एलान : यूपी में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी एआईएमआईएम, ओवैसी ने की घोषणा
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
विस्तार
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का गठबंधन केवल ओम प्रकाश राजभर की पार्टी भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ है।
बिहार विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की रविवार को घोषणा की।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वे लोग ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एवं छोटी पार्टियों के गठबंधन भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे ।
हैदराबाद के सांसद ने हिंदी में ट्वीट कर घोषणा की कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। बता दें कि ओवैसी आम तौर पर अंग्रेजी में सोशल मीडिया पर संदेश देते हैं।
ओवैसी ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के संबंध में हमने 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने उम्मीदवारों को चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमने उम्मीदवार आवेदन पत्र भी जारी कर दिया है।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि हम ओपी राजभर साहब 'भागीदारी संकल्प मोर्चा' के साथ हैं। हमारी और किसी पार्टी से चुनाव या गठबंधन के सिलसिले में कोई बात नहीं हुई है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार विधानासभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर उसे जीत मिली थी।
उ.प्र. चुनाव को लेकर मैं कुछ बातें आपके सामने रख देना चाहता हूँ:-
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) June 27, 2021
1) हमने फैसला लिया है कि हम 100 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे, पार्टी ने उम्मीदवारों को चुनने का प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमने उम्मीदवार आवेदन पत्र भी जारी कर दिया है।1/2