ढीली पड़ी पाक की अकड़, अब्दुल बासित बोले- भारत से बिना शर्त बातचीत को तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीमा पर जारी भारी गोलाबारी के बीच भारत के कड़े प्रहार से पाकिस्तान की अकड़ अब टूटती दिख रही है यही कारण है कि भारत में मौजूद उनके उच्चायुक्त ने बयान दिया है कि हम बिना शर्त भारत से बातचीत के लिए तैयार हैं।
जबकि पूर्व में पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत के दौरान कोई न कोई शर्त लगाकर जानबूझकर वार्ता को पटरी से उतारता रहा है लेकिन इस बार उसके रुख में बड़ा बदलाव आया है। पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने यह बयान निजी टीवी चैनल आजतक से बातचीत के दौरान दिया।
बातचीत के दौरान बासित ने कहा कि 'उनका देश भारत के साथ किसी भी समय बिना शर्त बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि बासित ने दावा किया उनका शुरू से ही यह रुख रहा है। उनका देश भारत के साथ बातचीत के द्वारा ही रिश्ते सुधारने की दशा में आगे बढ़ना चाहता है।'
भारी गोलाबारी से टूटा पाकिस्तान का हौसला
बता दें कि इससे पहले कई बार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली बातचीत पडोसी मुल्क के अडियल रुख के कारण बेपटरी होती रही है। पूर्व में कई बार पाकिस्तान कश्मीर के अलगाववादी दलों को बातचीत में शामिल करने की जिद करता रहा है।
आखिरी बातचीत से पहले खुद पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कश्मीरी अलगाववादियों को वार्ता के लिए दिल्ली आने का न्यौता दे दिया था जिसके बाद भड़के भारत ने तुरंत वार्ता रद कर दी थी। उसके बाद से ही बातचीत की गाड़ी ठंडी पड़ी हुई थी इसी बीच बार्डर पर जारी गोलाबारी ने हालात और बिगाड़ दिए।
कुछ दिन पूर्व ही पाक प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार और पूर्व एनएसए रहे सरताज अजीज ने भारत से बातचीत के बीच कश्मीर को मुद्दा बनाने का बयान दिया था। अजीज का दावा था कि उनका देश किसी भी सूरत में भारत के वर्चस्व को स्वीकार नहीं करेगा।
सरताज अजीज भी दे चुके हैं बातचीत में कश्मीर को शामिल करने का बयान
अजीज ने आगे कहा ‘पाकिस्तान कश्मीरियों के आत्मनिर्णय के अधिकारों को समर्थन देना जारी रखेगा, जो पूरी तरह से स्वदेशी और कश्मीरी युवाओं के नेतृत्व में है। हम अंतरराष्ट्रीय और द्विपक्षीय मंचों पर कश्मीरियों को अपना राजनैतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देना जारी रखेंगे।’
इसके अलावा हाल ही में लखनऊ में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित भी अपने शीर्ष नेतृत्व की हां में हां मिलाते दिखे थे। उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर के बिना भारत पाक रिश्ते सामान्य नहीं हो सकते। पखवाड़ेभर बाद ही उनके बदले बदले बयानों से साफ है कि सीमा पर लगातार हो रही कार्रवाई से पडोसी मुल्क को गहरे जख्म लगने शुरू हो गए हैं जिससे उसकी अकड़ भी ढीली पड़ती जा रही है।