अमर उजाला पोलः 79.41 फीसदी जनता ने माना नोट बैन से कालेधन पर लगेगी लगाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार द्वारा आनन फानन में 500 और एक हजार के नोट को बैन करने के फैसले के बाद बेशक हर तरफ अफरातफरी का माहौल है, लोगों को लाख परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है फिर भी उनका मानना है कि सरकार का यह निर्णय सही है। लोग यह भी मानते हैं कि सरकार के इस निर्णय से कालेधन पर निर्णायक चोट हो सकेगी।
अमर उजाला डॉटकॉम द्वारा करवाए गए ऑनलाइन पोल में लोगों ने जबरदस्त भागेदारी दिखाते हुए इस ज्वलंत मुद्दे पर अपनी राय रखी। इस मुद्दे पर पोल के प्रति लोगों के उत्साह का आलम ये रहा कि पहली बार हमें वोटिंग दो दिन तक जारी रखनी पड़ी। इसके परिणाम भी देखने को मिले जब 43 हजार से ज्यादा लोगों ने इस पर अपनी राय रखी।
इस मुद्दे पर लोगों की सक्रियता से इस बात का भी आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे जरूरी मुद्दों के बाद भी भ्रष्टाचार और कालेधन का मुद्दा काफी अहम है। तो चलिए आपको बताते हैं पोल के परिणामों के बारे में।
पोल में कुल 43433 लोगों ने रखी अपनी राय
अमर उजाला डॉटकॉम की ओर से "क्या 500 और 1000 के नोट बंद करने से काले धन पर लगाम लगेगी?" शीर्षक से बुधवार को सवाल पूछा गया था। जिसके जवाब में हां, नहीं और कह नहीं सकते के रूप में तीन विकल्प दिए गए थे। शुक्रवार शाम छह बजे तक इस मुद्दे पर कुल 43433 लोगों ने अपनी राय रखी।
पोल के जो परिणाम आए वो सरकार के लिए उत्साह बढ़ाने वाले हैं। इस मुद्दे पर सरकार के रुख का समर्थन करते हुए आश्चर्यजनक रूप से 79.41 फीसदी लोगों ने 'हां' के पक्ष में वोट किया। यानि कुल 34489 लोगों ने इसके समर्थन में वोट किया। वहीं इसके खिलाफ वोट करने वाले मात्र 16.68 फीसदी लोग रहे।
जिन्होंने 'नहीं' के पक्ष में वोट किया। यानि कुल 7246 लोग ऐसे भी थे जो सरकार के इस निर्णय से सहमत नहीं दिखे। वहीं 3.91 फीसदी यानि 1698 लोग ऐसे भी थे जो इस मुद्दे पर अपनी कोई राय नहीं बना सके। उन्होंने तीसरे विकल्प यानि 'कह नहीं सकते' पर वोट किया।