MGNREGA: दिल्ली में टीएमसी के प्रदर्शन पर बिफरी भाजपा, बंगाल विधानसभा के बाहर लगाए भ्रष्टाचारी सरकार के नारे
भाजपा सांसद ने कहा कि उन्हें बहुत ताज्जुव हो रहा है कि बंगाल में कोई प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है, जहां महिलाओं के साथ इतने अत्याचार हो रहे हैं। बस भीड़ जुटाकर दिल्ली में सर्कस शुरू कर दिया है।
विस्तार
लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार को घेरने के लिए ममता बनर्जी की पार्टी ने दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। इस बार टीएमसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मनरेगा के पैसों को लेकर तीन अक्तूबर को जंतर-मंतर पर इकट्ठा होकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसी को लेकर भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने बंगाल सरकार पर निशाना साधा।
महिलाओं पर हो रहा अत्याचार
उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत ताज्जुव हो रहा है कि बंगाल में कोई प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है, जहां महिलाओं के साथ इतने अत्याचार हो रहे हैं। बस भीड़ जुटाकर दिल्ली में सर्कस शुरू कर दिया है।
युवकों के पास रोजगार नहीं
उन्होंने कहा कि इतने सारे युवकों को नौकरी नहीं मिल रही है। इसके लिए वहां के युवक प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए कोई लड़ाई नहीं लड़ रहा है। यह लोग बस भीड़ जुटाकर दिल्ली आ गए हैं। दिल्ली में आकर सर्कस शुरू कर दिया है। उन्होंने पूछा कि दिल्ली में क्या है?
बंगाल के मंत्रियों के पास पैसा
चटर्जी ने आगे कहा कि यह लोग कह रहे हैं कि केंद्र सरकार इन्हें पैसा नहीं दे रहा है। यही कहकर यह लोगों को ले यहां लेकर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि क्या दिल्ली, देश या पश्चिम बंगाल के लोग यह मान लेंगे? उन्होंने कहा कि मनरेगा पश्चिम बंगाल फंड केंद्र सरकार के पास नहीं है। यह टीएमसी के पंचायत प्रमुख और पंचायत उप प्रमुख, विधायकों, मंत्रियों और अन्य लोगों के घरों और फ्लैटों में है। ये तो हर कोई जानता है।
सुवेंदु अधिकारी ने किया विरोध
वहीं, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और अन्य भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
#WATCH | Kolkata: West Bengal LoP Suvendu Adhikari and other BJP MLAs stage a protest against alleged corruption by the state government, inside the State Assembly. pic.twitter.com/YJ3olerQcC
— ANI (@ANI) October 2, 2023
ऑडिट करने पर सच्चाई आएगी सामने
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, 'यह एक सच्चाई है कि टीएमसी सरकार ने कोई ऑडिट नहीं किया है क्योंकि वे ऐसा नहीं कर सकते है। इससे सच्चाई सामने आ जाएगी। इस मनरेगा का इस्तेमाल टीएमसी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को पार्टी में रखने के लिए किया जाता है।'
उन्होंने कहा कि टीएमसी के लिए यह अपने कार्यकर्ताओं की बैठकों, जुलूस और इन सभी चीजों के लिए भुगतान करने का एक उपकरण है। उन्होंने इस मनरेगा परियोजना का दुरुपयोग किया है और यही कारण है कि वे ऑडिट करने में असमर्थ हैं। सच्चाई सामने आएगी।