9 Years of Modi Rule: भाजपा का मेगा प्लान, विशेष संपर्क अभियान से साधेगी लोकसभा चुनाव
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने केंद्र में नौ साल का कार्यकाल इसी महीने पूरा कर लिया है। इस अवसर पर पार्टी एक महीने का विशेष संपर्क अभियान चलाने जा रही है, जिसमें केंद्र, राज्यों, जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर तक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 29 मई को पूरे देश में एक साथ प्रेस कांफ्रेंस कर इसके बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रैली से इस कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और 31 मई को भी एक बड़ी जनसभा में लोगों को संबोधित करेंगे। 30 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम से केंद्र की योजनाओं के सभी लाभार्थियों से मुलाकात कर अगले लोकसभा चुनाव के लिए ठोस वोट बैंक तैयार करने की रणनीति अपनाई जा रही है।
पार्टी की केंद्रीय इकाई के द्वारा राज्यों को भेजे गए एक दिशा-निर्देश के अनुसार, सभी राज्य 16, 17 या 18 मई में से किसी एक दिन एक दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक कर अपने प्रदेश में चलाए जाने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा बनाएंगे। 19, 20 और 21 मई को जिला स्तर पर और 22-23 मई को ब्लॉक और मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
23 जून को प्रधानमंत्री विशेष कार्यक्रम के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। सभी प्रदेश स्तर पर एक अभियान समिति बनाई जाएगी, जो इस अभियान के अंतर्गत चलने वाले कार्यक्रमों पर नजर रखेगी। इसके लिए पार्टी के केंद्रीय नेताओं को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी जाएगी।
दिल्ली में 18 मई को कार्यक्रम
भाजपा सूत्रों के अनुसार, दिल्ली प्रदेश भाजपा का एक दिवसीय कार्यकारिणी सत्र 18 मई को पार्टी के नए भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और पार्षद हिस्सा लेंगे। इस बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पास कर केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का खाका तैयार किया जाएगा।
दूसरे राज्यों के भोजन अपनाएंगे दूसरे राज्य
इन कार्यक्रमों में भोजन को लेकर विविधता रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशों के अनुसार पार्टी के सभी राज्य अपने साथ-साथ कम से कम दो राज्यों के भोजन को भी प्रमुखता देंगे। दिल्ली प्रदेश के कार्यक्रम में सुबह के समय दक्षिण भारतीय भोजन परोसा जाएगा, जबकि दोपहर के समय हिमाचल प्रदेश के स्थानीय भोजन को लोगों को परोसा जाएगा।
इन कार्यक्रमों के जरिए देश की 396 लोकसभाओं, दस लाख लाभार्थियों और एक लाख गांवों में पहुंचने का कार्यक्रम तय किया गया है। कार्यक्रमों में स्थानीय प्रबुद्ध लोग, बौद्धिक क्षेत्र से जुड़े लोग, साहित्य से लेकर मीडिया में प्रभावित करने वाले लोग शामिल होंगे। इन सबसे प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सहयोग मांगा जाएगा।