फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Big News: Worlds only vegetarian crocodile dies, read some special news of the country and world

Big News : दुनिया के इकलौते शाकाहारी मगरमच्छ की मौत, पढ़ें देश-दुनिया की कुछ खास खबरें

Tue, 11 Oct 2022 07:02 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, नई दिल्ली/कासरगौड।
एजेंसी, नई दिल्ली/कासरगौड। Published by: योगेश साहू Updated Tue, 11 Oct 2022 07:02 AM IST
विज्ञापन
Big News: Worlds only vegetarian crocodile dies, read some special news of the country and world
मगरमच्छ - फोटो : iStock

श्री अनंतपद्मनाभ स्वामी मंदिर परिसर के तालाब में 70 सालों से निवास करने वाले दुनिया के इकलौते शाकाहारी मगरमच्छ की रविवार रात मौत हो गई। मंदिर अधिकारियों ने बताया कि लोग प्यार से इस मगरमच्छ को बाबिया बुलाते थे। यह मगरमच्छ शनिवार से गायब था और रविवार रात साढ़े ग्यारह बजे इसका शव मंदिर के तालाब में तैरता दिखा। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस और पशुपालन विभाग को दी गई। मगरमच्छ के शव को लोगों के दर्शन के लिए रखा गया, जहां सोमवार की सुबह कई नेताओं समेत सैकड़ों स्थानीय लोग उसे देखने पहुंचे।

विज्ञापन


मंदिर के अधिकारियों का दावा है कि यह मगरमच्छ पूरी तरह शाकाहारी था और सिर्फ मंदिर में मिलने वाले प्रसाद पर जीवित रहता था। केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शोभा करंदलाजे ने ट्वीट किया, श्री अनंतपुर झील मंदिर में निवास करने वाला बाबिया विष्णु के चरणों में पहुंच गया है। वह इस मंदिर में श्रीअनंतपद्मनाभ स्वामी को चढ़ाए जाने वाले चावल और गुड़ का प्रसाद खाकर जिंदा था और मंदिर की रक्षा करता था।
विज्ञापन


वेनेजुएला में बाढ़-भूस्खलन  से भारी तबाही, 22 की मौत
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बाढ़ और भारी बारिश की वजह से हालात बेहद खराब हो गए हैं। रविवार को हुए भूस्खलन में 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 लोग लापता हैं। 3 राज्यों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी के पास लास तेजेरियस शहर में हुआ है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने 3 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पाकिस्तान से आ रहीं समुद्र में बरामद हेरोइन की खेपें
भारतीय समुद्र में हाल ही में  200 किलो हेरोइन का संबंध पाकिस्तान में आधारित ड्रग नेटवर्क से है। जांच में खुलासा हुआ कि यह हेरोइन अफगानिस्तान व पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह हाजी सली की है। इसका सरगना मोहम्मद कादर बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को सितंबर 2022 में सूचना मिली कि ईरान का एक व्यावसायिक जहाज हिंद महासागर में इस गिरोह के लिए काम कर रहा है। भारतीय नौसेना ने 29 सितंबर को मालदीव की राजधानी माले से 500 मील दूर पकड़ा। इससे 200 किलो हेरोइन बरामद कर छह ईरानियों को पकड़ा गया।

मलयेशिया की संसद भंग जल्द होंगे आम चुनाव
राजनीतिक अस्थिरता के बीच मलयेशिया के प्रधानमंत्री इस्माइल सबरी याकूब ने सोमवार को संसद भंग किए जाने का एलान किया। प्रधानमंत्री याकूब ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता से देश को बचाने के लिए समय से पहले आम चुनाव करा रहे हैं। संसद का कार्यकाल समाप्त होने में अभी नौ माह बाकी थे। नंवबर में चुनाव होने की संभावना है। इस्माइल की पार्टी यूनाइटेड मलय नेशनल ऑर्गेनाइजेशन गठबंधन सरकार चला रही है, जिसका कई सहयोगी दलों के साथ विवाद चल रहा है।

ईरान में कई जगह धमाके
हिजाब ठीक से नहीं पहनने पर 22 वर्षीय कुर्दिश महिला महसा अमीनी की हत्या के विरोध में 17 सितंबर को शुरू हुआ प्रदर्शन 24वें दिन भी जारी है। सोमवार को ईरान में कई जगह धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं। देशभर में प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

मानवाधिकार संगठनों व प्रदर्शनकारियों का दावा है कि सरकार प्रदर्शन को ताकत से कुचलने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा सरकार की तरफ से अमीनी की हत्या को लेकर भी खेद नहीं जताया गया है। अब तक करीब 200 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है, जिनमें 20 नाबालिग छात्र शामिल हैं।

टीसीएस को 10,431 करोड़ का लाभ, देगी 8 रुपये का लाभांश
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) को दूसरी तिमाही में 10,431 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की तुलना में यह 8.4 फीसदी ज्यादा है। कंपनी ने बताया, इस दौरान उसका राजस्व 18 फीसदी बढ़कर 54,309 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने प्रति शेयर 8 रुपये लाभांश देने की घोषणा की है। कंपनी ने इस दौरान 9,840 नए कर्मचारियों की भर्ती की। इससे कुल कर्मचारियों की संख्या 6.16 लाख हो गई है। हालांकि, सितंबर तिमाही में ही कंपनी के 21.5 फीसदी कर्मचारी कंपनी छोड़ गए।

केनरा बैंक की विशेष टर्म जमा योजना
केनरा बैंक ने 666 दिन की एक नई विशेष टर्म डिपॉजिट योजना को पेश किया है। 2 करोड़ से कम के लिए यह योजना है। इस पर 7 फीसदी का सालाना ब्याज मिलेगा। जबकि वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 फीसदी ब्याज दिया जाएगा।

जेपी का सीमेंट कारोबार खरीदेगा अदाणी समूह
अदाणी समूह कर्ज में फंसे जेपी समूह का सीमेंट कारोबार 5,000 करोड़ में खरीदने के लिए बातचीत कर रहा है। सूत्रों ने कहा, अदाणी समूह जयप्रकाश एसोसिएट्स के प्रबंधन के साथ बातचीत कर रहा है और यह काफी आगे बढ़ चुकी है।

असम : ट्रेन की चपेट में आने से एक हथिनी और शावक की मौत
असम के जोरहाट जिले के खारीकटिया रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक हथिनी और उसके शावक की मौत हो गई। रेलवे अधिकारी के अनुसार रविवार की रात यह हादसा उस समय हुआ, जब हाथियों का झुंड रेलवे पटरी से गुजर रहा था। दुर्घटना में मारी गई हथिनी की उम्र करीब 22 वर्ष और शावक की उम्र दस माह बताई गई है। वहीं, बुधवार को कोकराझार के गोसांईगांव में करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई थी।

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम सुशील शिंदे का मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे का मोबाइल फोन चुराने वाले आरोपी को रेलवे पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह घटना 6 अक्तूबर की है। आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपी मंदार प्रमोद गुरुवी शिंदे के ही चुनाव क्षेत्र सोलापुर का रहने वाला है। मंदार ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता का फोन ट्रेन में सफर के दौरान चुरा लिया था लेकिन पूर्व सीएम की बेटी ने इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को तुरंत दी। इसके चलते आरोपी को तत्काल रंगे हाथ धर दबोच लिया।

पशु तस्करी मामला : सीबीआई ने अणुब्रत के खिलाफ तृणमूल सांसद को बनाया गवाह
पशु तस्करी मामले में सीबीआई ने पश्चिम बंगाल की बीरभूम सीट से तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी राय को गवाह बनाया है। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अदालत में जमा की गई चार्जशीट यह जानकारी दी है। मामले में शताब्दी समेत कुल 95 लोगों को गवाह बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, शताब्दी का नाम गवाहों की सूची में 46वें नंबर पर है। उनके अलावा गवाहों में कई बैंकों के मैनेजर व कर्मचारी हैं। सीबीआई उन सबसे पूछताछ कर चुकी है। अणुब्रत और सांसद शताब्दी राय के मतभेद जगजाहिर हैं। 2021 के बंगाल विस चुनाव से पहले राय के पार्टी छोड़ने की अटकलें थीं।

आईआईटी गुवाहाटी में छात्र ने की आत्महत्या
असम के गुवाहाटी स्थित आईआईटी (आईआईटी-जी) में एक और छात्र ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, छात्र अपने छात्रावास के कमरे में लटका पाया गया। मृतक छात्र की पहचान आंध्र प्रदेश के गुडला महेश साई राज के रूप में हुई है। वह कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर का छात्र था। पुलिस ने सोमवार को कहा, खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि उसे छात्रावास खाली करने को कहा गया था। इसी दबाव में उसने यह कदम उठाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम कर शव परिजान को सौंप दिया गया। आईआईटी-जी ने एक बयान में कहा, हम पुलिस जांच में सहयोग करेंगे और इस मामले में आंतरिक जांच भी शुरू करेंगे।
 

तेजस्वी के निजी सचिव फिर तलब
सीबीआई ने बुधवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के निजी सचिव संजय यादव को रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाले में फिर से तलब किया है। यह मामला तब का है, जब आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। सीबीआई अधिकारी के मुताबिक, संजय को शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

मशहूर ‘विल्लुपट्टू’ कलाकार सुब्बू अरुमुगम का निधन  
चार दशकों तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले लोकप्रिय ‘विल्लुपट्टू’ कलाकार सुब्बू अरुमुगम का सोमवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे। पद्म श्री से सम्मानित अरुमुगम अपने पीछे पत्नी महालक्ष्मी, पुत्र गांधी और दो बेटियां भारती थिरुमगन और सुब्बुलक्ष्मी को छोड़ गए हैं। ‘विल्लुपट्टू’ संगीतमय तरीके से कहानी कहने का एक प्राचीन कला है। यह ज्यादातर मंदिर उत्सवों के दौरान किया जाता है। तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अरुमुगम के निधन पर दुख जताया है।

लेखिका तेमसुला के निधन पर राष्ट्रपति व पीएम ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर की जानीमानी साहित्यकार पद्मश्री डॉ. तेमसुला आओ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि तेमसुला ने पूर्वोत्तर की संस्कृति को अपनी साहित्यिक कृतियों के जरिये प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर लेखिका के निधन पर दुख व्यक्त किया।

भारत जोड़ो यात्रा में बच्चों का कोई दुरुपयोग नहीं : कांग्रेस
कांग्रेस ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) की शिकायत पर चुनाव आयोग के नोटिस का सोमवार शाम जवाब दिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि भारत जोड़ो यात्रा में बच्चों के अधिकारों का न तो हनन हुआ और न ही चुनावी इस्तेमाल किया गया। पार्टी ने कहा कि एनसीपीसीआर बचकानी हरकत कर रहा है। महासचिव जयराम रमेश, वरिष्ठ वकील और पार्टी नेता सलमान खुर्शीद और सुप्रिया श्रीनेत ने चुनाव आयुक्त से मिलकर लिखित जवाब दाखिल किया।


कांग्रेस ने कहा, यात्रा में प्रतिदिन लोग शामिल हो रहे हैं। इसमें बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ आते हैं और राहुल से मिलते हैं। इसमें चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ। जयराम ने कहा कि आयोग ने जवाब का अध्ययन करने के बाद फैसला देने को कहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपीए सरकार में एनसीपीसीआर का गठन हुआ, लेकिन अब वहां आरएसएस के लोग बैठे हैं।

उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी की न्यायिक हिरासत 19 तक बढ़ी
अलीपुर स्थित सीबीआई की एक विशेष अदालत ने सोमवार को स्कूल भर्ती घोटाला मामले में पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन सुबीरेश भट्टाचार्य की न्यायिक हिरासत 19 अक्तूबर तक बढ़ा दी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भट्टाचार्य को 19 सितंबर को गिरफ्तार किया था। सीबीआई के दावों पर भट्टाचार्य के वकील ने कहा कि जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ कोई नए आरोप नहीं लगाए हैं, ऐसे में उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। वहीं, सीबीआई ने अदालत से कहा कि वह शिक्षकों को नौकरी देने के लिए तैयार होने वाले दर्जनों अयोग्य उम्मीदवारों को पैनल में शामिल करने के लिए जोड़तोड़ करते थे। भट्टाचार्य 2014 से 2018 के बीच एसएससी के चेयरमैन थे, जब पार्थ चटर्जी शिक्षा मंत्री थे।

700  जिलों में फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम होगा शुरू : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि देशभर के 700 से अधिक जिलों के स्कूलों में फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम चलेगा। केंद्रीय मंत्री ने फीफा अंडर 17 वर्ल्डकप से पहले फीफा की महासचिव फातिमा समौरा से मुलाकात के बाद इसकी घोषणा की।

 

उन्होंने बताया कि बैठक में सभी स्कूलों में फीफा और यूनेस्को के फुटबॉल कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप से पहले  फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्त्रस्म को जन आंदोलन बनाया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल भारत में खेलों की संस्कृति को बढ़ावा देगी। साथ ही छात्रों के कौशल विकास में मददगार साबित होगी।


उन्होंने कहा की सरकार भारत को एक खेल महाशक्ति के रूप में विकसित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण फिट इंडिया के अनुरूप, फुटबॉल को एक जनांदोलन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत देश के सभी 700 से अधिक जिलों में फुटबॉल कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके लिए नवोदय विद्यालय समिति नोडल एजेंसी होगी। इस अभियान को लेकर बैठक में फीफा और यूनेस्को के फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम को देश भर के स्कूलों में ले जाने और इसमें सहयोग व समन्वय करने पर चर्चा हुई।

हिंदी थोप एक और भाषा युद्ध न छेड़े केंद्र : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भाषा के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कहा, हिंदी को थोपकर सरकार को एक और भाषा युद्ध नहीं शुरू करना चाहिए। आधिकारिक भाषा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति द्वारा राष्ट्रपति को सौंपी गई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने पीएम मोदी से अपील की कि हिंदी को अनिवार्य करने के प्रयास को छोड़कर देश की एकता पर जोर दिया जाए। उन्होंने कहा, क्या केवल हिंदी बोलने वाले लोग ही देश के नागरिक हैं और बाकी भाषा बोलने वाले लोग दूसरे दर्जे के हैं? उन्होंने कहा, लगातार हिंदी को थोपने का प्रयास किया जा रहा है जो कि संविधान के विरुद्ध है। स्टालिन ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर संसद में ‘भारत माता की जय’ के नारे ही क्यों लगाए जाते हैं।


माकपा ने कहा, हिंदी पर समिति का प्रस्ताव अस्वीकार्य

केरल में सत्तारूढ़ माकपा ने आईआईटी सहित तकनीकी व गैर-तकनीकी संस्थानों में हिंदी को शिक्षा का माध्यम बनाने के संसदीय समिति के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा, समिति की सिफारिश संविधान की भावना व देश की भाषाई विविधता के विपरीत है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed