पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती थीम पर मनाएंगे गणतंत्र दिवस : डीसी
ऊना। उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि 26 जनवरी को जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के मैदान में होगा। मुख्यातिथि सुबह 10.45 बजे एमसी पार्क ऊना में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत ठीक 11 बजे समारोह स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। इसके उपरांत परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी लेंगे और जिलावासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह के दौरान पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती थीम पर आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त राघव शर्मा शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में बुलाई बैठक को संबोधित कर रहे थे। राघव शर्मा ने कहा कि पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती थीम पर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार परेड में आईआरबी बनगढ़ पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट एंड गाइड के दल परेड में शामिल होंगे तथा स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, बागवानी तथा आईसीडीएस विभाग की झांकियां निकाली जाएंगी। परेड की रिहर्सल 23 जनवरी से शुरू होगी। उपायुक्त ने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में टाउन हॉल में समारोह मनाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। राघव शर्मा ने कहा कि समारोह के दौरान कोविड दिशानिर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा। गेट पर आगंतुकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी तथा बिना मास्क के आने वाले व्यक्तियों को मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे साथ ही उनकी सैनिटाइजेशन की जाएगी। बैठने की व्यवस्था के दौरान भी कोविड दिशानिर्देशों का ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ अमित कुमार शर्मा, एसडीएम ऊना डॉ सुरेश जसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।