उत्तराखंड उदय संवाद 2018: दिग्गजों के मंथन में निकली पहाड़ के विकास की राह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के विकास की संभावनाओं और अवसरों की तलाश के लिए आयोजित 'अमर उजाला उत्तराखंड उदय संवाद 2018' के मंच पर सभी दिग्गज एक बात पर सहमत दिखे कि अगर राज्य को अवसर मिले और योजनाओं को सही से लागू किया जाए तो उत्तराखंड को स्विटजरलैंड बनने में देर नहीं लगेगी। खुद केंद्रीय राज्यमंत्री और उत्तराखंड के नुमाइंदे अजय टम्टा ने दावा किया कि अगर संसाधनों का सही से इस्तेमाल किया जाए तो हम स्विटजरलैंड से आगे निकलने में भी सक्षम हैं।
यह भी पढ़ेंः उत्तराखंड उदय संवाद में शूटर जसपाल बोले- खेलों में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरूरत
'संवाद 2018' के मंच से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी बोले- एक साल में उत्तराखंड में सड़कों की हालत सुधरेगी। सड़क बनाने के लिए पेड़ काटने पड़ेंगे, लेकिन हम एक के बदले 10 पेड़ लगाएंगे। गडकरी ने दावा किया कि 2019 के पहले तक सरकार की 'नया उत्तराखंड' बनाने की योजना है।
इससे पूर्व सुबह दस बजे केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की। इसके बाद 'अमर उजाला डॉटकॉम' के एडिटर इन चीफ संजय अभिज्ञान ने सभी अतिथियों का स्वागत कर परिचय कराया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में 'औद्योगिक चुनौतियों से कैसे जूझ रहा है उत्तराखंड' विषय पर मंथन किया गया। जिसमें केंद्रीय टैक्स्टाइल राज्यमंत्री अजय टम्टा ने पहाड़ में औद्योगिक चुनौतियों पर अपनी राय रखी।
यह भी पढ़ेंः उत्तराखंड उदय संवाद 2018: CM रावत और गडकरी समेत जुटी कई हस्तियां, देखें तस्वीरें
टम्टा ने कहा कि हमारे राज्य में स्विट्जरलैंड से आगे निकलने की कुव्वत है और सरकार भी इसके लिए प्रयास कर रही है। राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र सरकार ने राज्य के स्टेट हाइवे को नेशनल हाइवे में बदला है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से राज्य के गांवों को जोड़ा जा रहा है। एशिया का सबसे बड़ा बांध भी उत्तराखंड में बनने जा रहा है। उत्तराखंड को डबल इंजन की सरकार का फायदा मिलने लगा है। अगले कुछ सालों में उत्तराखंड की नई तस्वीर देखने को मिलेगी।
दूसरे सत्र में 'गांव कस्बों का हिंदुस्तान और नई खेल प्रतिभा' विषय पर सिनेमा जगत की कई मशहूर हस्तियों ने अपनी राय रखी। आने वाली फिल्म 'मुक्केबाज' की टीम भी इस दौरान मौजूद रही। मशहूर एंकर ऋचा अनिरुद्ध ने अतिथियों से चर्चा की। उत्तराखंड से निकली बॉलीवुड हस्तियों का जिक्र भी आया और उनकी प्रतिभा की भी खूब तारीफ हुई। इस दौरान मशहूर मुक्केबाज अखिल कुमार ने कहा- उत्तराखंड से कई अच्छे मुक्केबाज निकले हैं, लेकिन फिलहाल राज्य में सुविधाओं की कमी है।
कहा- मुझे उम्मीद है कि राज्य में इन्फ्रास्ट्रेक्चर सुधरेगा। इसी सत्र में राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने भी लोगों को संबोधित किया। सीएम बोले कि राज्य में 200 करोड़ रुपये की लागत से NIFT बनाया जा रहा है। फिल्म शूटिंग के लिए निर्माताओं को छूट दी जा रही है। इसे और भी बेहतर करने के लिए काम किया जा रहा है। अप्रैल से मई तक मुजफ्फरनगर से देहरादून की रोड ठीक हो जाएंगी। राज्य में विस्थापन रोकने के लिए तमाम योजनाएं बनाई जा रही हैं।
सीएम ने यह भी जानकारी दी कि ऋषिकेश में इंटरनेशनल कंवेन्शन सेंटर बनाया जाएगा इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन फाइव स्टार और 2 बजट होटल बनेंगे। ऋषिकेश के AIIMS को 200 एकड़ जमीन और दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि होमस्टे योजना भी खासी सफल हो रही है। इसके अलावा देहरादून में ग्रेवटी वाटर की स्कीम शुरू की गई है। जिसे 42 गांवों तक पहुंचाया जाएगा। राज्य में कई झीलें बनाई जा रही हैं। सीएम ने माना कि NH75 के निर्माण में 185 करोड़ का घोटाला हुआ है, जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में जो घोटाला हुआ उसका खुलासा करने में अमर उजाला का योगदान अहम है। इसके लिए उन्होंने अमर उजाला का धन्यवाद भी किया।
कार्यक्रम का तीसरा सत्र लंच के बाद एजुकेशन और पैरेंटिंग पर रहा। शिक्षाविद् सुधा गुप्ता ने शिक्षा और पैरेंटिंग पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'हाइटेक एजुकेशन पहले शहरों में ही थी, लेकिन अब उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं। सॉरी, थैंक यू और आई लव यू बोलने से जिंदगी की सारी टेंशन खत्म होती है।' इसी सत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान सवाल जवाबों का सिलसिला भी चला। कई सवाल सामने बैठे दर्शकों ने पूछे तो अमर उजाला के पाठकों के सवाल भी गडकरी तक पहुंचाए गए।
इसी दौरान गडकरी ने कहा कि जिंदगी वनडे क्रिकेट की तरह है। इसलिए उन्हें बॉल बरबाद करना पसंद नहीं है। या तो शॉट मारो या आउट हो जाओ। जहां हिम्मत है वहां रास्ता है। परिवारवाद पर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि वो परिवारवाद के खिलाफ हैं इसलिए उनके परिवार से कोई भी राजनीति में नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि भारी भरकम डिपार्टमेंट संभालना आसान है या पार्टी का अध्यक्ष बनना तो जवाब था कि उन्होंने कभी हारना नहीं सीखा, मैं सपने पूरे करने में भरोसा रखता हूं।
उत्तराखंड के विकास पर पूछे गए कई सवालों पर केंद्रीय मंत्री का जवाब था कि 2019 के पहले तक नया उत्तराखंड बनाने की योजना है। देश में 111 नदियों में जलमार्ग बनाये जाएंगे, 2018 के पहले तक गंगा में भी जलमार्ग बन जाएंगे। उत्तराखड के संबंध में कहा एक साल में यहां की सड़कों की हालत सुधरेगी। सड़क बनाने के लिए पेड़ काटने पड़ेंगे। लेकिन एक के बदले 10 पेड़ लगाएंगे। जिन इलाकों में पेड़ काटे जा रहे हैं वहां प्लान्टेशन के लिए प्रति किलोमीटर 15 लाख का मुआवजा दिया जा रहा है। जिससे पहली जैसी हरियाली बरकरार रहे।
कार्यक्रम का चौथा सत्र रहा आयुर्वेद, उद्योग और पहाड़ विषय पर। जिसमें पतंजलि के प्रमुख आचार्य बालकृष्ण ने अपने विचार रखे। अमर उजाला हल्द्वानी के संपादक संजय देव के साथ चर्चा में उन्होंने उत्तराखंड के विकास में आयुर्वेद के योगदान और पतंजलि की आगामी योजनाओं पर विचार रखे।
पांचवे सत्र में पर्यटन और उद्योगः नए चेहरे नया रोजगार विषय पर आदित्य बिडला ग्रुप के सेंडिल नाथन, पैसेफिक ग्रुप के सीईओ अभिषेक बंसल, मेक माय ट्रिप के वाइस प्रसीडेंट दीपक रावत ने अमर उजाला डॉट कॉम के एडिटर इन चीफ संजय अभिज्ञान के साथ चर्चा में उत्तराखंड में पर्यटन और इससे जुड़े रोजगार पर अपनी राय रखी।
छठे सत्र में 'उत्तराखंड द नेक्सट सिनेमा डेस्टिनेशन' विषय पर फिल्म अभिनेता केके मेनन और कुशल श्रीवास्तव ने अपने विचार रखे। ऋचा अनिरुद्ध के साथ चर्चा में केके ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई किस्सों को दर्शकों से साझा किया। एक सवाल के जवाब में बोले- 'मैं सिर्फ निगेटिव किरदार नहीं निभाता, सिर्फ एक्टिंग करता हूं। मैं कम बजट की फिल्में करना पसंद करता हूं।' इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए गाने भी गाए। इसी सत्र में राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य में पर्यटन बढ़ाना होगा और विस्थापन को घटाना होगा।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में खेल ऊर्जा और उत्तराखंड विषय पर मुक्केबाज अखिल कुमार, मशहूर शूटर जसपाल राणा, बॉक्सर पूनम बेनीवाल ने अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार हेमंत रस्तोगी के साथ चर्चा में राज्य में खेल की संभावनाओं और प्रतिभाओं पर चर्चा की। अंत में अमर उजाला डॉटकॉम के एडिटर इन चीफ संजय अभिज्ञान ने सभी मेहमानों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
बता दें कि इस कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता रहे पैसिफिक। स्मार्टफोन पार्टनर थे कोमियो। सोशल मीडिया पार्टनर फेसबुक। टीवी पार्टनर समाचार प्लस उत्तरप्रदेश/उत्तराखंड न्यूज चैनल। उत्तराखंड शासन, पासपास पल्स, मदर्स प्राइड, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, आदित्य बिरला टैनफैक, ब्रिडकुल, अमरउजाला डॉट कॉम, फिरकी डॉट इन, माय रिजल्ट प्लस, अमर उजाला काव्य और अमर उजाला टीवी इस आयोजन के एसोसिएट पार्टनर्स रहे। टूव्हीलर पार्टनर थे यूएम। आउटडोर पार्टनर AUTDoors और ट्रैवल पार्टनर रहे GTS.