भारत दौरे पर अफगानिस्तान के राष्ट्रपति, आतंकवाद और सुरक्षा पर होगी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रत्यर्पण संधि पर बुधवार को सहमति की मुहर लग जाएगी। द्विपक्षीय वार्ता के लिए बुधवार को भारत पहुंच रहे अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
वार्ता के बाद प्रत्यर्पण संधि सहित दोनों देशों के बीच रक्षा सौदा करार पर मुहर लगने की उम्मीद है। मोदी-गनी की मुलाकात में आतंकवाद और अफगानिस्तान की सुरक्षा पर व्यापक बातचीत होगी। गौरतलब है कि कैबिनेट ने बीते दिनों दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि पर सहमति की मुहर लगाई है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक प्रत्यर्पण संधि और हथियार सौदे पर दोनों देशों के बीच पहले ही सहमति बन चुकी है।
आतंकवाद के मुद्दे पर होगी बात
गनी और मोदी के बीच बातचीत का मुख्य मुद्दा आतंकवाद और अफगानिस्तान की सुरक्षा होगा। इसके अलावा भारत की ओर से अफगानिस्तान को विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में और मदद दिए जाने की घोषणा की जाएगी।
गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी ने अपने भारत दौरे में पीएम मोदी के साथ अफगानिस्तान की सुरक्षा पर व्यापक बातचीत की थी। अमेरिका ने अफगानिस्तान में शांति बहाली की दिशा में भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए आतंकवाद से मुकाबले के लिए एक साथ आगे बढ़ने की बात की थी।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि गनी इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी से अपने सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण मुहैया कराने की अपील कर सकते हैं।