बर्क के बयान से बखेड़ा : क्या तालिबान का नाम लेकर यूपी के चुनाव मैदान में उतरेगी समाजवादी पार्टी !
तालिबान के समर्थन में सपा नेताओं के बयानों से सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस व भाजपा जहां मामले में हमले बोल रही हैं, वहीं सपा ने चुप्पी साध रखी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चौबीस घंटे से भी ज्यादा का वक्त हो गया है, लेकिन सपा सांसद डॉक्टर शफीकुर रहमान बर्क के तालिबान के समर्थन वाले बयान पर पार्टी ने कोई एक्शन नहीं लिया है। कार्रवाई तो दूर की बात पार्टी का कहना है इस मसले पर अभी तक सांसद से कोई बात भी नहीं हुई है। जबकि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ प्रदेश के कई बड़े नेताओं की बुधवार शाम को एक अहम बैठक भी हुई। उधर, भाजपा से लेकर कांग्रेस तक ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर ले लिया है। इन दलों का कहना है कि अब सपा तालिबान की हिमायती बनते हुए उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
इनके जेहन में जेहाद : सुब्रत पाठक
तालिबानियों को अपने देश को आजाद कराने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बता कर सपा सांसद बर्क ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया। सांसद के बयान से सियासी पारा चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के जवाबी हमले समाजवादी पार्टी पर बढ़ने लगे हैं। कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक कहते हैं उत्तर प्रदेश के समाजवादी सांसद का तालिबान समर्थन बताता है कि उनकी और इन्हें सांसद बनाने वालों की मानसिकता क्या है। पाठक ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा जिनके जेहन में ही जेहाद है ऐसे सभी लोग न सिर्फ मानवता के दुश्मन हैं बल्कि देश के भी दुश्मन हैं।
पाठक कहते हैं समाजवादी पार्टी के सांसद ने यह कहकर जता दिया कि आने वाले चुनाव में सपा तालिबान के समर्थन में बयान देकर एक विशेष तबके का वोट पाना चाहती है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले ही हथियार डाल चुकी है। उसको पता है कि भाजपा के विकास के कार्यों के आगे सपा के पास कोई भी मुद्दा बचा ही नहीं है। इसीलिए आप समाजवादी पार्टी अपने नेताओं को आगे कर तालिबान का समर्थन कर रही है।
सपा से बेदखल करें : आचार्य प्रमोद
कांग्रेस के नेता आचार्य प्रमोद कहते हैं कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की तालिबान समर्थन की मानसिकता बताती है कि वह इस चुनाव में क्या लेकर मैदान में आ रहे हैं। आचार्य प्रमोद ने समाजवादी पार्टी मुखिया से ऐसे नेताओं को पार्टी से बेदखल करने की मांग भी की।
सांसद बर्क से बात की जाएगी : राजेंद्र चौधरी
उधर, सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि अभी उनकी इस मामले में सांसद बर्क से कोई बात नहीं हुई है। उनसे बात की जाएगी और ये जाना जाएगा कि उन्होंने किस संदर्भ में यह बात सामने रखी थी। पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बुधवार की शाम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ बैठक तो हुई लेकिन इस मुद्दे पर विशेष बात नहीं की। चौधरी कहते हैं कि भाजपा के पास जब कोई मुद्दा नहीं बचता है तो सपा के हर बयान को लेकर राजनीति पर आमादा हो जाते हैं। कुछ दिन ही बाकी हैं बहुत जल्दी उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई होने वाली है।