असम: पुलिस ने आशुतोष रांका को हिरासत में लिया; अभिजीत दीपके का आरोप- वकीलों को मिलने नहीं दिया जा रहा
सीजेपी नेता आशुतोष रांका और उनकी टीम के सदस्यों को रविवार को गुवाहाटी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने अभी तक इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। आशुतोष रांका और उनकी टीम असम में एक बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
विस्तार
बैठक में हिस्सा लेने गुवाहाटी पहुंचे थे आशुतोष रांका
आशुतोष रांका और उनकी टीम असम के गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी की पहली क्षेत्रीय बैठक में हिस्सा लेने असम पहुंचे थे। हालांकि गुवाहाटी पुलिस ने आशुतोष रांका और उनकी टीम के सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। सीजेपी की यह बैठक असम सचिवालय के पास होने वाली थी। बैठक शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
रांका के एक्स अकाउंट पर वीडियो जारी
रांका के एक्स अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा किया गया। इसमें वह पुलिसकर्मियों के साथ एक चलती गाड़ी में बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने उन्हें और सीजेपी के स्वयंसेवकों को हिरासत में लिया है, क्योंकि वह असम के लोगों से डरे हुए हैं। रांका ने आरोप लगाया कि उनका संगठन राज्य के स्कूलों की हकीकत उजागर करना चाहता है। पुलिस द्वारा ले जाए जाने के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए रांका ने कहा कि यह कार्रवाई दिखाती है कि मुख्यमंत्री सरमा उजागर होने से डर रहे हैं।
रांका ने कहा, 'उन्हें डर है कि अगर हम यहां के स्कूलों को दिखा दें, तो देश को उनकी हकीकत पता चल जाएगी। उन्हें डर है कि लोगों को पता चल जाएगा कि कॉरपोरेट के फायदे के लिए काजीरंगा में उनके अधिकार कैसे छीने जा रहे हैं। लेकिन हम उनसे नहीं डरते। हम जानते हैं कि उन्होंने विधानसभा चुनाव निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को दोबारा तय करके जीता है।'
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने लगाए कई आरोप
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि कार्यकर्ताओं को बैठक स्थल तक पहुंचने ही नहीं दिया गया। सीजेपी के अनुसार, इस बैठक में 200-300 कार्यकर्ता शामिल होने वाले थे और इसमें असम में आई बाढ़ से जुड़े मुद्दों और बाढ़ के बाद के हालात पर चर्चा होनी थी। साथ ही राज्य में सीजेपी संगठन की गतिविधियों को भी बढ़ाने की योजना पर चर्चा होनी थी। हालांकि अभी तक पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
दीपके बोले- सीजेपी सदस्यों के साथ जाऊंगा असम
असम पुलिस ने आशु (आशुतोष रांका) को एक निजी घर से हिरासत में लिया। उन्हें अभी तक यह नहीं बताया गया है कि किन आरोपों या किस आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया है। अगर आशु को रिहा नहीं किया गया, तो मैं सीजेपी के दूसरे सदस्यों के साथ असम जाऊंगा। हिमंत (असम के मुख्यमंत्री) हम सभी को गिरफ्तार कर सकते हैं।
Ashu was picked up by Assam Police from a private residence. They have still not been told under what charges or on what grounds he has been detained.
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) September 27, 2026
If Ashu is not released, I will go to Assam along with other CJP members. Himanta can arrest us all.