ऑनलाइन किलर गेम मोमो चैलेंज से दो मौतों के बाद बंगाल सरकार सतर्क, पुलिस को दिए निर्देश
उत्तर बंगाल में ऑनलाइन किलर गेम मोमो चैलेंज का न्योता मिलने के बाद हाल ही में दो लोगों की मौत से सतर्क राज्य सरकार अब इस खतरे से निपटने के लिए ऐहतियाती कदम उठा रही है। सरकारी सूत्रों ने रविवार को यहां इसकी जानकारी दी।
एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि तमाम जिलों के थानों को जरूरी निर्देश भेजने के साथ ही प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थानों से भी छात्रों के व्यवहार में बदलाव को ध्यान रखने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि मोमो चैलेंज में लगातार तेजी आ रही है।
ब्लू व्हेल के बाद अब मोमो गेम चैलेंज का खतरा गंभीर हो रहा है। इस ऑनलाइन खेल का लिंक व्हाट्सएप के जरिए भेजा जा रहा है। जिला प्रशासनों को इस बारे में सतर्क कर दिया गया है। पुलिस को संदेह है कि हाल में आत्महत्या करने वाले दोनों लोग मोमो चैलेंज खेल में फंसे थे। कुछ ही दिन पहले दार्जिलिंग जिले के कर्सियांग में मनीष सारकी (18) और अदिती गोयल (26) ने आत्महत्या कर ली थी।
अधिकारी ने बताया कि सरकार को रिपोर्ट मिली है खासकर युवाओं को व्हाट्सएप के जरिए इसका न्योता मिल रहा है। बीते 21 अगस्त को जलपाईगुड़ी की कविता राई को भी मौत का यह खेल खेलने का न्योता मिला था। उसने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महानगर में एक आईटी पेशेवर और एक बच्चे की मां ने भी ऐसा ही न्योता मिलने के बाद कोलकाता पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
साइबर विशेषज्ञों से मांगी मदद
पश्चिम बंगाल सरकार ने इस खतरे से निपटने के लिए साइबर विशेषज्ञों से भी मदद मांगी है। इसके साथ ही क्या करें और क्या नहीं करें की एक सूची भी तैयार कर तमाम जिलों में भेजी है ताकि लोगों में जागरूकता पैदा की जा सके।
लोगों के नंबर हैक कर भेजा जा रहा खेल का न्योता
साइबर विशेषज्ञ संदीप सेनगुप्ता ने बताया कि इस खेल का संचालन करने वाले लोगों के नंबर हैक कर उन्हें न्योता भेज रहे हैं। लोगों को दूसरे सोशल नेटवर्किंग साइटों के जरिए भी ब्लैकमेल किया जाता है।
अज्ञात नंबर से मिलने वाले न्योते को स्वीकार न करने की सलाह
सेनगुप्ता ने लोगों को किसी अज्ञात नंबर से मिलने वाले ऐसे किसी न्योते को स्वीकार नहीं करने और किसी अनजाने लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से ऐसा कोई लिंक मिलते ही पुलिस को तुरंत सूचना देने की अपील की है।