तिरपाल चोरी केस: कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचे सुवेंदु अधिकारी को राहत नहीं, जांच रहेगी जारी, अब 22 जून को होगी सुनवाई
सुवेंदु अधिकारी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय से अपने खिलाफ तिरपाल चोरी मामले में दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के निर्देश देने की मांग की, लेकिन कोर्ट से उन्हें सोमवार को कोई राहत नहीं मिली।
विस्तार
हाल ही में पश्चिम बंगाल के कांथी में भाजपा नेता और नंदीग्राम से विधायक सुवेंदु अधिकारी और उनके भाई सौमेंदु अधिकारी पर नगरपालिका की राहत सामग्री चुराने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। इस एफआईआर को रद्द करने की मांग लेकर सुवेंदु अधिकारी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें सोमवार (14 जून) को कोई राहत नहीं मिली। अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 जून को होगी। फिलहाल कोर्ट की तरफ से इस मामले की जांच पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।
कभी ममता के रहे खास, अब ममता के ही बन गए धुर विरोधी
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार ने चुनाव जीतने के बाद सुवेंदु अधिकारी और उनके भाई के खिलाफ राहत सामग्री चुराने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। सुवेंदु अधिकारी पहले टीएमसी के ही नेता थे और ममता बनर्जी के बेहद करीबी भी थे। हालांकि, बाद में उन्होंने टीएमसी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।
West Bengal: Leader of Opposition Suvendu Adhikari moves Kolkata High Court seeking directions to quash FIR registered against him in Tarpaulin theft case. Matter to be heard on June 22
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) June 14, 2021
सुवेंदु के भाई और पिता को मिली है वाई प्लस सुरक्षा
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हरा दिया था। वह विधानसभा में विपक्ष के नेता चुने गए हैं। चुनाव के बाद से ही भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे में केंद्र सरकार ने सुवेंदु के पिता शिशिर अधिकारी और भाई दिव्येंदु अधिकारी को वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दे रखी है।