पुलगांव अग्निकांड: दो और शव मिले, मरने वालों की संख्या 19 पहुंची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में पुलगांव स्थित केंद्रीय आयुध डिपो से तीन और शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही इस डिपो में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि तीनों शव डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि बरामद किए गए शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सैन्य अभियानों के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि आग के कारण का अभी पता लगाया जाना बाकी है और सेना ने घटना की जांच शुरू की है।
पुलगांव स्थित देश के सबसे बड़े आयुध डिपो में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई थी। आग बुझाने के क्रम में दो अधिकारियों और 14 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। जबकि दो अधिकारी और 15 लोग हादसे में घायल हो गए थे। तीन घायल अधिकारियों को एयर एंबुलेंस के जरिये पुणे के सैन्य अस्पताल ले जाया गया है।
सेफ्टी आडिट कराने के निर्देश
स्पीकर कवींद्र गुप्ता ने सरकार को रियासत में स्थित सेना के आयुध डिपो का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पुलगांव में सेना के आयुध डिपो में लगी आग की घटना के मद्देनजर यहां सेफ्टी आडिट जरूरी हो गया है।
आयुध डिपो का सेफ्टी आडिट कराने का मुद्दा बुधवार को नेशनल कांफ्रेंस के विधायक देवेंद्र राणा ने विधानसभा में प्रश्नकाल खत्म होने के बाद उठाया। उन्होंने अध्यक्ष से मांग की कि वह राज्य के सभी आयुध डिपो का सेफ्टी ऑडिट करवाने के लिए राज्य सरकार को निर्देश दें। हालांकि, शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था।
राणा ने कहा कि सरकार में कोई भी उनके उठाए गए मुद्दे पर गौर नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नींद तब खुलेगी जब लोग मारे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को महाराष्ट्र के पुलगांव में एशिया के सबसे बड़े आयुध डिपो में भीषण आग लगी, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई थी।