चौबीस घंटे में नौ हत्याओं से दहली दिल्ली, केजरीवाल ने कहा- हत्याओं के लिए किससे करें सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में पिछले चौबीस घंटों में नौ हत्याओं को अंजाम दिया जा चुका है। दक्षिणी दिल्ली के एक व्यक्ति के द्वारा अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या से लोग भयभीत हो गये हैं। बसंतकुंज में एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके नौकर की भी बेहद संगीन तरीके से हत्या कर दी गई है। इससे दिल्ली की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंज केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली की सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री, एलजी और दिल्ली पुलिस जिम्मेदार हैं। लेकिन अब उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि इन हत्याओं के लिए वे किससे सवाल करें।
देश की राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था हमेशा से सवालों के घेरे में रही है। आये दिन बड़ी-बड़ी वारदातों के बावजूद इस पर कोई लगाम नहीं लगाई जा सकी है। इसके लिए कभी दिल्ली पुलिस के पास कम कार्यबल का होना तो कभी किसी अन्य वजह को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा है। लेकिन इन सबके बावजूद दिल्ली की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस रणनीति अब तक नहीं बनाई जा सकी है।
आप नेता आतिशी मार्लेना ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछले एक महीने में दिल्ली में 220 से ज्यादा बार गोली चलने की घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें अनेकों लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन केंद्र सरकार दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए कोई जमीनी काम करने में अभी भी असफल रही है जिसके कारण आये दिन लोगों के साथ लूटपाट, रेप और हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शाम को भी बाहर निकलने में डर लगने लगा है लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर कोई कदम नहीं उठाये जा रहे हैं।
‘तीन महीने में लगेंगे तीन लाख सीसीटीवी कैमरे’
आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली के हर प्रमुख सड़क, बाज़ार और कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे लगाने का वायदा किया था। भाजपा उसे हमेशा सीसीटीवी कैमरे न लगने के लिए निशाने पर लेती रही है। लेकिन दिल्ली सरकार का दावा है कि उसने बड़ी तेजी से इस काम को करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के क्षेत्र पड़पड़ गंज में सीसीटीवी लगाने की योजना का उद्भाग्त्न करते हुए सिसोदिया ने कहा कि अगले तीन महीने के अंदर दिल्ली में तीन लाख सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जायेंगे। इससे अपराधियों के मन में पकड़े जाने का डर होगा और अपराध में कमी आएगी। स्कूलों में लगने वाले कैमरे इनसे अलग हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता से लेने का आग्रह भी किया।
सिसोदिया के मुताबिक ये सभी कैमरे वायरलेस होंगे और इंटरनेट के जरिये सीधे हेड ऑफिस से जुड़े होंगे। किसी गंभीर अपराध होने की स्थिति में इसके माध्यम से सीधे मुख्यालय को जानकारी हो सकेगी। इससे अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने में मदद मिलेगी और अपराध पर अंकुश लगेगा।