{"_id":"60acd03d8ebc3e7fd658f243","slug":"cabinet-approves-proposal-for-the-creation-of-the-post-of-director-in-ndrf-academy-in-nagpur-in-the-cabinet-meeting-chaired-by-pm-modi","type":"story","status":"publish","title_hn":"नागपुर: पीएम की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एनडीआरएफ अकादमी में निदेशक पद के सृजन को मिली मंजूरी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
नागपुर: पीएम की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एनडीआरएफ अकादमी में निदेशक पद के सृजन को मिली मंजूरी
Tue, 25 May 2021 03:53 PM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Tue, 25 May 2021 03:53 PM IST
सार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक बैठक के दौरान नागपुर स्थित एनडीआरएफ अकादमी में नए निदेशक पद के सृजन को मंजूरी दे दी गई। निदेशक के इस नए पद का प्रस्ताव गृह मंत्रालय ने पेश किया था।
विज्ञापन
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : एएनआई
विस्तार
केंद्र सरकार ने मंगलवार को नागपुर स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल अकादमी में निदेशक के एक पद के सृजन को मंजूरी दे दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (एसएजी) में निदेशक पद के सृजन के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
विज्ञापन
आधिकारिक बयान
बयान में कहा गया कि एनडीआरएफ अकादमी में निदेशक के पद के सृजन के साथ, संगठन की कमान और नियंत्रण एक वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी को सौंपा जाएगा, जो तय उद्देश्यों के अनुसार संस्थान का संचालन कर सकता है। अकादमी एनडीआरएफ, राज्य आपदा मोचल बल (एसडीआरएफ), अन्य हितधारकों और दक्षेस व अन्य देशों की आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों के 5000 से अधिक कर्मियों को वार्षिक कौशल आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
विज्ञापन
प्रशिक्षण के स्तर में सुधार
अकादमी हितधारकों की बदलती जरूरतों और आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विश्लेषण करते हुए उनमें सुधार भी करेगी। इससे विशेष रूप से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ कर्मियों और अन्य हितधारकों को आपदा प्रतिक्रिया पर दिए जाने वाले प्रशिक्षण के स्तर में अत्यधिक सुधार किया जा सकेगा।
विज्ञापन
आपदा मोचन कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण
एनडीआरएफ अकादमी की स्थापना वर्ष 2018 में नागपुर में राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा कॉलेज (एनसीडीसी) में विलय के साथ की गई थी। अकादमी का मुख्य परिसर निर्माणाधीन है, तब तक यह एनसीडीसी के मौजूदा परिसर से कार्य कर रहा है। अकादमी वर्तमान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों को प्रशिक्षण प्रदान करती है। इसकी अवधारणा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान के तौर पर विकसित होने के लिए की गई है। यह दक्षेस और अन्य देशों के आपदा मोचन कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा।