बंगाल : हड़ताली डॉक्टर बात करने को राजी, आज सीएम ममता से होगी वार्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में बीते छह दिनों से हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करने को राजी हो गए। हालांकि डॉक्टरों ने पहले मीडिया की मौजूदगी में बैठक करने की शर्त रखी थी, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया।
सोमवार को राज्य सचिवालय में ममता और हड़ताली डॉक्टरों के बीच दोपहर 3 बजे बैठक होगी। 14 मेडिकल कॉलेज के 2-2 प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। बैठक की वीडियोग्राफी हो सकती है। वहीं, हड़ताल के चलते राज्य में हजारों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताली डॉक्टरों के संगठन ज्वाइंट फोरम ऑफ जूनियर डॉक्टर्स की ढाई घंटे चली बैठक में वार्ता पर सहमति बनी। फोरम के प्रवक्ता ने बताया कि हम गतिरोध दूर करना चाहते हैं। हम मुख्यमंत्री की पसंद की जगह पर मिलने को तैयार हैं।
जगह इतनी होनी चाहिए कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधि मौजूद रह सकें। मांगें पूरी होने के बाद जितनी जल्दी संभव हो, हम काम पर लौट आएंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान न होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
एनआरएस मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की मौत के बाद दो जूनियर से हुई मारपीट के विरोध में राज्य के जूनियर डॉक्टर मंगलवार से हड़ताल पर हैं। इसका असर देश के दूसरे राज्यों तक पहुंच गया है।
आज डॉक्टरों की देशव्यापी हड़ताल
पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों से मारपीट के विरोध में सोमवार को देशभर के डॉक्टर सोमवार हड़ताल पर रहेंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने रविवार को कहा, हम 17 जून को देशभर के अस्पतालों में ओपीडी समेत सभी गैर-जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं ठप रखने के फैसले पर कायम हैं।
केवल इमरजेंसी और कैजुअल्टी सेवा जारी रहेंगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से होने वाली हिंसा की रोकथाम के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाना जरूरी है। आईएमए ने शुक्रवार से चार दिन का देशव्यापी प्रदर्शन शुरू किया था और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सख्त कानून बनाने की मांग की थी।