नारी (ऊना)। रक्कड़ कॉलोनी में रहने वाली ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा आभा ने अपनी प्रतिभा से जिले का नाम देशभर में रोशन किया है। आभा ने राष्ट्रीय प्रतिभा खोज (एनटीएसई) परीक्षा की मेरिट में स्थान हासिल करने में सफलता हासिल किया है। आभा की इस उपलब्धि से उसके अभिभावकों, अध्यापकों में खुशी का माहौल है।
बताया जा रहा कि इस परीक्षा के प्रथम चरण में हिमाचल से 51 विद्यार्थी सफल हुए और दूसरे चरण में राष्ट्रीय स्तर पर सफल हुए दो हजार बच्चों में आभा का नाम भी शामिल है। आभा ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दिया। आभा का कहना है कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती है। वह इस समय ग्यारहवीं कक्षा में मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। आभा के पिता गगन कुमार भौतिकी के प्रवक्ता हैं। वहीं, उसकी माता गृहिणी हैं।