'देश के 25 करोड़ मुसलमान ही पाक को मिटाने के लिए काफी'
'देश के 25 करोड़ मुसलमान ही पाक को मिटाने के लिए काफी हैं'। पाक का जिस तरह का रवैया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऑल इंडिया इमाम आर्गनाइजेशन के अध्यक्ष डॉ उमैद अहमद इलियासी ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में तीन तलाक को गलत बताया। उन्होंने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की वकालत की है।
राम मंदिर मुद्दे पर कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का सुझाव सराहनीय है। इसके लिए पहल की जानी चाहिए। इलियासी ने कहा, पाकिस्तान ने जिस तरह देश के जवानों के साथ बर्ताव किया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। पाक को मुंहतोड़ जवाब देने का वक्त आ गया है। कश्मीर में सैनिकों पर पत्थर मारने की घटनाओं को दुखद बताया। कहा, जिन बच्चों के हाथों में पत्थर पकड़ाए गए हैं, उन हाथों में कलम होनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अलगाववादी पाकिस्तान चले जाएं। देश में रहकर अलगाववाद न फैलाएं। तीन तलाक के मसले पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि तलाक के नाम पर औरतों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार ने पहल की है, हमें भी सोचना चाहिए। इसके लिए जुलाई के पहले सप्ताह में इमामों की बैठक बुलाई है। जिसमें इस बाबत निर्णय लिया जाएगा।
यह भी पढ़ेें- अब पाकिस्तान के बुरे दिन शुरू, 'नापाक' हरकतों का अंजाम भुगतने को तैयार रहे
मुख्य इमाम ने राममंदिर पर भी अपनी बात रखी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की सराहना की और कहा कि मामले को हल करने के लिए दोनों पक्षों के धर्मगुरुओं को आपस में चर्चा करनी चाहिए। आस्था और इबादत का तरीका भले ही अलग है, लेकिन भारतीयता सर्वोपरि है। डॉ. इलियास ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने और गोहत्या पर कड़े कानून बनाने की वकालत की। साथ ही कहा कि स्लाटरहाउस बंद होने से बेरोजगार लोगों की मदद की जानी चाहिए। अजान मसले पर भी बोले। कहा कि अजान ईश्वर की तारीफ के लिए है। इससे अनजान लोग ही इसकी मुखालफत करते हैं।
इसके अलावा डॉ.उमैर अहमद इलियासी ने भारतीयता की मजबूती के लिए धर्म गुरुओं की कमेटी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे लोकेश मुनि, श्रीश्री रविशंकर, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। सर्वधर्म गुरुओं की कमेटी बनने से देश में आपसी भाईचारा मजबूत होगा।
इलियासी ने की हनुमान जी की आरती
डॉ.उमैर अहमद इलियासी ने सर्वधर्म समभाव की एक मिसाल पेश करते हुए शनिवार को बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में आरती की। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि से मुलाकात के दौरान उन्होंने आरती करने की इच्छा जताई, जिसे महंत नरेंद्र गिरि ने स्वीकार किया।
महंत नरेंद्र गिरि ने डॉ. इलियासी के प्रयास की सराहना की और कहा कि देश को विश्व गुरु बनाने के प्रयास में सभी को सहभागिता करनी होगी। बड़े हनुमान मंदिर से वे अंदावा स्थित ऋषभ देव तपस्थली पहुंचे। विमल जैन से भेंट की और महाआरती में शामिल हुए। डायोसिस ऑफ लखनऊ के बिशप पीटर बलदेव से मुलाकात के बाद मदरसा सैयद सरांवा स्थित मदरसा पहुंचे और अबू मियां से मिले।
गुरुद्वारा खुल्दाबाद में गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, रोशन बाग स्थित बड़ी मीनार मस्जिद और चौक स्थित जामामस्जिद पहुंच कर कारी मकबूल से मुलाकात की। सौहार्द यात्रा का संयोजन संयोजक इसरार उल्ला ने किया। इस अवसर पर आचार्य शांतुन, पवन श्रीवास्तव, सुरेश श्रीवास्तव, अमित आलोक पांडेय आदि उपस्थित रहे।