फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   BJP workers got double dose of confidence JP Nadda Yogi Adityanath advised to play on the front foot

BJP: भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली 'कॉन्फिडेंस की डबल डोज', नड्डा-योगी ने दी फ्रंट फुट पर खेलने की सलाह

Sun, 14 Jul 2024 10:30 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Sun, 14 Jul 2024 10:30 PM IST
विज्ञापन
सार
अब तक दूसरे दलों में आपस में मतभेद की खबरें आती थीं। भाजपा के अनुशासन में बंधे कार्यकर्ता कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने से बचते थे, लेकिन उत्तर प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक से ठीक पहले पार्टी के कुछ नेताओं के बयानों ने पार्टी की उलझनें बढ़ा दीं। ऐसा लगा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद की स्थिति बढ़ रही है। 
loader
BJP workers got double dose of confidence JP Nadda Yogi Adityanath advised to play on the front foot
जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

भाजपा ने जब उत्तर प्रदेश में अपनी जड़ें जमाईं, तो 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनाव में लगातार चार बार शानदार जीत हासिल की। इस 10 साल के स्वर्णिम दौर में उसने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी जैसे प्रदेश के स्थापित दलों को न केवल हराया, बल्कि एक समय ऐसा भी लगने लगा जैसे उसने इन दलों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा कर दिया हो। कहा तो यहां तक जाने लगा था कि अब क्षेत्र, जाति और परिवारवाद की राजनीति करने वाली पार्टियों के दिन लद गए हैं। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम ने अचानक सारे समीकरण पलट दिए हैं। अब भाजपा के कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास हिल गया है, तो 37 सीटें जीतकर यूपी की सियासत में मजबूत हुई सपा के कार्यकर्ता अभी से 2027 में प्रदेश में सरकार बनाने के दावे करने लगे हैं। यूपी में केवल छह सीटें जीतने वाली कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अभी से गुजरात में भाजपा को हराने के दावे कर रहे हैं। 



अब तक दूसरे दलों में आपस में मतभेद की खबरें आती थीं। भाजपा के अनुशासन में बंधे कार्यकर्ता कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने से बचते थे, लेकिन उत्तर प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक से ठीक पहले पार्टी के कुछ नेताओं के बयानों ने पार्टी की उलझनें बढ़ा दीं। ऐसा लगा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद की स्थिति बढ़ रही है। 


पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास इसलिए भी डिगा हुआ है, क्योंकि उसने पिछले दस सालों में जो भी मानक तैयार करने का प्रयास किया है, 2024 के चुनाव में वे सब असफल साबित हुए हैं। मोदी ब्रांड, राम मंदिर का मुद्दा और सामाजिक समीकरणों को साध लेने का उसका कोई भी दावा नहीं चला, जबकि विपक्ष का संविधान पर दावा चल गया। सपा के सामाजिक समीकरणों के सामने भाजपा के तीर कमजोर साबित हुए हैं। फिलहाल, उसके तरकश में कोई मजबूत बाण न देख कार्यकर्ता परेशान हैं। बदलापुर से भाजपा के नेता रमेश मिश्रा के बयान इसी तरफ इशारा कर रहे हैं। 

भाजपा नेता जानते हैं कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह नुकसानदायक हो सकता है। इसे देखते हुए भाजपा के नेता पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने में जुट गए हैं। अपने कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास भरने के लिए पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम बनाया है। हर प्रदेश में विस्तारित कार्य समिति का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को आत्मविश्वास के साथ मैदान में डटे रहने के लिए कहा जा रहा है। उत्तर प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास भरने का भरपाई प्रयास किया। 

नड्डा बोले- मौसमी नहीं, सतत लक्ष्य
उत्तर प्रदेश में रविवार को आयोजित विस्तारित कार्य समिति में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उन्होंने अब तक बेहतरीन कार्य किया है। इसे आगे भी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह कहते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की कि जिस समय पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था हिली हुई है, भारत सबसे तेज गति से प्रगति कर रहा है। 

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को लोगों को बताना चाहिए कि भाजपा ने सबसे ज्यादा संविधान का सम्मान किया है। शासन के 10 साल के बीच उसने केवल एक बार जम्मू-कश्मीर में विशेष परिस्थितियों में राष्ट्रपति शासन लगाया है, जबकि उस पर संविधान की अवहेलना का आरोप लगाने वाली कांग्रेस 90 बार यह काम कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को हर उस आक्रमण का मजबूती के साथ जवाब देना चाहिए जो विपक्षी दलों की ओर से पार्टी पर किए जा रहे हैं। 

यूपी में करेंगे वापसी: योगी 
इसके पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने शानदार विकास किया है। लोगों को आतंक और भ्रष्टाचार के कुशासन से मुक्ति दिलाई है। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण करवा कर 500 वर्षों से ज्यादा समय से हिंदुओं की पीड़ा को दूर किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उन्हें बैक फुट पर आने की कोई जरूरत नहीं है। कार्यकर्ताओं को फ्रंट फुट पर पूरी मजबूती के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा आत्मविश्वास से पार्टी को नुकसान हुआ है, लेकिन आगे पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरा जाएगा। 

योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सरकार बनाने में सफल रहेगी और उन लोगों की बोलती बंद हो जाएगी, जो आजकल उछलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आगामी उपचुनावों में भी पार्टी को अच्छी सफलता दिलाने की बात कही।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed