H125 Helicopters: भारत में तैयार होंगे एच 125 हेलीकॉप्टर, टाटा-एयरबस के बीच फाइनल असेंबली लाइन के लिए समझौता
एच 125 हेलीकॉप्टर्स को तैयार करने के लिए भारत में फाइनल एसेंबली लाइन (एफएएल) को स्थापित किया जाएगा। इसे लेकर टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस हेलीकॉप्टर्स के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस हेलीकॉप्टर्स के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत एच 125 हेलीकॉप्टर्स को तैयार करने के लिए भारत में फाइनल एसेंबली लाइन (एफएएल) को स्थापित किया जाएगा। आपको बता दें कि असेंबली लाइन एक उत्पादन प्रक्रिया है, जिसके तहत वस्तुओं के निर्माण को अलग अलग चरणों में विभाजित किया जाता है। इस समझौते के तहत अब भारत में एच 125 हेलीकॉप्टर्स का निर्माण किया जाएगा।
एयरबस की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी
एयरबस की तरफ से इस बारे में आधिकारिक जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार एफएएल के लिए भारत में हेलीकॉप्टर असेंबली सुविधा स्थापित करने का यह पहला उदाहरण होगा। हेलीकॉप्टर असेंबली सुविधा स्थापित करने से भारत में एच 125 हेलीकॉप्टर का निर्माण संभव हो सकेगा। आपको बता दें कि टाटा एडवांस सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) एयरोस्पेस और सुरक्षा के मामले में भारत के निजी क्षेत्र में सबसे अग्रणी कंपनी है।
फार्नबरो एयरशो 2024 में किए गए थे अनुबंध पर हस्ताक्षर
इस वर्ष 26 जनवरी को एयरबस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिलाउम फाउरी और टाटा सन्स के अध्यक्ष एन चंद्रशेखर ने भारत में एफएएल की स्थापना की घोषणा की थी। इससे जुड़े अनुबंध पर फार्नबरो एयरशो 2024 में हस्ताक्षर किए गए थे। हेलीकॉप्टरों में इंजन, हाइड्रोलिक सर्किट, फ्यूल सिस्टम जैसे कई कामों को एफएएल द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके अलावा हेलीकॉप्टरों के परीक्षण और उन्हें प्रमाणित करने की जिम्मेदारी भी एफएएल की होगी।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने क्या कहा?
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुकरन सिंह ने कहा, ‘भारत में एच 125 हेलीकॉप्टरों के निर्माण के लिए हम एयरबस के साथ मिलकर फाइनल असेंबली लाइन की स्थापना करेंगे। इस सहयोग की मदद से हमारी साझेदारी को और भी अधिक बल मिलेगा। यह कदम मेक इन इंडिया के तहत भारत के बढ़ते हेलीकॉप्टर बाजार की तरफ भी इशारा करता है। इस कार्ययोजना से भारत का हेलीकॉप्टर निर्माण क्षमता भी विकसित होगी।’
दावा किया गया है कि भारतीय ग्राहकों के साथ साथ पड़ोसी देशों को भी एफएएल द्वारा तैयार किए गए हेलीकॉप्टर दिए जाएंगे। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि स्वदेश में निर्मित भारत का पहला एच 125 हेलीकॉप्टर 2026 में तैयार हो जाएगा।