अरविंद केजरीवाल ही नहीं हार्दिक पटेल समेत ये नेता भी हो चुके हैं 'थप्पड़ कांड' के शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मोतीनगर में एक रोड शो के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। रोड शो के दौरान केजरीवाल एक गाड़ी में अपने काफिले के साथ आगे बढ़ रहे थे कि तभी लाल कमीज पहने एक युवक वाहन पर आगे से चढ़ा और केजरीवाल पर हमला कर दिया।
केजरीवाल पर इससे पहले भी हमले हो चुके हैं। उनपर थप्पड़ के साथ-साथ जूते, चप्पल, स्याही और अंडों की भी बरसात हो चुकी है। हालांकि, इस मामले में केजरीवाल अकेले नेता नहीं हैं। केजरीवाल के साथ हार्दिक पटेल, शरद पवार और प्रशांत भूषण जैसे नेता भी थप्पड़ खा चुके हैं।
इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार कर रहे थे, तब एक ऑटो चालक ने उन्हें थप्पड़ जड़ा था। केजरीवाल को थप्पड़ मारने वाला व्यक्ति अपने हाथ में एक माला लिए हुए था। उसने जीप पर सवार होकर पहले केजरीवाल को माला पहनाई और फिर थप्पड़ मार दिया।
हाल ही में हार्दिक पटेल को भी एक व्यक्ति ने एक कार्यक्रम में थप्पड़ जड़ा था। 19 अप्रैल को हार्दिक गुजरात की सुरेंद्र नगर लोकसभा सीट के लिए एक रैली में चुनाव प्रचार कर रहे थे। पटेल ने इस घटना के लिये भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह उनकी हत्या की कोशिश थी। दूसरी तरफ, भाजपा ने कहा कि इस घटना का उनसे कुछ लेना-देना नहीं है और यह सब कांग्रेस द्वारा लोकसभा चुनावों में सहानुभूति बटोरने के लिये किया गया नाटक है।
साल 2011 में जब शरद पवार केंद्रीय कृषि मंत्री थे तब एक कार्यक्रम में एक युवक ने पवार के गाल पर थप्पड़ जड़ा था। दरअसल, पवार इफको के एक साहित्यिक कार्यक्रम में भाग लेने का बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। थप्पड़ मारने वाले शख्स की पहचान दिल्ली के ट्रांसपोर्टर हरविंदर सिंह के रूप में हुई थी। उसने कहा था, 'मैं शरद पवार को थप्पड़ मारने के लिए ही यहां आया था। ये सब भ्रष्ट हैं।'
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण भी मारपीट के शिकार हो चुके हैं। साल 2011 में प्रशांत भूषण से कुछ लोगों ने उनके सुप्रीम कोर्ट स्थित चेंबर में घुसकर मारपीट की थी। मारपीट में घायल हुए प्रशांत भूषण को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भूषण पर हमला करने वाले तीन युवकों में दो फरार हो गए थे जबकि एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया था।