पर्याप्त सुबूत है।
कांग्रेस नेताओं ने आयोग को मीडिया की मौजूदगी में बने वीडियो की पैन ड्राइव भी सौंपी है। कांग्रेस का कहना है कि सभी दल ईवीएम पर शंका जताते आए हैं। लिहाजा अब मतपत्रों से मतदान हों। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, मोहन प्रकाश, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आदि नेता ईवीएम में गड़बड़ी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की शिकायत लेकर शनिवार को चुनाव आयोग पहुंचे। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों आयुक्तों को एक ज्ञापन सौंपा है।
महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा कि मध्य प्रदेश की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम की ट्रायल के दौरान स्वयं बटन दबाया है और सच्चाई सामने आई है। ऐसे में पूरे देश में ईवीएम को लेकर उठ रही शंका को बल मिला है। खबर प्रकाशित न हो इसके लिए वहां मौजूद मीडिया के लोगों को जिलाधिकारी ने धमकाया। उन्होंने जेल भेजने की धमकी दी है। उनका कहना है कि आयोग को निष्पक्ष चुनाव के लिए तत्काल ईवीएम पर प्रतिबंध लगाना चाहिए और वहां होने वाले उपचुनाव कुछ दिन टालकर बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मशीन में गड़बड़ी सामने आई है वह यूपी से लाई गई है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे शुरू से ही ईवीएम पर भरोसा नहीं था। दुनिया के अधिकतर देशों में मतपत्रों से ही चुनाव होते हैं। विकसित देशों में भी मतपत्र से मतदान होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम में लगने वाली चिप में हेरफेर की जा सकती है। उन्होंने कहा लालकृष्ण आडवाणी, मायावती और अरविंद केजरीवाल ने ईवीएम को लेकर जो सवाल उठाए हैं मैं उसने सहमत हूं। फिलहाल गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसलिए वहीं से मतपत्रों से मतदान की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। सिंधिया ने बताया कि आयोग ने आश्वस्त किया है कि उनकी शिकायत पर गंभीरता से विचार होगा।
Mujhe shuru se EVM pe bharosa nhi.Jb sare vishwa mein chunaav ballot paper se ho rahe hain, toh hume kya aitraaz hona chahiy:Digvijaya Singh pic.twitter.com/yh9EJBnvDM
— ANI (@ANI_news) April 1, 2017
EVM गड़बड़ी पर केजरीवाल बोले- गड़बड़ी भाजपा के ही साथ क्यों?
केजरीवाल ने मध्यप्रदेश के भिंड में चुनाव आयोग द्वारा किए गए ईवीएम के टेस्ट पर कहा, ''आखिर वीवीपीएटी में से दोनों भाजपा के ही पर्चे क्यों निकले? गड़बड़ी कांग्रेस या सपा के साथ क्यों नहीं होती सिर्फ बीजेपी के साथ ही क्यों होती है?''