Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम, कल से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; जानें अपडेट
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में 4 से 8 अक्तूबर तक लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान है। 5 से 7 अक्तूबर के दौरान बारिश की अधिक गतिविधि होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 6 अक्तूबर को होगी। जानें विस्तार से...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शनिवार से मौसम बदलेगा। पांच और छह अक्तूबर को कई क्षेत्रों में भारी बारिश और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से सात अक्तूबर को बर्फबारी के आसार हैं। नौ तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान कम होने से सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहा। हमीरपुर के कुछ इलाकों के अलावा प्रदेश के कुछ स्थानों पर वीरवार रात बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 4 से 8 अक्तूबर तक लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान है। 5 से 7 अक्तूबर के दौरान बारिश की अधिक गतिविधि होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 6 अक्तूबर को होगी। एक-दो स्थानों पर 4 से 7 अक्तूबर के दौरान गरज के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है। विज्ञान केंद्र के अनुसार 4 और 7 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 7 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं 5 और 6 अक्तूबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी।
इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 अक्तूबर के लिए येलो अलर्ट है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। 9 अक्तूबर तक कुछ भागों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 5 अक्तूबर को ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, चोटियों पर बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 6 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 7 अक्तूबर को सोलन, सिरमौर और कांगड़ा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 5 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। इसी तरह 6 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि येलो अलर्ट है।
आगामी 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। वीरवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 14.2, सुंदरनगर में 19.4, भुंतर में 16.9, कल्पा में 8.0, धर्मशाला में 16.6, ऊना में 19.4, नाहन में 18.8, पालमपुर में 15.0, सोलन में 16.2, मनाली में 13.5, कांगड़ा में 19.1, मंडी में 20.5, बिलासपुर में 22.4, हमीरपुर में 21.8, कुफरी में 11.7, कुकुमसेरी में 6.7, नारकंडा में 9.3, भरमाैर में 12.0, रिकांगपिओ में 12.7, पांवटा साहिब में 23.0 और ताबो में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी संभावित बारिश पूर्वानुमान के अनुसार पोस्ट मानसून सीजन (अक्तूबर से दिसंबर) के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। अक्तूबर में अधिकांश भागों में सामान्य, सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। निचले पहाड़ी क्षेत्रों (सोलन, सिरमौर और शिमला के कुछ हिस्सों) को छोड़कर अन्य में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।