फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Citizenship Amendment Act: 2400 passengers stranded in northeast, 800 still waiting

नागरिकता कानून: पूर्वोत्तर में फंसे 2400 यात्री निकाले, पीएम-शाह से मिलेंगे सोनोवाल, कर्फ्यू में ढील

Sun, 15 Dec 2019 07:07 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: आसिम खान Updated Sun, 15 Dec 2019 07:07 AM IST
विज्ञापन
Citizenship Amendment Act: 2400 passengers stranded in northeast, 800 still waiting
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन - फोटो : PTI

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उबले असम समेत पूर्वोत्तर में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेलवे ने गुवाहाटी से विशेष ट्रेनें चलाई हैं। अब तक 2400 यात्री निकाले जा चुके हैं, जबकि 800 को निकाला जाना बाकी है। ये 800 लोग गुवाहाटी में फंसे हैं। एक ट्रेन दीमापुर के लिए चलाई गई। असम के गोलाघाट जिले में मुख्य जंक्शन फुरकेतिंग और डिब्रूगढ़ के लिए ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

विज्ञापन


कर्फ्यू में ढील दी
गुवाहाटी में सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। वहीं डिब्रूगढ़ के उपायुक्त पल्लव गोपाल झा ने रविवार को कहा कि डिब्रूगढ़ (असम) में कर्फ्यू में आज सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है।
विज्ञापन

 

पीएम व केंद्रीय गृहमंत्री से मिलेंगे सोनोवाल
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में असम में चल रहे प्रदर्शनों पर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से जल्द मुलाकात करेगा। राज्य के संसदीय कार्यकारी मंत्री चंद्र मोहन पातोवारी ने शनिवार को बताया कि भाजपा विधायकों और सांसदों की एक बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही आज की बैठक में नागरिकों से राज्य में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। मुख्यमंत्री सोनोवाल ने  एक ट्वीट कर बैठक की जानकारी दी। 

असम में हिंसा फैलाने के आरोप में 85 गिरफ्तार
असम में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप में 85 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। असम के डीजीपी भास्कर ज्योति महंत ने बताया कि राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हंगामे के दौरान पत्थरबाजी, आगजनी की वीडियोग्राफी कराई गई थी। इसके आधार पर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा।

असम कांग्रेस के नेताओं ने दी सुप्रीम कोर्ट में याचिका 
नागरिकता विधेयक में संशोधन के विरोध में असम कांग्रेस के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दी है। पार्टी प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।  

असम में कांग्रेस, एआईयूडीएफ ने विशेष सत्र बुलाने की मांग की
असम में विपक्षी कांग्रेस और एआईयूडीएफ ने विधानसभा स्पीकर से विशेष सत्र बुलाने की मांग की है, ताकि नागरिकता संशोधन कानून पर लोगों की चिंताओं पर चर्चा की जा सके। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया ने इस बारे में विधानसभा स्पीकर हितेन गोस्वामी को पत्र लिखा है।

इंटरनेट सेवाएं सोमवार तक बंद
मेघालय की राजधानी शिलांग में कर्फ्यू में सुबह 10 से शाम सात बजे तक की ढील दी गई है। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए पूरे असम में इंटरनेट सेवाएं सोमवार तक बंद रखी गई हैं। असम के गुवाहाटी में कर्फ्यू में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ढील दी गई है।

दिसपुर, उजान बाजार, चांदमारी, सिलपुखुरी और जू रोड समेत कई जगहों पर दुकानों के बाहर लोगों की लंबी कतार देखी गई। स्कूल और दफ्तर बंद ही रहे। वहीं, डिब्रूगढ़ में भी कर्फ्यू में सुबह 8 बजे से शाम दो बजे तक ढील दी गई। कर्फ्यू में ढील देते ही लोग बड़ी संख्या में बाजारों में नजर आए और एटीएम के बाहर लंबी भीड़ जमा हो गई।

असम में विरोध का प्रतीक बना गमोसा और जोई आई असोम

असम में इन दिनों विरोध प्रदर्शनों का प्रतीक वहां का परंपरागत कपड़ा गमोसा बन रहा है। यह कपड़ा बड़ों को सम्मान के तौर पर दिया जाता है। वहीं, लोग एक-दूसरे का अभिवादन जोई आई असोम (मातृभूमि असम की जय हो) कहकर कर रहे हैं।

बंगाल में सड़क, रेल नेटवर्क पर चक्काजाम
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शनिवार को भी पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में लोगों ने प्रदर्शन किए। मुर्शिदाबाद, उत्तरी 24 परगना और ग्रामीण हावड़ा में हिंसक घटनाओं की खबरें हैं। उत्तरी और दक्षिणी बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 34 को मुर्शिदाबाद में ब्लॉक कर दिया गया। 

जिले की कई दूसरी सड़कों पर भी चक्काजाम कर दिया गया। हावड़ा जिले के दोमजुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 को प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर ब्लॉक किया और कई वाहनों को आग लगा दी। पूर्वोत्तर रेलवे के सियालदह-हंसाबाद क्षेत्र पर कई ट्रेनें रोक दी गईं। प्रदर्शनकारियों ने शोंडिल्य और काकरा मीरजापुर स्टेशनों पर ट्रैक पर बैठ गए।

नगालैंड बंद, जनजीवन ठहरा
नगालैंड में बडे़ पैमाने पर स्कूल, कॉलेज और बाजार बंद कर दिए गए हैं। सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े नजर आ रहे हैं। दरअसल, नागरिकता कानून के विरोध में नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) ने छह घंटे बंद आह्वान किया था। हालांकि, यहां पर किसी हिंसक घटना की खबरें नहीं हैं।

मुंबई में नागरिकता कानून की वापसी को लेकर प्रदर्शन
महाराष्ट्र में नागरिकता कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। यहां मुंबई के आजाद मैदान में असमी लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए प्रदर्शन किया।

राजद ने 21 दिसंबर को बिहार बंद बुलाया

लालू प्रसाद यादव की राजद ने कानून के विरोध में 21 दिसंबर को बंद बुलाया है। लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने शुक्रवार देर रात ही इसका एलान किया था। उन्होंने बताया कि पहले यह 22 दिसंबर को रविवार को होना था, मगर पुलिस भर्ती परीक्षाओं को देखते हुए इसे एक दिन पहले करने का फैसला किया गया।

मणिपुर में भी लोगों ने कैंडल मार्च किया
मणिपुर की राजधानी इंफाल में लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च कांगला के पश्चिमी गेट पर आयोजित की गई।

कांग्रेस ने भी नागरिकता कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
कांग्रेस नेता टीएन प्रथापन ने शनिवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। कानून के विरोध में शुक्रवार तक 12 याचिकाएं दी जा चुकी थीं। त्रिशूर से सांसद प्रथापन ने अपनी याचिका में शीर्ष अदालत से सरकार को दिशानिर्देश देने की मांग करते हुए कहा, भारत के क्षेत्र के भीतर प्रताड़ित सभी लोगों पर यह कानून लागू हो।

वहीं, एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी भी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। असम में नेता विपक्ष देवब्रत सैकिया, असम से कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक और रूपज्योति कुर्मी ने भी याचिकाएं दी हैं।

गहलोत बोले, अगर भाजपा को लोकतंत्र में यकीन है तो कानून वापस ले
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, अगर भाजपा को लोकतंत्र में यकीन है तो उसे नागरिकता संशोधन कानून वापस लेना चाहिए। सरकार को देश के मिजाज को समझना चाहिए।

विपक्ष राष्ट्रहित को नुकसान पहुंचा रहा है: नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की निंदा करते हुए कहा, विपक्ष राष्ट्रहित को नुकसान पहुंचाने में लगा हुआ है। विपक्ष हमेशा लोगों के हितों को नजरअंदाज करता रहा है और देशभर में भ्रांति फैला रहा है।

गोएयर टिकट रद्द करने पर शुल्क नहीं लेगी
एयरलाइंस कंपनी गोएयर ने एलान किया है कि वह यात्रियों से अपने टिकटों को रद्द करने या फिर यात्राओं की तिथियों में बदलाव करने पर कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लेगी। कंपनी ने यह सुविधा रविवार तक के लिए गुवाहाटी से रवाना होने वाली उड़ानों के लिए दी है।

बंगाल में जारी बवाल, 15 बसों को लगाई आग

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पूर्वोत्तर में जहां उग्र प्रदर्शन थमता नजर आ रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल में विरोध हिंसा की ओर बढ़ रहा है। बंगाल में प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को सड़कों को जाम करते हुए हावड़ा में कोना एक्सप्रेसवे पर सरकारी और निजी 15 बसों को आग के हवाले कर दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग 6 (मुंबई रोड) और 2 (दिल्ली रोड) को कोलकाता से जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे पर एक पुलिस वैन भी जला दी गई। हावड़ा जिले के दोमजुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर टायरों को जलाकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण हावड़ा के बागान इलाके में 20 दुकानों को आग लगा दी गई।

वहीं, संकरेल रेलवे स्टेशन का एक हिस्सा भी आग के हवाले कर दिया। यहां एक पुलिस जीप में तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों ने स्टेशन मास्टर के कमरे में तोड़फोड़ की और सिग्नल केबिन को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने मुर्शिदाबाद में उत्तरी और दक्षिणी बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 34 को ब्लॉक कर दिया और सुती पर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की तीन बसों में जमकर तोड़फोड़ की।

इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। प्रदर्शनकारियों के उपद्रव को देखते हुए रैपिड ऐक्शन फोर्स (आरएएफ) को तैनात की गई है। निमतिता स्टेशन पर भी उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।

18 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, असम में तीन दिन का सत्याग्रह
दक्षिण पूर्वी जोन में कई स्टेशनों पर आठ एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनें रोक दी गईं। वहीं कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। जो ट्रेनें रद्द की गई हैं, उनमें हावड़ा-दीघा एसी एक्सप्रेस, हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-तिरुपति हमसफर एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस, हावड़ा-एर्णाकुलम अंत्योदय एक्सप्रेस और हावड़ा-दीघा-हावड़ा कंदारी एक्सप्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा-यशवंतपुर दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-हैदराबाद ईस्टकोस्ट एक्सप्रेस हैं। इसके अलावा, पुरी-दीघा एक्सप्रेस, पुरी संतरागाछी पैसेंजर को 15 दिसंबर को रद्द रहेगी। 

जामिया में 5 जनवरी तक छुट्टी, परीक्षाएं रद्द

नागरिकता कानून के विरोध में छात्रों और पुलिस की झड़प के बाद दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने शनिवार को 5 जनवरी तक छुट्टी करने का एलान किया है। विश्वविद्यालय अब छह जनवरी को खुलेगा। वहीं, तनाव को देखते हुए परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।

40 लोकल ट्रेनें रद्द 
हावड़ा-खड़गपुर सेक्शन में कम से कम 40 लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। उग्र भीड़ ने मुर्शिदाबाद जिले में नेशनल हाइवे पर बने एक टोल प्लाजा में भी आग लगा दी। उसी जिले में भाजपा के एक कार्यालय में भी आग लगा दी गई।

हिंसा पर सियासत शुरू
पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में होने वाली हिंसा और आगजनी पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। भाजपा ने इस हिंसा के लिए तृणमूल कांग्रेस और उसकी प्रमुख ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की वजह से ही हालत इतनी बिगड़ी है।

मुख्यमंत्री को उपद्रवियों को गोली मारने का आदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य जल रहा है। अगर यही स्थिति जारी रही तो यहां राष्ट्रपति शासन लागू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया कि इतने बड़े पैमाने पर हिंसा करने वाले लोग बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।

घोष का सवाल था कि क्या भारतीय नागरिक इस कानून के खिलाफ ऐसा कर सकते हैं ? माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने भी लोगों से शांति बहाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हिंसा और अशांति से आम लोगों को नुकसान पहुंचा कर विरोध जताने का तरीका सही नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed