{"_id":"66b82d4e896d95524a0acf27","slug":"bjp-pm-modi-congress-and-opposition-leader-condoles-the-demise-of-former-eam-natwar-singh-news-and-updates-2024-08-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Natwar Singh: नटवर सिंह के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर, PM मोदी-खरगे समेत कई नेताओं ने जताया दुख","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Natwar Singh: नटवर सिंह के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर, PM मोदी-खरगे समेत कई नेताओं ने जताया दुख
Sun, 11 Aug 2024 10:53 AM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Sun, 11 Aug 2024 10:53 AM IST
सार
भारत के पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे नटवर सिंह का शनिवार रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। आइए जानते हैं किसने क्या कहा।
विज्ञापन
पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भारत के पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे नटवर सिंह अब नहीं रहे। उनका शनिवार रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 93 साल के थे। उनके निधन की खबर से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। पक्ष और विपक्ष से जुड़े तमाम नेता दुख व्यक्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री जयशंकर, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई अन्य नेताओं ने भी उनके योगदान को याद किया और संवेदना जताई।
विज्ञापन
नटवर सिंह के निधन से दुखी हूं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पूर्व विदेश मंत्री के साथ एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने लिखा, 'नटवर सिंह के निधन से दुखी हूं। उन्होंने कूटनीति और विदेश नीति की दुनिया में समृद्ध योगदान दिया। वह अपनी बुद्धिमत्ता के साथ-साथ बेहतरीन लेखन के लिए भी जाने जाते थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।'
विज्ञापन
भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में रही अहम भूमिका: जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, 'प्रतिष्ठित राजनयिक और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उनके कई योगदानों में जुलाई 2005 के भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका शामिल है। उनके द्वारा लिखी गई किताबें, विशेष रूप से चीन पर उन्होंने जो लिखा, उसने हमारी कूटनीति में बहुमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान की। उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।'
विज्ञापन
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के. नटवर सिंह के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। अपने लंबे करियर में, उन्होंने एक प्रतिष्ठित राजनयिक से लेकर एक उत्कृष्ट सांसद तक कई उपलब्धियां हासिल कीं। पद्म भूषण से सम्मानित सिंह लिखने के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा: जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, 'के. नटवर सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने विदेश मंत्री सहित विभिन्न पदों पर रहते हुए देश की सेवा की। वह एक विपुल लेखक और प्रतिष्ठित इतिहासकार थे, उन्होंने हमेशा जीने और योगदान देने का उत्साह दिखाया। हमारे साहित्य जगत और सार्वजनिक जीवन में नटवर सिंह जी के अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।'
नटवर सिंह के उल्लेख के बिना...: मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा ने कहा, 'मैं उनसे एक-दो बार मिला हूं और उनकी किताबें पढ़ी हैं। उनका एक संपूर्ण व्यक्तित्व था। वह न केवल एक राजनयिक थे बल्कि उनमें गहरी समझ थी और चीजों को गहराई से देखते थे। नटवर सिंह के उल्लेख के बिना भारत का कूटनीतिक प्रक्षेपवक्र अधूरा रहेगा। मेरा मानना है कि नटवर सिंह जैसे लोगों के निधन के बाद जो खालीपन पैदा हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती।'
कांग्रेस नेताओं ने नटवर सिंह के निधन पर शोक जताया
कांग्रेस नेताओं ने पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया। पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत की कूटनीति और विदेश मामलों में उनके योगदान की सराहना की।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री के. नटवर सिंह के निधन पर हमारी गहरी संवेदनाएं। बुद्धिजीवी और पद्म भूषण से सम्मानित व्यक्ति जिन्होंने भारत की कूटनीति और विदेशी मामलों में गहरा योगदान दिया। उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘बेहद शानदार राजनीतिक व्यक्तित्व। विदेश सेवा के एक प्रतिष्ठित अधिकारी। कुछ बेहतरीन पुस्तकें लिखने वाले प्रसिद्ध लेखक। नेहरू और इंदिरा गांधी की दुनिया का चलता-फिरता इंसाइक्लोपीडिया। एक बेहतरीन वक्ता, कहानीकार और हाजिरजवाब। पूर्ण और विविधतापूर्ण समृद्ध जीवन जीने के बाद उनका निधन हो गया। वह वास्तव में एक ऐसे व्यक्ति हैं जो इतिहास पर अपनी छाप छोड़ गए हैं।’
वरिष्ठ राजनेता रणदीप सुरजेवाला ने एक्स पर एक पोस्ट में सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर उनके परिजनों को यह क्षति सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को सदगति प्रदान करें।'