फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Manipur Violence: 45-Year-Old Kuki Man Shot Dead in Kangpokpi, Shutdown Called

मणिपुर: कांगपोकपी में कुकी समुदाय के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, एक दिन पहले तीन मैतेई की गई थी जान

Tue, 20 Oct 2026 10:03 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई/आईएएनएस, इंफाल।
पीटीआई/आईएएनएस, इंफाल। Published by: राहुल कुमार Updated Tue, 20 Oct 2026 10:03 PM IST
सार

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने 45 वर्षीय कुकी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे एक दिन पहले तीन मैतेई ग्रामीणों की हत्या हुई थी। विरोध में आदिवासी संगठन ने 24 घंटे के बंद का एलान किया। वहीं, थौबल में दो समुदायों के बीच झड़प के मामले में दो लोग गिरफ्तार किए गए।

विज्ञापन
Manipur Violence: 45-Year-Old Kuki Man Shot Dead in Kangpokpi, Shutdown Called
मणिपुर में फिर क्यों भड़की हिंसा? - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह संदिग्ध उग्रवादियों ने 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पी. मोल्डिंग गांव के पाओलेन खोंगसाई के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब आठ बजे की है, जब वह एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे। हमले के दौरान दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा।

विज्ञापन


यह घटना उसी जिले में एक दिन पहले हुए हमले के बाद हुई है, जिसमें संदिग्ध उग्रवादियों ने जलावन की लकड़ी इकट्ठा करने गए 14 मैतेई ग्रामीणों पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
विज्ञापन


कुकी-जो बहुल कांगपोकपी जिले में 24 घंटे के बंद का एलान 
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में कुकी-जो समुदाय से जुड़े संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने 24 घंटे के पूर्ण बंद का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार, बंद 20 अक्टूबर की आधी रात से 21 अक्टूबर की आधी रात तक लागू रहेगा। इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और जीवनरक्षक आपात स्थितियों को छूट दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सीओटीयू के सूचना एवं प्रचार प्रभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुकी-जो समुदाय के लोगों को लगातार जानमाल के नुकसान, घरों के विनाश, जबरन विस्थापन और असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि समुदाय के लोगों की कठिनाइयों के बावजूद न्याय सुनिश्चित करने, सुरक्षा बहाल करने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं।

बयान में तीन मैतेई नागरिकों की हत्या के मामले में कुकी-जो समुदाय के लोगों की कथित तौर पर अंधाधुंध गिरफ्तारी पर भी चिंता जताई गई है। संगठन का कहना है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के जरिए उनकी संलिप्तता स्थापित किए बिना इस तरह की गिरफ्तारियां चिंताजनक हैं। इसके अलावा, सीओटीयू ने एनएससीएन-आईएम द्वारा पाओलेनमुंग थांगेओ की हत्या का भी उल्लेख किया और कहा कि इस घटना ने समुदाय के लोगों के बीच दर्द और असुरक्षा को और बढ़ा दिया है।

संगठन ने अपने बयान में नुकसान के आंकड़े देते हुए दावा किया कि हिंसा में कुकी-जो समुदाय के 32 लोगों की जान गई, 30 गांव जला दिए गए, 271 मकान नष्ट हुए और 2,516 लोग जबरन विस्थापित हुए। सीओटीयू ने कहा कि ये आंकड़े उन परिवारों और समुदायों की पीड़ा को दर्शाते हैं, जो अब भी अपने जीवन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

सीओटीयू ने बंद को न्याय, जवाबदेही, समुदाय के लोगों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामूहिक विरोध बताया है। संगठन ने कुकी-जो समुदाय के लोगों से एकजुटता और अनुशासन के साथ बंद का पालन करने की अपील की है। बयान में स्पष्ट किया गया है कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं सहित जीवन बचाने के लिए जरूरी आपात स्थितियों में छूट रहेगी।

मणिपुर के थौबल में दो समुदायों के बीच झड़प मामले में दो गिरफ्तार
मणिपुर के थौबल जिले में दो समुदायों के बीच हाल में हुई झड़पों के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन झड़पों में एक युवक की मौत हो गई थी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) ल्हारी दोरजी ल्हातू ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने मामले में तलाशी अभियान चलाया। टीम ने कांगबोक और संगाइयुम्फम में हुई झड़पों के सिलसिले में संगाइयुम्फम चेरापुर इलाके में अभियान चलाकर दो लोगों को पकड़ा।

नाइट कॉन्सर्ट में पत्थर फेंकने को लेकर हुई थी झड़प
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात थौबल जिले के कांगबोक और संगाइयुम्फम में दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी। यह विवाद एक नाइट कॉन्सर्ट में "पत्थर फेंकने" की घटना को लेकर हुआ था। इस दौरान लाइशराम राकेश नाम के व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।


ल्हातू ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कुल 146 घरों की जांच की गई और 300 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया। चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से दो को मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की आगे की जांच जारी है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed