{"_id":"667be90bec0f3bbb3a0dcbad","slug":"15-students-beaten-up-by-seniors-in-arunachal-school-hostel-five-suspended-2024-06-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Arunachal: नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में बुरी तरह पीटे गए आठवीं कक्षा के छात्र, पांच सीनियर विद्यार्थी निलंबित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Arunachal: नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में बुरी तरह पीटे गए आठवीं कक्षा के छात्र, पांच सीनियर विद्यार्थी निलंबित
Wed, 26 Jun 2024 03:40 PM IST
मिथिलेश नौटियाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ईटानगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ईटानगर
Published by: मिथिलेश नौटियाल
Updated Wed, 26 Jun 2024 03:40 PM IST
सार
Arunachal Pradesh: बोर्डुम्सा जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रावास में ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों द्वारा आठवीं कक्षा के छात्रों को डंडों से पीटा गया। हमले में घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
छात्र (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : ANI
विस्तार
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के बोर्डुम्सा जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के छात्रावास में आठवीं कक्षा के 15 छात्रों को सीनियर छात्रों द्वारा बुरी तरह से पीटा गया है। स्थानीय पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन का कहना है कि इस मामले में शामिल पांच सीनियर छात्रों को विद्यालय से निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस में भी शिकायत दर्ज की गई है। बताया गया है कि छात्रावास में ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों द्वारा आठवीं कक्षा के छात्रों को डंडों से पीटा गया। हमले में घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस जाने दिया गया।
विज्ञापन
आरोपी छात्रों पर कड़ी कार्रवाई- प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य राजीव रंजन ने इस मामले में एक बैठक की और आरोपी छात्रों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में यह पाया गया कि पांच छात्रों ने आठवीं कक्षा के छात्रों को बुरी तरह से पीटा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
विज्ञापन
पीड़ित छात्रों से बात करेगी पुलिस
चांगलांग जिले के पुलिस आयुक्त किर्ली पादू का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इसके अलावा पुलिस पीड़ित छात्रों से भी बातचीत करेगी। उन्होंने पीड़ित छात्रों के परिजनों को आश्वासन दिया है कि आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
झगड़े के कारणों का पता लगाया जाएगा
उधर प्रधानाचार्य राजीव रंजन का कहना है कि इस मामले में शामिल छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा इस झगड़े के कारणों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय प्रशासन पीड़ित छात्रों के परिजनों से बातचीत कर रहा है। प्रधानाचार्य राजीव रंजन ने कहा ‘छात्रों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। छात्रों की स्वास्थ्य जांच उनके परिजनों द्वारा कराई गई है। अभिभावक-शिक्षक बैठक में ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों के परिजनों से बातचीत की जाएगी।’ राजीव रंजन के अनुसार इस मामले में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।