बंगाल में हिंसा: भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर पर बम से हमला, राज्यपाल ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अर्जुन सिंह के आवास के बाहर बुधवार सुबह जोरदार बम धमाका हुआ। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। धनखड़ ने कहा राज्य में अभी भी हिंसा कम नहीं हो पा रही है।
विस्तार
पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अर्जुन सिंह के आवास के बाहर बुधवार सुबह जोरदार बम धमाका हुआ। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। धनखड़ ने लिखा कि पश्चिम बंगाल में प्रचंड हिंसा कम होने का नाम नहीं ले रही है। आज सुबह सांसद के आवास के बाहर बम विस्फोट चिंता की बात है और राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है। मैं इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा करता हूं। जहां तक अर्जुन सिंह की सुरक्षा का सवाल है तो पहले भी इस मुद्दे को उठाया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार घर पर जिस वक्त बम से हमला किया गया उस समय सांसद और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह मौजूद नहीं थे। हालांकि उनके परिवार के सदस्य उस वक्त घर पर ही थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बम फेंकने वालों का पता लगाया जा सके।
अर्जुन सिंह ने कहा- मुझे जान से मारने की रची जा रही साजिश
वहीं इस मामले पर अब अर्जुन सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव से पहले मुझे जान से मारने की कोशिश है, क्योंकि पार्टी ने मुझे भवानीपुर का इंचार्ज बनाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच भी बंगाल सरकार करेगी और पहले की तरह ही मामले को रफा-दफा कर देगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में न एफआईआर होगी न कोई चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
दो माह पहले एक व्यक्ति को मुझे मारने की दी गई जिम्मेदारी
सांसद अर्जुन सिंह ने ममता सरकार के घर दुआर अभियान पर तंज करते हुए करते हुए कहा, 'राज्य सरकार बम लेकर दरवाजे पर आई है। अब हमें आत्म रक्षा में कुछ करना होगा। दो माह पहले नबाना में एक व्यक्ति को मेरी हत्या की जिम्मेदारी दी गई है।'
बंगाल में दिग्गज नेता माने जाते हैं अर्जुन सिंह
अर्जुन सिंह 17 वीं लोकसभा में पश्चिम बंगाल के बैरकपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इससे पहले, सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में 2001 से लगातार चार बार भाटपारा विधानसभा सीट भी जीती थी। उन्हें 1 जून 2020 को भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
Wanton violence in WB shows no sign of abating.
— Governor West Bengal Jagdeep Dhankhar (@jdhankhar1) September 8, 2021
Bomb explosions as this morning outside residence of Member Parliament @ArjunsinghWB is worrisome on law and order.
Expect prompt action @WBPolice. As regards his security the issue has been earlier been flagged @MamataOfficial.