फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Cyclone Biparjoy Updates: Cyclonic Storm Range, Strong Winds and Heavy Rain in Gujarat

Cyclone Biparjoy: 50 किमी में फैला चक्रवात का केंद्र, समुद्र में उठीं 7.5 मीटर ऊंची लहरें, तेज हवाओं का कहर

Fri, 16 Jun 2023 06:10 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जखाऊ/अहमदाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जखाऊ/अहमदाबाद Published by: गुलाम अहमद Updated Fri, 16 Jun 2023 06:10 AM IST
सार

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का केंद्र (आई) करीब 50 किलोमीटर में दायरे में फैला है। इससे इसकी गंभीरता का पता चलता है। चक्रवात के अरब सागर में आगे बढ़ने के दौरान समुद्र में 10 से 14 मीटर तक ऊंची लहरें उठी थीं। 
 

विज्ञापन
Cyclone Biparjoy Updates: Cyclonic Storm Range, Strong Winds and Heavy Rain in Gujarat
biparjoy updates - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

भयानक चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के कच्छ में जखाऊ तट के जरिये समुद्र से भूमि पर प्रवेश किया। इसके साथ ही तबाही शुरू हो गई और हवा की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। इससे जखाऊ राजमार्ग बंद करना पड़ा। चक्रवात के चलते मांडवी, देवभूमि द्वारका समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। वहीं, भावनगर में एक पिता और पुत्र की पानी से भरे नाले में डूबने से मौत हो गई। द्वारका में पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हुए हैं। उधर, चक्रवात प्रभावित क्षेत्र अंधेरे में डूबे हैं। पूरे कच्छ में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बातकर हालात का जायजा लिया।

विज्ञापन


विज्ञापन



भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का केंद्र (आई) करीब 50 किलोमीटर में दायरे में फैला है। इससे इसकी गंभीरता का पता चलता है। चक्रवात के अरब सागर में आगे बढ़ने के दौरान समुद्र में 10 से 14 मीटर तक ऊंची लहरें उठी थीं। बृहस्पतिवार को तट से टकराने के बाद नवलखी क्षेत्र में 7.5 मीटर लहरें उठती देखी गईं। जिसके कारण समुद्र में सभी तरह की गतिविधियां निलंबित कर दी गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन


तूफान के बाद बिजली आपूर्ति की बहाली के लिए 597 कर्मचारियों की टीमें तैयार हैं। सभी सब-स्टेशनों पर तार व खंभे उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाली प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अन्य जिलों से टीमों को जुटाया गया है। तटीय क्षेत्रों में चक्रवात से प्रभावित जिलों में सरकारी स्कूलों और कार्यालयों में आश्रय गृह स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा एहतियात के तौर पर चक्रवात की आशंका वाले जिलों में चार हजार से अधिक होर्डिंग हटा दिए गए हैं।

चक्रवात के तट पर टकराने से पहले करीब एक लाख लोगों को सुरक्षित शरणस्थलों तक पहुंचा दिया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार शुक्रवार सुबह तक बिपरजॉय चक्रवातीय आंधी और शाम तक सामान्य आंधी-तूफान में बदल सकता है।

आठ तटीय जिलों से लोगों को सुरक्षित निकाला
तूफान से सर्वाधिक प्रभावित गुजरात के 8 तटीय जिलों से लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया। इनमें सबसे ज्यादा 46,800 लोग कच्छ के हैं। इसके बाद 10,749 देवभूमि द्वारका, 9,942 जामनगर, 9,243 मोरबी, 6,822 राजकोट, 4,864 जूनागढ़, 4,379 पोरबंदर और 1,605 लोग गिर सोमनाथ जिले के हैं। कुल विस्थापितों में 8,900 बच्चे, 1,131 गर्भवती महिलाएं व 4,697 बुजुर्ग हैं।

तूफान से रेल सेवा प्रभावित
पश्चिम रेलवे ने तूफान प्रभावित क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। एक बयान में पश्चिम रेलवे ने बताया कि कुल मिलाकर 99 ट्रेनें 18 जून तक रद्द कर दी गई हैं। बुधवार को एहतियात के तौर पर 76 ट्रेनें रद्द की गईं थीं। ये ट्रेनें बिपरजॉय प्रभावित क्षेत्रों से आरंभ या समाप्त होती हैं। 39 ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन से पहले ही रोक दी गईं।


मीडिया को सलाह, बचकर रहें : सरकार ने बिपरजॉय की कवरेज के लिए भेजे गए मीडियाकर्मियों और संस्थानों को निर्देश जारी किया है कि वे सतर्कता के साथ कवरेज करें और किसी भी स्थिति में जोखिम वाली जगहों पर नहीं जाएं। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय की तरफ से जारी निर्देशों में खासतौर पर टीवी चैनलों से कहा गया है कि ग्राउंड रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को जोखिम नहीं लेने के लिए कहें, क्योंकि स्थिति कभी भी जानलेवा हो सकती है।

67,000 लोगों को पाकिस्तान के सिंध में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
बिपरजॉय तूफान से निपटने के लिए पाकिस्तान के सिंध प्रांत के तटीय इलाकों में रहने वाले 67,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सिंध के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि थट्टा, सुजावल और बादिन जिले तूफान की जद में हैं। तूफान के संभावित तीव्र पभाव वाले क्षेत्रों से 67,367 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए 39 राहत कैंपों में भेजा गया है। इसके अलावा तटीय इलाकों व समुद्री क्षेत्रों में सभी व्यापारिक गतिविधियों व जहाजों के संचालन को भी रोक दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed